देश के अधिकांश हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी पड़ गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, फिलहाल भारी बारिश मुख्य रूप से उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर राज्यों तक सीमित है। उत्तराखंड के लिए IMD ने भारी से बहुत भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। लगातार बारिश के चलते उत्तराखंड में तीन राष्ट्रीय राजमार्गों सहित 120 सड़कें बंद हैं। बिहार के पटना समेत 19 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट है। हरियाणा में नदियां उफान पर हैं, जिससे मैदानी इलाकों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। हिमाचल की पहाड़ियों से आ रहे पानी के चलते यमुना और मारकंडा नदी का जलस्तर बढ़ गया है, जिसकी वजह से गांवों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। अगले 6-7 दिनों में उत्तर-पश्चिम, पश्चिम-मध्य और दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत के मैदानी इलाकों में बारिश कम होने की संभावना है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मानसून ब्रेक पूरी तरह सामान्य और अस्थायी स्थिति है। जैसे ही बंगाल की खाड़ी या अन्य क्षेत्रों में नया मानसूनी सिस्टम सक्रिय होगा, बारिश की गतिविधियां फिर तेज हो सकती हैं। फिलहाल अगले कई दिनों तक लोगों को तेज धूप, बढ़ते तापमान और उमस से राहत मिलने की संभावना कम है। देशभर से मौसम की तस्वीरें… देशभर के मौसम के बारे में जानने के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…
