बद्रीनारायण मीणा (IPS) ने बुधवार को बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक का पदभार ग्रहण किया। उन्होंने सुंदरराज पी. का स्थान लिया है। सुंदरराज पी. अब भारत सरकार में प्रतिनियुक्ति पर राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (ANI) में पुलिस महानिरीक्षक के रूप में नई जिम्मेदारी संभालेंगे।
पदभार ग्रहण समारोह में बस्तर जिले के पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा सहित रेंज के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय, बस्तर रेंज, जगदलपुर में आयोजित कार्यक्रम में सुंदरराज पी. ने बद्रीनारायण मीणा का स्वागत करते हुए उनके सफल और सुरक्षित कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने विश्वास जताया कि बस्तर पुलिस के अधिकारी और कर्मचारी नए IG को भी उसी समर्पण और टीम भावना के साथ सहयोग देंगे, जैसा उन्हें अपने कार्यकाल के दौरान मिला।
अपने संबोधन में सुंदरराज पी. ने बस्तर में अपने कार्यकाल के दौरान मिले सहयोग के लिए शासन, पुलिस मुख्यालय, बस्तर की जनता, पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों, सभी सुरक्षा बलों, नागरिक प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और मीडिया का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि पिछले सालों में मिली हर उपलब्धि सभी संबंधित पक्षों के सामूहिक प्रयास, समर्पण और बेहतर समन्वय का परिणाम रही है। उन्होंने वामपंथी उग्रवाद के खिलाफ अभियान में शहीद हुए पुलिस और सुरक्षा बलों के जवानों, स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और मीडिया कर्मियों को श्रद्धांजलि भी अर्पित की।
साथ ही कहा कि मिशन-2026 के सफल क्रियान्वयन में सभी हितधारकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नए IG बद्रीनारायण मीणा के नेतृत्व में यह अभियान और अधिक गति पकड़ेगा और बस्तर स्थाई शांति, सुरक्षा और समावेशी विकास की दिशा में आगे बढ़ेगा।
नवपदस्थ IG बद्रीनारायण मीणा ने कहा कि पिछले सालों में हुए कार्यों को आगे बढ़ाते हुए सभी हितधारकों के साथ समन्वय बनाकर काम किया जाएगा। उन्होंने बस्तर में शांति, सुरक्षा, विकास और जनविश्वास को और मजबूत बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि बस्तर में स्थाई शांति और समावेशी विकास के लक्ष्य को हासिल करने के लिए पुलिस, प्रशासन और जनता के बीच बेहतर तालमेल के साथ कार्य किया जाएगा।
