ड्राइवर सुसाइड केस…मोबाइल पुलिस के पास, 2 वीडियो डिलीट:मर्सिडीज वालों ने पीटा कहकर युवक ने लगाई थी फांसी, मां बोलीं- निष्पक्ष जांच हो

जगदलपुर-बीजापुर नेशनल हाईवे 163 पर 11 जून को हुए सड़क हादसे के बाद मेटाडोर ड्राइवर ताम्रध्वज साहू उर्फ सोनू (25) ने फांसी लगा ली थी। फांसी लगाने से पहले ड्राइवर ने इंस्टाग्राम पर कुल 8 वीडियो पोस्ट किए थे। वीडियो में उसने मर्सिडीज वालों पर मारपीट और परिवार को जान से मारने की धमकी देने जैसे आरोप लगाए थे। गीदम थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामला जांच में लिया था। ताम्रध्वज का मोबाइल बरामद कर जांच की जा रही है। वहीं परिजनों ने दावा किया है कि इंस्टाग्राम पर अपलोड किए गए 8 में से 2 वीडियो डिलीट हो गए हैं। कुछ पोस्ट भी हटाई गई है। परिजनों ने मामले में निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की है। मां ने कहा कि सुसाइड से पहले उसके साथ क्या हुआ था, यह बातें सामने आनी चाहिए। दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। ड्राइवर संगठनों ने भी कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। पहले देखिए ये तस्वीरें- अब जानिए पूरा मामला दरअसल, 11 जून को ताम्रध्वज साहू मेटाडोर में सामान लोड कर जगदलपुर से गीदम की ओर जा रहा था। इसी दौरान गीदम थाना क्षेत्र के बंजारी घाट में सामने से आ रही एक मर्सिडीज कार से उसकी टक्कर हो गई। कार बीजापुर जिले के एक व्यक्ति की बताई जा रही है। हादसे के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ। आत्महत्या से पहले बनाए गए वीडियो में ताम्रध्वज ने आरोप लगाया कि दुर्घटना के बाद मर्सिडीज सवारों ने उसके साथ मारपीट की। उसने कहा कि कुछ और लोगों को भी मौके पर बुलाया गया, जिन्होंने उसकी पिटाई की, परिवार को बर्बाद करने और उसे जान से मारने की धमकी दी। वीडियो में युवक ने दावा किया कि ट्रक न्यूट्रल में चल रहा था और उसने ब्रेक लगाने की कोशिश की, लेकिन एक तरफ का ब्रेक ही काम कर पाया, जिससे वाहन नियंत्रण से बाहर हो गया और हादसा हो गया। हादसे के कुछ समय बाद ड्राइवर ताम्रध्वज साहू उर्फ सोनू ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। 8 वीडियो बनाकर छोड़ा आखिरी संदेश ताम्रध्वज ने सुसाइड से उसने 8 वीडियो रिकॉर्ड कर इंस्टाग्राम पर पोस्ट किए थे। उसने अपनी मां से माफी मांगी और कहा कि वह परिवार की जिम्मेदारियां पूरी नहीं कर पाया। वहीं अपने ट्रक मालिक लक्ष्मण नाम के व्यक्ति के लिए भी संदेश छोड़ा और कहा कि दुर्घटना में उसकी कोई गलती नहीं थी। वीडियो में उसने यह भी बताया कि वह मुख्य सड़क से करीब 30 से 40 मीटर अंदर एक पेड़ के पास फांसी लगाने जा रहा है। इसके बाद उसने रस्सी का फंदा बनाया और फांसी लगा ली थी। 2 वीडियो डिलीट करने का आरोप मृतक के चाचा पवन कुमार साहू ने सोशल मीडिया से वीडियो हटाए जाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा, सोनू ने आत्महत्या से पहले उसके इंस्टाग्राम अकाउंट पर करीब 162 पोस्ट थीं, लेकिन अब सिर्फ 160 पोस्ट दिखाई दे रही हैं। उन 8 में से केवल 6 वीडियो मौजूद हैं। 2 वीडियो गायब हैं। साथी को सुरक्षित निकल जाने कहकर खुद रुका घटना के दौरान ड्राइवर के साथ मौजूद हेमसिंग ठाकुर का कहना है कि हादसे के समय वाहन अनियंत्रित हुआ था। उन्होंने बताया कि दुर्घटना के बाद मौके पर माहौल बिगड़ता देख सोनू ने उन्हें वहां से चले जाने के लिए कहा था। हेमसिंग के मुताबिक, सोनू को आशंका थी कि कहीं उनके साथ कोई विवाद या गलत व्यवहार न हो जाए, इसलिए वह उन्हें सुरक्षित निकल जाने की सलाह देकर खुद वहीं रुका था। मां बोली- बेटा ही परिवार का सहारा था, न्याय चाहिए गीदम पुलिस सुसाइड मामले की जांच कर रही है। इस मामले में मर्ग कायम कर परिजनों के बयान लिए जा रहे हैं। इसी कड़ी में मृतक की मां को भी गुरुवार को थाने बुलाया गया था। मां हिरोंदी बाई साहू ने पुलिस से न्याय की मांग की है। उन्होंने कहा कि उनका बेटा ही पूरे परिवार की जिम्मेदारी संभालता था। ड्राइवर संगठन ने दी आंदोलन की चेतावनी ड्राइवर एकता संगठन के प्रदेश संयोजक जितेंद्र शुक्ला ने कहा कि यह मामला केवल एक ड्राइवर की मौत का नहीं बल्कि पूरे ड्राइवर समाज से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा, पुलिस को तथ्यों के आधार पर कार्रवाई करनी चाहिए। उचित कार्रवाई नहीं होती है तो हम उग्र आंदोलन करेंगे। वहीं दंतेवाड़ा ड्राइवर संगठन के अध्यक्ष मनीष पांडेय ने कहा कि संगठन मृतक ड्राइवर के परिवार के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा, हम सभी ड्राइवर साथी ताम्रध्वज साहू के परिवार के साथ हैं। मामले की सच्चाई सामने आनी चाहिए। जरूरत पड़ी तो हम सड़क पर उतरकर लड़ाई लड़ेंगे। पुलिस बोली- जांच जारी, परिजनों के बयान लिए जा रहे गीदम SDOP गोविंद सिंह दीवान ने बताया कि मामले की जांच जारी है। उन्होंने कहा, एक्सीडेंट के मामले में फिलहाल कोई अपराध दर्ज नहीं हुआ है। दोनों वाहनों के दस्तावेज वैध पाए गए थे। हादसे के बाद मर्सिडीज और मेटाडोर के मालिक अपने-अपने वाहन ले गए थे। किसी पक्ष ने दुर्घटना को लेकर शिकायत दर्ज नहीं कराई थी। ………………… इससे जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… सुसाइड से पहले ट्रक-ड्राइवर का VIDEO, मां से माफी मांगी:रोते हुए बोला- मर्सिडीजवाले ने पीटा, मारने की धमकी दी, फांसी लगा रहा हूं “मां मुझे माफ कर देना…मैं अपनी जिम्मेदारियां नहीं निभा पाया। लक्ष्मण भैया, मेरी कोई गलती नहीं थी। मैंने ब्रेक लगाया था, लेकिन गाड़ी कंट्रोल नहीं हो पाई। मर्सिडीज वालों ने मुझे बहुत मारा, मेरे परिवार को बर्बाद करने और जान से मारने की धमकी दी। इसलिए मैं खुद ही अपनी जान दे रहा हूं…।” पढ़ें पूरी खबर…

More From Author

चांदी एक दिन में ₹5,494 और सोना ₹2,305 गिरा:EPFO पोर्टल 26-28 जून तक बंद रहेगा, 1 जुलाई से पासपोर्ट बनवाना महंगा हो जाएगा

LPG टैंकर टोल से टकराया, धमाके के बाद आग लगी:कौशांबी में 5 कर्मचारी झुलसे, सड़क किनारे तड़पते रहे; 2 किमी दूर से दिखीं लपटें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *