छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर की श्रीमद्भागवत कथा चल रही है। 8 जुलाई को निकाली गई कलश यात्रा में चेन चोरों ने महिला श्रद्धालुओं को निशाना बनाया। भीड़ का फायदा उठाकर चोरों ने कम से कम 5 महिलाओं के गले से सोने की चेन चुरा ली। पीड़ित महिलाओं में संजय नगर निवासी ओमकुमारी वर्मा, अर्चना गुप्ता, सरस्वती अग्रवाल, लक्ष्मी यदु और बासन साहू शामिल हैं। सभी महिलाएं पुरानी बस्ती स्थित श्री महामाया मंदिर से इंडोर स्टेडियम तक निकली कलश यात्रा में शामिल हुई थीं। पीड़िता ओमकुमारी वर्मा का कहना है कि इन वारदातों के पीछे महिला गैंग का हाथ है। वहीं, अब मामले में सिटी कोतवाली थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। VIDEO बना रही थी, तभी किसी ने गले पर हाथ लगाया पीड़िता ओमकुमारी वर्मा ने बताया कि वह कलश यात्रा में शामिल होने श्री महामाया मंदिर गई थीं। महाराज के स्वागत के दौरान वह मोबाइल से वीडियो बना रही थीं, तभी उन्हें महसूस हुआ कि पीछे खड़ी किसी महिला ने उनके गले के पास हाथ लगाया। कुछ देर बाद जब उन्होंने मोबाइल से सेल्फी ली, तब फोटो में उनके गले में केवल तुलसी और रुद्राक्ष की माला दिखाई दी, जबकि सोने की चेन गायब थी। 17.5 ग्राम की थी सोने की चेन ओमकुमारी वर्मा ने बताया कि चोरी हुई सोने की चेन का वजन करीब 17.5 ग्राम था, जिसकी मौजूदा कीमत 2 लाख रुपए से ज्यादा है। घटना के बाद वह पहले पुरानी बस्ती थाने पहुंचीं, लेकिन वहां से उन्हें सिटी कोतवाली थाना भेज दिया गया। इसके बाद उन्होंने वहां FIR दर्ज कराई। थाने पहुंची तो पता चला कई महिलाएं हो चुकी हैं शिकार पीड़िता ने बताया कि जब वह शिकायत दर्ज कराने थाने पहुंचीं तो पुलिसकर्मियों ने उनसे पूछा, “क्या आपकी भी चेन चोरी हो गई है?” इस पर उन्होंने आश्चर्य जताते हुए पूछा कि पुलिस को कैसे पता। पुलिस ने बताया कि उनसे पहले भी कई महिलाएं चेन चोरी की शिकायत दर्ज कराने थाने पहुंच चुकी थीं। महिला गिरोह पर जताया शक पीड़िता का कहना है कि कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल थीं। ऐसे में उन्हें आशंका है कि महिला चोरों का कोई गिरोह भीड़ में सक्रिय था। उन्होंने बताया कि आयोजन के दौरान कई अन्य महिलाओं ने भी अपने जेवर और सामान चोरी होने की शिकायत की। CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस सिटी कोतवाली थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस कलश यात्रा मार्ग पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्ध लोगों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। साथ ही चेन चोरी की अन्य शिकायतों की भी जांच की जा रही है। ………………… देवकीनंदन ठाकुर से जुड़ी यह खबर भी पढ़िए… राम मंदिर चढ़ावा चोरी, देवकीनंदन बोले- चोर बचना नहीं चाहिए: भगवान के धन में गड़बड़ी बड़ा अपराध; रायपुर में कथा में बिना तिलक एंट्री नहीं राजधानी रायपुर में कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर ने अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में बयान दिया है। उन्होंने कहा कि जो भी चोर होगा, वह बचना नहीं चाहिए। उन्होंने अपनी कथा में ‘नो तिलक, नो एंट्री’ की बात कही। पढ़ें पूरी खबर…
