बलौदाबाजार के पलारी थाना क्षेत्र में नगर पंचायत पलारी के नहर पार स्थित वार्ड नंबर 15 में एक सूने मकान में चोरी की वारदात हुई है। यह मकान CISF (केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल) के सेवानिवृत्त सब-इंस्पेक्टर तीज राम ध्रुव का है। चोरों ने लगभग 5 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चुरा ली। चोरों ने पहले दोपहर में घर की रेकी की और फिर रात में वारदात को अंजाम दिया। चोरी के बाद वे घर का ताला भी अपने साथ ले गए, ताकि कोई सबूत न बचे। तीज राम ध्रुव ने बताया कि वे शुक्रवार दोपहर अपने गांव धमनी से पलारी लौटे थे। उस समय घर में सब कुछ सही-सलामत था – दरवाजे बंद थे और अलमारी अपनी जगह थी। उन्होंने निरीक्षण किया और शाम को वापस गांव चले गए। लेकिन अगली सुबह (शनिवार) तड़के काम वाली बाई ने उन्हें फोन कर बताया कि घर का ताला टूटा हुआ है, सामान बिखरा पड़ा है और अलमारी पूरी तरह खाली है। मौके पर पहुंचने पर तीज राम ध्रुव ने पाया कि उनकी जीवन भर की जमापंजी गायब हो चुकी थी। पुलिस और साइबर की टीम मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है ताकि चोरों का पता लगाया जा सके। पुलिस का अनुमान है कि चोर ने पहले घर की रेकी की होगी, क्योंकि बुजुर्ग दंपती पिछले तीन दिनों से गांव गए हुए थे और घर पर ताला लगा हुआ था। रेकी के बाद रात में दिया वारदात को अंजाम जानकारी के अनुसार, बुजुर्ग जब शुक्रवार दोपहर घर लौटकर फिर से गांव गए थे, तब सब कुछ ठीक था। आशंका है कि चोर ने उनकी गतिविधियों पर नजर रखी होगी और रात में मौका पाकर चोरी की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया। पुलिस का मानना है कि आरोपी काफी शातिर और पेशेवर हो सकता है, जिसे पहले से पता था कि घर में बुजुर्ग दंपती रहते हैं और वे अक्सर गांव जाते रहते हैं। स्थानीय लोगों ने भी दिन के समय कुछ संदिग्ध लोगों को इलाके में घूमते हुए देखा था। सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही पुलिस घटना की सूचना मिलते ही एसडीओपी और पलारी थाना प्रभारी परिवेश तिवारी मौके पर पहुंचे और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की। पुलिस ने कुछ संदिग्ध लोगों से पूछताछ भी शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है और यह किसी जानकार व्यक्ति की करतूत लग रही है। उन्होंने कहा कि तकनीकी और स्थानीय साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन के आधार पर जांच कर रही है और जल्द ही चोर के पकड़े जाने की उम्मीद जताई है।
