केंद्र सरकार ने राष्ट्रगान जन-गण-मन और राष्ट्रगीत वंदे मातरम् को लेकर सभी राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और केंद्रीय मंत्रालयों को नए निर्देश जारी किए हैं। मंत्रालय ने कहा है कि नियमों में पहले से तय है कि किन कार्यक्रमों में दोनों को गाना या बजाना जरूरी है। मंत्रालय ने कहा कि अगर दोनों की एक साथ प्रस्तुति होती है तो पहले वंदे और फिर जन-गण-मन होगा। जिन राज्यों में राज्य गीत भी होता है, वहां भी तय क्रम का पालन करना होगा। 9 जुलाई को सभी राज्यों और मंत्रालयों को पत्र भेजा गया, जिसकी जानकारी शुक्रवार को सामने आई है। सभी राज्यों को निर्देश दिया गया है कि राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत के मूल शब्द, सही उच्चारण और तय प्रस्तुति का पूरी तरह पालन हो। दोनों का आधिकारिक पाठ और सही उच्चारण मंत्रालय की वेबसाइट पर उपलब्ध कराया गया है, ताकि कोई गलती न हो। 28 जनवरी को पहली बार आदेश आया इससे पहले 28 जनवरी को भी सरकार ने सभी राज्यों को यही आदेश जारी किया था। इसमें कहा गया था कि सभी स्कूलों में दिन की शुरुआत में राष्ट्रगीत बजाया जाएगा। साथ ही वंदे मातरम् के दौरान हर व्यक्ति को खड़ा होना पड़ेगा। राष्ट्रगीत के सभी 6 अंतरे गाए जाएंगे, जिनकी कुल अवधि 3 मिनट 10 सेकेंड है। पहले दो अंतरे ही गाए जाते थे।
