दिनदहाड़े पिस्टल की नोक पर व्यापारी का अपहरण,VIDEO:मरवाही में पुलिसकर्मी बनकर आए बदमाश, जबरन उठाया, 25 दिन पहले सर्राफा व्यापारी की हुई थी हत्या

छत्तीसगढ़ की जीपीएम जिले में दिनदहाड़े 2 बदमाश पुलिसकर्मी बनकर घर आए और बंदूक की नोक पर व्यापारी को किडनैप कर लिया। जबरन उसको पकड़कर अपनी गाड़ी में बैठाकर साथ ले गए। इस घटना का लाइव CCTV वीडियो भी सामने आया है। मामला मरवाही थाना इलाके के उषाढ गांव का है। पुलिस केस दर्ज कर सीसीटीवी की मदद से आरोपियों और व्यापारी की तलाश शुरू कर दी है। हालांकि अभी तक फिरौती या किसी और चीज को लेकर कोई कॉल या मैसेज नहीं आया है। इससे 25 दिन पहले सर्राफा व्यापारी प्रदीप सोनी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। देखिए तस्वीरें… जानिए क्या है पूरा मामला ? जानकारी के मुताबिक, व्यापारी गिरीश यादव अपने गांव उषाढ में ही किराना, छड़-सीमेंट और आटा चक्की का व्यवसाय करते हैं। शनिवार (20 जून) को दोपहर 11 बजे गिरीश यादव घर के गलियारे पर सो रहे थे। उनका बेटा पंकज दुकान पर बैठा था। इसी दौरान एक नीले रंग की कार से दो व्यक्ति वहां पहुंचे। बदमाशों ने दुकान से सिगरेट और पानी खरीदा। उसके बाद पंकज से उसके पिता के बारे में पूछा। पंकज जैसे ही अपने पिता को बुलाने अंदर जाने लगा, दोनों बदमाश जबरन घर में घुस गए। उन्होंने सो रहे गिरीश यादव को उठाया और स्टील रंग की पिस्तौल दिखाकर खुद को पुलिसकर्मी बताने लगे। गोली मारने की धमकी, कार में बैठा ले गए विरोध करने पर बदमाशों ने गिरीश यादव को पैर में गोली मारने की धमकी दी, उसे जबरन कार में बैठाकर बरौर बस्ती की ओर ले गए। परिजन चिल्लाते रहे, लेकिन वो रुके नहीं। पंकज ने कार के नंबर का कुछ हिस्सा ‘OD 8552’ देखा था। यह वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। जिसमें बदमाश जबरन व्यापारी को उठाकर अपने साथ ले जा रहे हैं। इसकी जानकारी लगने पर व्यापारी के पत्नी का मुंहबोला भाई मनीष जायसवाल ने बरौर में कार को रोकने की कोशिश की, लेकिन बदमाश मरवाही की तरफ तेजी से भाग गए। पत्नी ने दर्ज कराई शिकायत पत्नी दुर्गा यादव ने मामले की शिकायत मरवाही थाने में दर्ज कराई है। जिसके बाद पुलिसकर्मियों ने इसकी जांच की, जब पता चला कि वो पुलिस वाले नहीं है, तो केस दर्ज कर तलाश शुरू की गई। पुलिस की कई टीमें अलग-अलग जगह दबिश दे रही है। एडिशनल एसपी अविनाश मिश्रा ने बताया कि, पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 140(3), 3(5), 333, 351(3) और आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत केस दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की तलाश की जा रही है। 25 दिन पहले सर्राफा व्यापारी की गोली मारकर की गई थी हत्या इससे पहले, 26 मई को गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में सर्राफा व्यापारी प्रदीप सोनी की कोटमी साप्ताहिक बाजार में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। बाइक सवार बदमाश उनसे सोने-चांदी का बैग भी छीनकर भाग गए थे। इसके लिए बिहार-झारखंड से शूटर बुलाए गए थे। इस वारदात का मास्टरमाइंड बिलासपुर जिले के बिटकुला गांव का रहने वाला खुशीराम साहू है। उसने बाजार में सोना-चांदी व्यापारियों की रेकी कर पूरी साजिश रची थी। इस काम में उसके भतीजे राजाराम साहू ने भी मदद की। पुलिस ने मामले में आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सोने-चांदी के जेवरात भी बरामद कर लिया गया है। ………………………. इससे संबंधित यह खबर भी पढ़िए… सराफा व्यापारी हत्याकांड…कटे हाथ में तार बांधकर दौड़ाई थी बाइक:पुलिस ने मास्टरमाइंड से क्राइम सीन रीक्रिएशन कराया, मेन शूटर समेत 3 अरेस्ट
छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में सराफा व्यापारी प्रदीप सोनी हत्याकांड और लूट मामले में पुलिस ने बिहार के मुख्य शूटर मनीष मंडल उर्फ राहुल, सुजीत उर्फ राजू दास और झारखंड के संतोष दास को गिरफ्तार कर लिया है। पढ़ें पूरी खबर…

More From Author

इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय वनडे टीम का ऐलान:शुभमन गिल कप्तान, विराट और रोहित दोनों टीम में; श्रेयस को उपकप्तानी

इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय वनडे टीम का ऐलान:शुभमन गिल कप्तान, विराट और रोहित दोनों टीम में; श्रेयस को उपकप्तानी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *