जगदलपुर-बीजापुर नेशनल हाईवे-63 पर बंजारी घाटी में हुए सड़क हादसे के बाद ट्रक ड्राइवर ताम्रध्वज साहू उर्फ सोनू (25) ने सुसाइड कर लिया था। इस मामले में पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शी चाचा के बयान और सुसाइड से पहले ड्राइवर के बनाए वीडियो के आधार पर FIR दर्ज की है। प्रत्यक्षदर्शी चाचा का आरोप है कि कार ड्राइवर सागर हेमला ने 1 करोड़ रुपए की मांग की थी और पैसे न देने पर जान से मारने की धमकी दी थी। इसके अलावा रिश्तेदारों और प्रत्यक्षदर्शी ने आरोपी के खिलाफ लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद पुलिस ने सोशल मीडिया वीडियो, डिजिटल सबूतों और गवाहों के आधार पर जांच की और आरोपी कार ड्राइवर को गिरफ्तार किया। प्रताड़ना और धमकी देने के आरोप में ड्राइवर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। मामला गीदम थाना क्षेत्र का है। पहले देखिए ये तस्वीरें- धमकियों से टूट गया था ट्रक ड्राइवर पुलिस जांच के अनुसार, 11 जून को बंजारी घाटी के पास ट्रक और मर्सिडीज कार की टक्कर हुई थी। आरोप है कि हादसे के बाद मर्सिडीज के ड्राइवर सागर हेमला ने ट्रक ड्राइवर ताम्रध्वज साहू के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। कार डैमेज के नाम पर पैसे की मांग की। पैसे नहीं देने पर जान से मारने, परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी गई थी। घटना के बाद ट्रक ड्राइवर मानसिक रूप से बेहद परेशान हो गया और अगले दिन उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुसाइड से पहले उसने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर कई वीडियो भी पोस्ट किए थे, जिनमें उसने अपनी पीड़ा और प्रताड़ना का जिक्र किया था।
जुटाए गए डिजिटल सबूत, फिर हुई गिरफ्तारी पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की। दो दिन पहले ट्रक ड्राइवर ताम्रध्वज के चाचा हेमसिंग सहित अन्य रिश्तेदारों ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस को आवेदन सौंपा। इसके बाद गीदम थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए और सोशल मीडिया पर अपलोड वीडियो, मोबाइल स्क्रीनशॉट सहित अन्य डिजिटल सबूतों की जांच की। पर्याप्त सबूत मिलने पर बीजापुर जिले के गंगालूर निवासी मर्सिडीज ड्राइवर सागर हेमला (42) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। चाचा बोले- पिटाई की और 1 करोड़ मांगे इस मामले के प्रत्यक्षदर्शी और चाचा हेमसिंग ने बताया कि ताम्रध्वज उन्हें अपने साथ लेकर आया था। वे लोग घूमने के लिए आए थे। इसी दौरान बंजारी घाट में सड़क हादसा हो गया। हादसे के बाद कार चालक ने ताम्रध्वज की पिटाई की और 1 करोड़ रुपए की मांग की। उसने धमकी देते हुए कहा था कि वह उसे जान से मार देगा और किसी और को भी फोन कर रहा था। पुलिस बोली- जांच अभी जारी SDOP गोविंद सिंह दीवान का कहना है कि आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच अभी जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। ………………… इससे जुड़ी यह खबर भी पढ़िए… ड्राइवर सुसाइड केस…मोबाइल पुलिस के पास, 2 वीडियो डिलीट: मर्सिडीज वालों ने पीटा कहकर युवक ने लगाई थी फांसी, मां बोलीं- निष्पक्ष जांच हो जगदलपुर-बीजापुर नेशनल हाईवे 63 पर 11 जून को हुए सड़क हादसे के बाद मेटाडोर ड्राइवर ताम्रध्वज साहू उर्फ सोनू (25) ने फांसी लगा ली थी। फांसी लगाने से पहले ड्राइवर ने इंस्टाग्राम पर कुल 8 वीडियो पोस्ट किए थे। वीडियो में उसने मर्सिडीज वालों पर मारपीट और परिवार को जान से मारने की धमकी देने जैसे आरोप लगाए थे। पढ़ें पूरी खबर…
