छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में युवती ने अपने X बॉयफ्रेंड से बदला लेने के लिए उसके नाम से इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बनाई। उसे फंसाने और बदनाम करने के लिए उसकी आईडी से खुद को अश्लील मैसेज करने लगी। इसके बाद युवक के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज करा दी। पुलिस की टेक्निकल जांच में युवती का फर्जीवाड़ा सामने आया। जिस पर पुलिस ने केस दर्ज कर युवती को ही गिरफ्तार कर लिया है। पूरा मामला तोरवा थाना क्षेत्र का है। जानिए क्या है पूरा मामला दरअसल, तिफरा निवासी संजय रात्रे ने पिछले 15 मई को शिकायत दर्ज कराई थी कि, उसके नाम से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर सोशल मीडिया पर अश्लील और आपत्तिजनक मेसेज भेजे जा रहे हैं। जिससे उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा धूमिल हो रही है। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने साइबर तकनीकी साक्ष्यों, सोशल मीडिया अकाउंट डिटेल्स और पेज की जांच की, तब पता चला कि सोशल मीडिया के सभी आईडी का संचालन तोरवा निवासी प्रीति सूर्यवंशी (26) कर ही थी। तकनीकी जांच के बाद युवती को पकड़ा इस केस में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी प्रीति सूर्यवंशी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस इस मामले से जुड़े अन्य तकनीकी और डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है। प्रेम संबंध टूटने के बाद रची साजिश पुलिस जांच में यह तथ्य भी सामने आया है कि संजय रात्रे और प्रीति सूर्यवंशी के बीच पहले प्रेम संबंध थे। उपलब्ध डिजिटल साक्ष्यों से यह स्पष्ट हुआ कि युवक को बदनाम करने और उसके खिलाफ भ्रामक परिस्थितियां निर्मित करने के उद्देश्य से उसके नाम का इस्तेमाल कर फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल बनाई थी। खुद को भेजे मैसेज, फिर पहुंच गई पुलिस के पास पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि, प्रीति सूर्यवंशी ने एक जनवरी 2026 को तोरवा थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया था कि संजय रात्रे के नाम से संचालित इंस्टाग्राम आईडी से उसे ब्लैकमेल किया जा रहा है। उसकी अश्लील तस्वीरें भेजी जा रही हैं। लेकिन तकनीकी जांच और डिजिटल साक्ष्यों के परीक्षण में पता चला कि जिस इंस्टाग्राम आईडी की शिकायत की गई थी, उसका संचालन खुद प्रीति सूर्यवंशी ही कर रही थी। उसने उसी आईडी से खुद को मैसेज भेजे और उनके स्क्रीनशॉट पेश कर शिकायत दर्ज कराई थी।
