मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सरकार ने ग्रामीण आवास निर्माण के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। सरकार के ढाई वर्ष के कार्यकाल में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) और अन्य योजनाओं के तहत 10 लाख 60 हजार से अधिक ग्रामीण आवासों का निर्माण पूरा किया गया है। वर्ष 2025-26 में अकेले 6 लाख से अधिक आवास पूर्ण कर छत्तीसगढ़ देश में सबसे अधिक ग्रामीण आवास बनाने वाला राज्य बन गया है। सरकार गठन के बाद पहली कैबिनेट बैठक में गरीबों के लिए 18 लाख आवासों के निर्माण का संकल्प लिया था। इसमें 2 लाख 46 हजार 215 अपूर्ण आवास, वर्ष 2011 की स्थायी प्रतीक्षा सूची के 6 लाख 33 हजार 438 आवास, आवास प्लस की सूची के सभी 8 लाख 19 हजार 999 आवास और मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण आवास न्याय योजना) के सभी 47 हजार 090 आवास शामिल थे। सरकार इनके साथ ही वनांचलों में पीएम जनमन योजना के 33 हजार 601 और नक्सल प्रभावित रहे क्षेत्रों में विशेष परियोजना के तहत 15 हजार अतिरिक्त आवास भी बना रही है। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विकास ने आवास प्लस के अंतर्गत ऐसे गरीब जिनके आवास कच्चे हैं, उनका सर्वे किया है। उनके लिए भी आवास निर्माण की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। प्रतिदिन 1600 से अधिक मकानों का निर्माण
आवास निर्माण को गति देने के लिए राज्य सरकार ने अब तक 26908 करोड़ रुपए उपलब्ध कराए हैं। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अनुसार पिछले वर्ष अप्रैल से अक्टूबर के बीच प्रतिदिन करीब 2 हजार आवास पूरे किए गए, जबकि वर्तमान में भी रोजाना 1600 से अधिक मकानों का निर्माण पूरा हो रहा है। यह देश में सबसे अधिक है। गरीबों को पक्का आवास बेहतर भविष्य की नींव: साय
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि सरकार गरीब परिवारों को पक्का घर उपलब्ध कराने के अपने संकल्प को पूरी प्रतिबद्धता के साथ पूरा कर रही है। उनके अनुसार यह केवल मकान निर्माण नहीं, बल्कि गरीबों के सम्मान, सुरक्षा और बेहतर भविष्य की मजबूत नींव है। उपमुख्यमंत्री ने सीएम को पत्र लिखकर दी बधाई
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को पत्र लिखकर बधाई दी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के गरीब परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराने के संकल्प को पूरा करने में मुख्यमंत्री के नेतृत्व और राज्य सरकार के सहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
