हरियाणा के गुरुग्राम में एक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) इंजीनियर ने अपनी गर्लफ्रेंड की हत्या कर खुद भी सुसाइड कर लिया। युवक का शव रेलवे ट्रैक पर दो टुकड़ों में पड़ा मिला। इसका खुलासा तब हुआ जब युवती के कॉल रिसीव नहीं करने पर उसके परिवार वालों ने मामले की जानकारी सेक्टर-56 थाना पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस परिवार की ओर से बताए गए एड्रेस सेक्टर-55 में पहुंची, जहां युवती किराए पर रहती थी। कमरे का दरवाजा खोला तो अंदर उसका खून से लथपथ शव पड़ा था। चाकू से गोदकर उसकी हत्या की गई थी। पुलिस मामले की जांच कर रही थी कि रेलवे ट्रैक पर उसके बॉयफ्रेंड का शव मिलने की जानकारी मिली। इसके बाद पता चला कि युवक ने पहले युवती की हत्या की और फिर खुद भी सुसाइड कर लिया। मृतक युवक की पहचान 25 वर्षीय श्रेष्ठ मलिक निवासी छत्तीसगढ़ के रूप में हुई। युवती इशाका थी, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के सीतापुर के शेखसराय की रहने वाली थी। तीन दिन पहले ही वह युवक के साथ रहने उसके रुम में शिफ्ट हुई थी। उधर, गुरुग्राम पहुंचे इंजीनियर के पिता ने बताया कि श्रेष्ठ ने कल अपने भाई को फोन किया था। उसने बताया था कि एक लड़की उसे धमकी देकर गई है। लड़की कौन थी, ये नहीं बताया था। कहना था कि उनका बेटा किसी की हत्या नहीं कर सकता। मामले की निष्पक्षता से जांच होनी चाहिए। यहां सिलसिलेवार ढंग से जानिए पूरा मामला… इंजीनियर के पिता बोले- लड़की धमकी देकर गई थी उधर, गुरुग्राम पहुंचे मृतक श्रेष्ठ मालिक के पिता दीपक मलिक ने बताया कि उसके बेटे ने किसी लड़की के बारे में कभी कुछ नहीं बताया। वे तो ये भी नहीं जानते कि यह लड़की कौन है। हालांकि, कल यानि 11 जुलाई को वारदात से पहले श्रेष्ठ ने अपने भाई को कॉल पर बताया था कि एक लड़की उसे धमकी देकर गई है। अब कौन लड़की थी, ये भाई को भी नहीं बताया। उनका कहना है कि हमारा बेटा यहां नौकरी करने आया था। वह किसी की हत्या नहीं कर सकता। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। एक ही कंपनी में जॉब, तीन दिन से साथ रह रहे थे दोनों सेक्टर-56 थाना के एसएचओ मनोज कुमार ने बताया कि पुलिस को शुरुआती जानकारी मिली है कि युवक श्रेष्ठ और युवती इशाका एक ही कंपनी ऑप्टम ग्लोबल सॉल्यूशन सेक्टर-59 में जॉब करते थे। युवती तीन दिन पहले सेक्टर 57 से अपना रूम खाली करके श्रेष्ठ के सेक्टर-55 स्थित क्लाउड नाइन नाम के पीजी स्थित उसके रुम में शिफ्ट हो गई थी। हमने युवती के परिजनों को सूचना भिजवा दी है। युवक के परिवार वालों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। दोनों की कॉल डिटेल और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी भी खंगाले जा रहे है, ताकि पूरे घटनाक्रम का पता चल सके। ———————– ये खबर भी पढ़ें…. फरीदाबाद में युवक-युवती नहर में कूदे:कार में सवार होकर पहुंचे, दोनों के बीच हुई कहासुनी, गाड़ी पर लगा हरियाणा पुलिस का स्टीकर
फरीदाबाद के बीपीटीपी थाना क्षेत्र में सेक्टर-75 स्थित आगरा नहर में शनिवार शाम एक युवक और एक युवती के नहर में कूदने की सूचना से इलाके में हड़कंप मच गया। जिस कार से दोनों मौके पर पहुंचे थे, उसके ऊपर हरियाणा पुलिस का स्टीकर लगा हुआ था। (पूरी खबर पढ़ें)
