रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले पांच दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक, तेज हवा और बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। वहीं, दक्षिण छत्तीसगढ़ (बस्तर संभाग) के कुछ इलाकों में अगले 4 से 5 दिनों के भीतर दक्षिण-पश्चिम मानसून की एंट्री हो सकती है। मौसम विभाग ने आज प्रदेश के कुछ स्थानों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज अंधड़ चलने और बिजली गिरने का ऑरेंज/येलो अलर्ट जारी किया है। बीते 24 घंटों में भी दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है। मुंगेली में सबसे ज्यादा 50 मिमी बारिश पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में सबसे अधिक 50 मिमी बारिश मुंगेली में रिकॉर्ड की गई, जबकि कवर्धा में 10 मिमी बारिश हुई। बारिश के कारण उत्तर छत्तीसगढ़ के अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है, जबकि मध्य छत्तीसगढ़ (रायपुर-दुर्ग संभाग) में तापमान 1 से 2 डिग्री तक बढ़ा है। रायपुर में धूलभरी आंधी और बारिश के आसार रायपुर में सुबह से बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग के मुताबिक शहर में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। धूलभरी आंधी चल सकती है। रायपुर का अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
