नक्सलियों के मामले वापस, निर्दोष आदिवासियों की रिहाई की मांग:विधायक विक्रम मंडावी से परिजनों ने की मुलाकात, बोले- नक्सल मामलों की हो समीक्षा

बीजापुर में नक्सल संबंधी मामलों में जेलों में बंद निर्दोष आदिवासी ग्रामीणों की रिहाई की मांग को लेकर गुरुवार को परिजनों ने विधायक विक्रम मंडावी से मुलाकात की। परिजनों ने कहा कि कई निर्दोष ग्रामीण वर्षों से जेलों में बंद हैं और उनके मामलों की निष्पक्ष समीक्षा कर रिहाई सुनिश्चित की जानी चाहिए। ग्रामीणों ने तर्क दिया कि जिस तरह आत्मसमर्पण करने वाले हार्डकोर नक्सलियों के खिलाफ दर्ज मामलों को वापस लिया गया है, उसी तर्ज पर निर्दोष आदिवासियों के मामलों की भी समीक्षा कर उन्हें न्याय दिया जाना चाहिए। इस बैठक के दौरान परिजनों ने 20 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल का गठन किया। यह प्रतिनिधिमंडल जल्द ही मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, गृह मंत्री विजय शर्मा और नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत से मुलाकात कर अपनी मांग रखेगा। विधायक विक्रम मंडावी ने एक प्रेसवार्ता में कहा कि आदिवासी समाज का एक बड़ा वर्ग कानूनी प्रक्रियाओं से अनभिज्ञ होने के कारण वर्षों तक अदालतों के चक्कर काटता रहता है। उन्होंने राज्य सरकार से बस्तर संभाग में नक्सल संबंधी मामलों में बंद निर्दोष आदिवासियों के प्रकरणों की विशेष समीक्षा कर उचित कार्रवाई करने की अपील की। बैठक के बाद ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर बीजापुर को एक ज्ञापन भी सौंपा। इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष लालू राठौर, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शंकर कुड़ियम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

More From Author

स्पेन के खिलाफ कोई टीम गोल नहीं कर सकी:क्वार्टर फाइनल में बेल्जियम से मुकाबला; फुटबॉल वर्ल्ड कप में तीसरी बार आमने-सामने

जमीन विवाद में रिटायर्ड SECL कर्मी पर कुल्हाड़ी से हमला:मरवाही में चार रिश्तेदारों के खिलाफ मामला दर्ज

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *