छत्तीसगढ़- करंट लगने से 5 लोगों की मौत:बिलासपुर में पूर्व सरपंच, 2 बेटों की जान गई, रायपुर में 2 मजदूर चपेट में आए

छत्तीसगढ़ में करंट लगने के दो अलग-अलग हादसों में 5 लोगों की जान गई है। पहली घटना बिलासपुर की है जहां खेत में काम करने गए पूर्व सरपंच समेत परिवार के 3 लोगों की करंट लगने से मौत हो गई। मृतकों में मां और उसके दो बेटे शामिल हैं। हादसा उस समय हुआ जब मां-बेटे खेत में काम कर रहे थे। शाम को जब मृतका के पति खेत पहुंचे, तब हादसे की जानकारी हुई। यह पूरा मामला कोटा थाना क्षेत्र के ग्राम भाड़म का है। पुलिस के मुताबिक, ग्राम भाड़म निवासी पूर्व सरपंच दसन बाई शुक्रवार सुबह अपने खेत में मवेशियों को घुसने से रोकने के लिए मेड़ पर जीआई तार और नायलॉन की रस्सी से घेराबंदी करने गई थीं। उनके साथ बड़ा बेटा विवेक सिंगरौल (23) और छोटा बेटा सत्यव्रत सिंगरौल (14) भी गया था। इसी दौरान खेत में बिछे तार में अचानक करंट दौड़ गया और तीनों उसकी चपेट में आ गए। करंट इतना तेज था कि तीनों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। शुरुआती जांच में मौत की वजह करंट लगना मानी जा रही है, लेकिन खेत में करंट कैसे पहुंचा, यह अब तक साफ नहीं हो सका है। इधर, रायपुर के प्रोफेसर कॉलोनी में शनिवार को मकान की छत पर सोलर पैनल लगाते समय दो मजदूर हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गए। करंट लगने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पुरानी बस्ती पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। मृतकों के नाम प्रमोद चंद्राकर (25) और आशीष चंद्राकर (19) है। बिलासपुर: खेत में मां और 2 बेटों के शव पड़े थे मृतका के पति सीताराम सिंगरौल पेशे से ड्राइवर है, वो काम पर गया था। शाम को घर लौटने पर पत्नी और दोनों बेटे घर में नहीं मिले। पहले उन्होंने आसपास और रिश्तेदारों के यहां तलाश की, लेकिन कहीं पता नहीं चलने पर खेत पहुंचे। वहां पत्नी और दोनों बेटों के शव पड़े मिले। यह दृश्य देखकर वे बदहवास हो गया और तुरंत कोटा पुलिस को सूचना दी। मां को बचाने दौड़े बेटे, एक-एक कर करंट की चपेट में आए शुरुआती जानकारी के मुताबिक, खेत में काम के दौरान सबसे पहले मां करंट की चपेट में आईं। उन्हें बचाने के लिए दोनों बेटे एक-एक कर आगे बढ़े, लेकिन वे भी करंट की चपेट में आ गए। देखते ही देखते मां और दोनों बेटों की मौके पर ही मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को झकझोर दिया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस घटना की जानकारी मिलते ही कोटा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। देर शाम होने की वजह से शवों का पोस्टमॉर्टम उसी दिन नहीं हो सका। शनिवार को तीनों शवों का पोस्टमॉर्टम कराने के बाद परिवारवालों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया। करंट कैसे आया, जांच के बाद होगा खुलासा शुरुआती जांच में मौत की वजह करंट लगना मानी जा रही है, लेकिन खेत में करंट कैसे पहुंचा, यह अब तक साफ नहीं हो सका है। आशंका है कि किसी बिजली तार के संपर्क में आने या तकनीकी गड़बड़ी के कारण जीआई तार में करंट प्रवाहित हुआ होगा। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। रायपुर में 2 मजदूरों की करंट लगने से मौत पुलिस के मुताबिक, तीन मजदूर रायपुर के प्रोफेसर कॉलोनी स्थित एक मकान की छत पर सोलर पैनल लगाने का काम कर रहे थे। इसी दौरान पैनल या उसे उठाने के दौरान इस्तेमाल किया जा रहा उपकरण पास से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गया। तेज करंट लगते ही दो मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। तीसरा मजदूर बाल-बाल बच गया। …………………………. इससे संबंधित यह खबर भी पढ़िए… करैत के काटने से 3 दिन में 6 मौतें: बलरामपुर में खाट पर सो रहे 2 भाइयों को काटा; जशपुर में महिला को डसा सरगुजा जिले में सांप के काटने से 3 लोगों की मौत हो गई। तीनों का अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज जारी था, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। मृतकों में दो सगे भाई और एक महिला शामिल हैं। इसमें दो भाइयों को गुरुवार रात बलरामपुर में करैत ने काट लिया था, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पढ़ें पूरी खबर…

More From Author

पत्नी को कुल्हाड़ी से काटा, फिर लगाई फांसी:बिलासपुर में कमरे में मिली पति-पत्नी की लाश, 2 बच्चों को किया था बंद

एथेनॉल के विरोध पर सरकार बोली- यह जांची-परखी साइंटिफिक प्रोसेस:इसे पेट्रोल में मिलाने की ग्लोबल प्रैक्टिस अपनाई, टॉप एजेंसियां भी टेस्ट कर चुकीं

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *