ओडिशा से महिला गांजा सप्लायर गिरफ्तार:MP भेजा जा रहा था, रायगढ़ में 25.62 लाख के माल के साथ 3 तस्कर पकड़े जा चुके हैं

रायगढ़ जिले में अप्रैल महीने में 52 किलो गांजा के साथ पकड़े गए तीन तस्करों से पूछताछ के बाद पुलिस ने मुख्य महिला सप्लायर को ओडिशा से गिरफ्तार किया है। बाद में पुलिस उसे कोर्ट में पेश कर जेल दाखिल कर दिया। मामला खरसिया थाना क्षेत्र का है। दरअसल, 22 अप्रैल को पुलिस को सूचना मिली थी कि ओडिशा से तीन युवक बड़ी मात्रा में गांजा लेकर निकले हैं। सूचना पर पुलिस ने संभावित मार्गों पर जांच शुरू की। इसी दौरान खरसिया रेलवे कॉलोनी क्षेत्र में तीन संदिग्ध युवक बड़े-बड़े बैग लेकर घूमते मिले। पुलिस ने स्टेशन के पास घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान दिनेश कुमार बेहरा (22), शिवा बेहरा (21) और देवी प्रसाद कंहर (19) निवासी कंधमाल, ओडिशा के रूप में बताई। आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे ट्रेन से गांजा लेकर आ रहे थे, लेकिन रेलवे पुलिस की जांच की सूचना मिलने पर खरसिया स्टेशन में उतर गए थे। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 52 किलो गांजा बरामद किया गया था, जिसकी अनुमानित कीमत 25.62 लाख रुपए आंकी गई थी। तस्करों ने बताया महिला सप्लायर का नाम गिरफ्तार आरोपियों से अलग-अलग पूछताछ में पता चला कि बरामद गांजा उन्हें संबलपुर रेलवे स्टेशन के पास रहने वाली महिला सुभद्रा दिगल उर्फ मामी मलिक (41) ने मध्यप्रदेश के बीना पहुंचाने के लिए दिया था। आरोपियों के बताए गए मोबाइल नंबर की तकनीकी जांच में वह नंबर सुभद्रा दिगल उर्फ मामी मलिक के नाम पर पंजीकृत मिला। ओडिशा में दबिश देकर पकड़ी गई आरोपी इसके बाद रायगढ़ पुलिस ने कंधमाल जिले के गोच्छापाड़ा थाना क्षेत्र में स्थानीय पुलिस की मदद से दबिश दी। पुलिस ने सुभद्रा उर्फ मामी मलिक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में महिला ने स्वीकार किया कि उसने ही आरोपियों को संबलपुर रेलवे स्टेशन के पास गांजा उपलब्ध कराया था और उसे बीना (मध्यप्रदेश) पहुंचाने की जिम्मेदारी सौंपी थी। पुलिस ने आरोपी के पास से घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन भी जब्त किया है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पूरे नेटवर्क तक पहुंच रही पुलिस एसएसपी शशिमोहन सिंह ने बताया कि “ऑपरेशन आघात” के तहत मादक पदार्थ तस्करी के मामलों की गहन जांच की जा रही है। पुलिस केवल परिवहन करने वाले आरोपियों पर ही नहीं, बल्कि सप्लायर, आर्थिक लाभ लेने वालों और पूरे तस्करी नेटवर्क से जुड़े लोगों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई कर रही है। महिला सप्लायर की गिरफ्तारी इसी अभियान का हिस्सा है।

More From Author

वर्ल्ड अपडेट्स:रिपोर्ट- ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर सोमवार तक इस्तीफा दे सकते हैं; सरकार ने दावे को खारिज किया

मोदी ने घूम-घूमकर लोगों को योग कराया:बोट और स्विमिंग पूल में आसन, जवानों ने 14 हजार फीट पर अभ्यास किया; 15 PHOTOS में योग डे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *