रायपुर में बच्चों को पोलियो से सुरक्षित करने की मुहिम:28 जून को घर-घर चलेगा अभियान, 1381 बूथों पर पिलाई जाएगी दवा

रायपुर जिले में 28 जून 2026 को राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान का उद्देश्य 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर उन्हें इस बीमारी से सुरक्षित करना है। जिले में इस अभियान के लिए कुल 1381 बूथ बनाए गए हैं, जहां बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाई जाएगी। इस बार कुल 3,45,373 बच्चों को दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को नजदीकी बूथ पर ले जाकर पोलियो की खुराक अवश्य दिलाएं। यदि कोई बच्चा 28 जून को बूथ पर दवा पीने से छूट जाता है, तो 29 और 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर ऐसे बच्चों को दवा पिलाएंगी। अधिकारियों के अनुसार, भारत पोलियो मुक्त देश है, लेकिन पड़ोसी देशों में अभी भी पोलियो के मामले सामने आने के कारण संक्रमण का खतरा बना हुआ है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के सफल संचालन के लिए बूथों पर टीकाकर्मी तैनात रहेंगे और प्रत्येक पांच बूथों पर एक सुपरवाइजर की निगरानी रहेगी। पूरे अभियान की मॉनिटरिंग जिला स्तर के अधिकारी करेंगे। इसके अलावा अभियान में महिला एवं बाल विकास विभाग, शिक्षा विभाग, मितानिन कार्यकर्ता और अन्य संस्थाओं का सहयोग लिया जा रहा है। आइस पैक और वैक्सीन की व्यवस्था भी पूरी कर ली गई है ताकि दवा की गुणवत्ता बनी रहे। जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने इसे सफल बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं और लोगों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को पोलियो से सुरक्षित रखने के लिए इस अभियान में जरूर भाग लें।

More From Author

ट्रक से मासूम को कुचला, पुलिसकर्मियों को रौंदने की कोशिश,VIDEO:2 जगह बैरिकेड्स तोड़कर भागा ड्राइवर; हाईवे पर पीछा कर पकड़ा

नीट पेपर लीक पर कांग्रेस ने केंद्र सरकार को घेरा:छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ का आरोप, केंद्रीय मंत्री से इस्तीफे की मांग

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *