टपरी पर राहुल ने पी चाय, बैज को खिलाया बिस्किट:अभनपुर में जिलाध्यक्षों की ट्रेनिंग, सक्ती से बाइक चलाकर मिलने पहुंचा युवक, बाहर छूटे महंत

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आज एक दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ के अभनपुर पहुंचे। जहां वे कांग्रेस के 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में शामिल हुए। यहां उन्होंने 40 मिनट तक सीनियर नेताओं से मुलाकात की। इसके बाद जिलाध्यक्षों, शहर अध्यक्षों के साथ सीधी बातचीत की। करीब 4 घंटे के प्रोग्राम के बाद वे एयरपोर्ट के लिए रवाना हुए। इससे पहले एयरपोर्ट के पास ही रुककर राहुल गांधी ने टपरी पर चाय पी और PCC चीफ दीपक बैज को बिस्किट खिलाया। इस दौरान सचिन पायलट, भूपेश बघेल, टीएस सिंहदेव, चरणदास महंत समेत कई सीनियर नेता मौजूद रहे। बता दें कि अभनपुर में चल रहा शिविर पूरी तरह से गोपनीय है, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ता दूर-दूर से पहुंचे हुए थे। यहां कार्यकर्ताओं की इतनी भीड़ रही कि नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत धक्का-मुक्की के बीच गेट के बाहर ही रह गए थे। इसका वीडियो भी सामने आया है। देखें कुछ तस्वीरें… सीनियर नेताओं से मिले राहुल गांधी पूर्व मंत्री गुरु रुद्र कुमार ने बताया कि, राहुल गांधी ने कार्यक्रम में सीनियर नेताओं और पूर्व मंत्रियों से करीब 40 मिनट तक मुलाकात की। इसके साथ ही करीब 70 लोगों का डेलिगेशन भी राहुल गांधी से मिला, जिसमें पूर्व विधायक, सांसद और अन्य पदाधिकारी शामिल थे। प्रदेश की राजनीति को लेकर राहुल गांधी से चर्चा हुई है। इसके बाद उन्होंने जिलाध्यक्षों को ट्रेनिंग दी। बाइक चलाकर राहुल गांधी से मिलने पहुंचा था कार्यकर्ता सक्ती जिले के जैजपुर से आए ब्लॉक अध्यक्ष कौशिक चंद्र ने बताया कि, बाइक चलाकर राहुल गांधी से मुलाक़ात करने दिल्ली गया, लेकिन मुलाकात नहीं हो पाई। आज फिर बाइक से यहां मिलने आया हूं। राहुल भ्रष्टाचार की ट्रेनिंग देने आए हैं- पुरंदर मिश्रा राहुल गांधी के दौरे को लेकर भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने तंज कसते हुए कहा कि, राम के ननिहाल छत्तीसगढ़ में उनका स्वागत है। उन्होंने कहा कि यही भगवान राम हैं, जिनके अस्तित्व को राहुल गांधी ने कभी स्वीकार नहीं किया था। राहुल गांधी यहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं को क्या सिखाने आ रहे हैं। क्या वे भ्रष्टाचार की ट्रेनिंग देने आए हैं या फिर ‘आलू से सोना निकालने’ जैसी बातें सिखाने आ रहे हैं। वहीं, पुरंदर मिश्रा के बयान पर पलटवार करते हुए कांग्रेस के पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने कहा कि पुरंदर मिश्रा मानसिक रूप से परेशान हो चुके हैं और उन्हें इलाज की जरूरत है। अंबिकापुर में आज योग दिवस कार्यक्रम शामिल होने पहुंचे सीएम विष्णुदेव साय ने तंज कसते हुए कहा कि राहुल जहां जाते हैं, हश्र सब जानते हैं। मिश्रा ‘एक्सीडेंटल विधायक’ हैं- विकास विकास उपाध्याय ने तंज कसते हुए कहा कि यदि भाजपा उनका इलाज नहीं करा पा रही है, तो कांग्रेस इसके लिए भी तैयार है। पुरंदर मिश्रा अपना राजनीतिक कद बढ़ाने के लिए इस तरह के बयान दे रहे हैं। मिश्रा ‘एक्सीडेंटल विधायक’ हैं, वे अनावश्यक बयानबाजी कर सुर्खियां बटोरने की कोशिश कर रहे हैं। जिला-शहर अध्यक्षों के लिए प्रशिक्षण शिविर कांग्रेस का 10 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर शुक्रवार से अभनपुर के चांदी मोड़ स्थित आशुतोष-अलका अग्रवाल मंगल भवन में शुरू हो चुका है। संगठन सृजन अभियान के तहत आयोजित इस शिविर में प्रदेशभर के नवनियुक्त जिला और शहर कांग्रेस अध्यक्ष शामिल हुए हैं। शिविर को केवल भाषणों तक सीमित नहीं रखा गया है। कांग्रेस नेताओं को गांवों में रुककर ग्रामीणों से संवाद करने, मनरेगा की जमीनी स्थिति समझने, नशे की समस्या पर चर्चा करने और स्थानीय सामाजिक-आर्थिक हालात का अध्ययन करने की जिम्मेदारी दी गई है। प्रशिक्षण में योग, मार्शल आर्ट्स, व्यक्तित्व विकास और संगठन प्रबंधन के सत्र भी रखे गए हैं। अलग-अलग विषयों के विशेषज्ञ मीडिया हैंडलिंग, जनसंपर्क, राजनीतिक रणनीति और बूथ प्रबंधन पर प्रशिक्षण दिया गया। संगठन विस्तार, बूथ स्तर की मजबूती पर दिया मंत्र राहुल गांधी आज जिला और शहर कांग्रेस अध्यक्षों के साथ विशेष सत्र में शामिल हुए थे। उन्होंने संगठन विस्तार, बूथ स्तर की मजबूती, भाजपा के खिलाफ राजनीतिक नैरेटिव और आगामी चुनावी रणनीति पर मार्गदर्शन दिया। शिविर में कांग्रेस प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट समेत कई वरिष्ठ राष्ट्रीय नेता भी अलग-अलग सत्रों में शामिल होकर कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण देंगे। कांग्रेस इसे आगामी चुनावों से पहले संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की बड़ी कवायद मान रही है।

More From Author

मौसम-तापमान के हिसाब से फसल चुनकर की खेती, कमाई दोगुनी‎:टमाटर के साथ मक्का लगाया, फसल गर्मी से बची और पैदावार भी बढ़ी‎

उदंती-सीतानदी रिजर्व में हाथियों का जलक्रीड़ा ट्रैप कैमरे में कैद:शावकों संग 3 हजार फीट ऊंचाई पर स्थित झिरिया में करते दिखे अठखेलियां

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *