ऑडी सवार महिला पुलिसकर्मियों से बोली- इतना मारूंगी, याद रखेगा:नियम तोड़ने पर सब-इंस्पेक्टर ने रोका तो भड़की; हरिद्वार में दोस्तों के साथ गंगा स्नान करने आई

हरिद्वार में ऑडी कार में दिल्ली से आए पर्यटकों ने पुलिसकर्मियों से बदतमीजी की है। इसी दौरान गाड़ी में सवार महिला ने सब इंस्पेक्टर से कहा- ‘बाहर निकलकर इतना मारूंगी याद रखेगा। तेरे जैसे छत्तीस देखे हैं दो कौड़ी का।’ इस दौरान महिला के दो साथियों ने पुलिसकर्मियों को धमकाते हुए पहले गालियां दीं और फिर कहा- तेरे खिलाफ मुकदमा कायम कराऊंगा। घटनास्थल पर मौजूद सब इंस्पेक्टर महिपाल सिंह ने बताया कि गाड़ी में युवकों ने उन्हें धमकी दी और कहा, “मैं वकील हूं और सांसद को बुलाकर वर्दी उतरवा दूंगा।” मामले में हरिद्वार पुलिस ने कार में मौजूद दो युवक और एक महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बताया कि मामला 14 जून का है, जिस पर जांच के बाद कार्रवाई अब की गई है और गाड़ी को सीज कर दिया गया है। गाड़ी (CG 08 AM 0001) छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले की थी। इससे पहले 27 अप्रैल को भी गाड़ी का चालान हो चुका है। तस्वीरें देखिए- सिलसिलेवार ढंग से पढ़िए पूरी खबर… 1. स्नान पर्व के दौरान लागू था विशेष ट्रैफिक प्लान- 14 जून को सोमवती अमावस्या स्नान पर्व और लॉन्ग वीकेंड के चलते हरिद्वार में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी हुई थी। यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए शहर में विशेष डायवर्जन योजना लागू की गई थी। कनखल थाना क्षेत्र के देशरक्षक तिराहे पर पुलिसकर्मी वाहनों को निर्धारित मार्ग से बैरागी कैंप पार्किंग की ओर भेज रहे थे। इसी दौरान एक ऑडी कार वहां पहुंची। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने चालक को ट्रैफिक प्लान के अनुसार वैकल्पिक मार्ग अपनाने के लिए कहा, लेकिन कार सवार लोगों ने इसका विरोध शुरू कर दिया। 2. पुलिसकर्मियों से की गाली-गलौज और धक्का-मुक्की- आरोप है कि कार में मौजूद दो युवक और एक महिला पुलिसकर्मियों पर भड़क गए। तीनों ने पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता करते हुए गाली-गलौज की। पुलिस का कहना है कि महिला ने ड्यूटी पर तैनात कर्मियों के साथ धक्का-मुक्की भी की। घटना के दौरान कुछ समय के लिए यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई और मौके पर जाम जैसी स्थिति बन गई। स्थानीय लोगों और अन्य पुलिसकर्मियों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी पुलिसकर्मियों को धमकाते हुए वहां से चले गए। 3. सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो- घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लिया। वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों की जांच के बाद कनखल थाने में आरोपियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। स्नान पर्व की व्यवस्थाएं समाप्त होने के बाद पुलिस ने आरोपियों और गाड़ियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस टीम ने श्यामपुर क्षेत्र में ऑडी कार को चिन्हित कर रोक लिया और वाहन को सीज कर दिया। 4. दिल्ली निवासी निकले आरोपी- पुलिस जांच में आरोपियों की पहचान क्षतिज बाली, उनकी पत्नी और संकेत बाली निवासी वाणी विहार, उत्तम नगर, नई दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस कार्रवाई के बाद आरोपियों में शामिल एक युवक का माफी मांगते हुए वीडियो भी सामने आया है। कनखल थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजनों और स्नान पर्वों के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी जिम्मेदारी से कार्य करती है। ऐसे में सरकारी कार्य में बाधा डालने या पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

More From Author

भास्कर अपडेट्स:तेलंगाना में बाइक राइडर की मौत, मोबाइल पर वीडियो बनाते समय डिवाइडर से टकराया

FIFA वर्ल्ड कप- मैक्सिको से कभी नहीं जीती साउथ कोरिया:टूर्नामेंट में तीसरी बार भिंड़ंत होगी; आज रात चेकिया और साउथ अफ्रीका की भिड़ंत

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *