शादी के 45वें दिन बॉयफ्रेंड संग भागी दुल्हन:विवाह से किया इनकार तो ट्रेन के आगे कूदकर दी जान, बचाने आई नवविवाहिता भी गंभीर

छत्तीसगढ़ के बालोद में शादी के महज 45वें दिन नवविवाहिता अपने बॉयफ्रेंड के साथ ससुराल से फरार हो गई। गर्लफ्रेंड के शादी करने से इनकार करने पर उसने ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। वहीं, बचाने के कोशिश में गर्लफ्रेंड भी गंभीर रूप से घयाल हो गई, जिसे अस्पताल में भर्ती किया गया है। जांच में सामने आया कि ढाई साल पहले इंस्टाग्राम के जरिए दोनों की दोस्ती हुई थी। घटना वाली रात बॉयफ्रेंड शराब के नशे में गर्लफ्रेंड के ससुराल पहुंचा था और मिलने के बहाने उसे घर से ले गया था। वहीं घटना के बाद महिला ने पति और पुलिस को जानकारी दी। जांच में यह भी सामने आया कि बॉयफ्रेंड भी शादीशुदा था। यह पूरी घटना महिला के ससुराल से करीब 20 किलोमीटर दूर की है। फिलहाल, पुलिस ने बॉयफ्रेंड के शव का पोस्टमॉर्टम कराकर रिश्तेदारों को सौंप दिया है और रिश्तेदारों और अन्य लोगों के बयान दर्ज कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामला बालोद थाना क्षेत्र का है। जानिए पूरा मामला जानकारी के मुताबिक, गर्लफ्रेंड का नाम मोनिका खरे (23) है, जबकि बॉयफ्रेंड का नाम मिथलेश ठाकुर (28), जो ग्राम भीमपुरी (डौंडीलोहारा) का रहने वाला था। कांकेर जिले के ग्राम कोरतरा रहने वाली मोनिका का विवाह 22 अप्रैल 2026 को ग्राम परसोदा (जगन्नाथपुर) निवासी टीकम कुमार खरे से हुआ था। शादी के महज 45 दिन बाद शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात करीब 1 बजे वह बॉयफ्रेंड मिथलेश ठाकुर के साथ बाइक पर सवार होकर घर से भाग गई। दोनों करीब 20 किलोमीटर दूर ग्राम दैहान स्थित रेलवे अंडरब्रिज के ऊपर रेलवे ट्रैक के पास पहुंचे। जहां दोनों के बीच काफी देर तक बातचीत और विवाद होता रहा। इसी दौरान मिथलेश मोनिका पर विवाह कर साथ रहने का दबाव बना रहा था। इस बीच मोनिका उसे रेलवे पटरी से दूर ले गई, लेकिन कुछ देर बाद वह फिर पटरी पर जाकर बैठ गया। ट्रेन पास आने पर मोनिका मिथलेश को पटरी से हटने के लिए कहती रही। इसके बावजूद वह वहां से नहीं हटा। घायल अवस्था में गर्लफ्रेंड ने किया पुलिस को कॉल घबराई मोनिका उसे खींचकर हटाने की कोशिश करने लगी, तभी दोनों ट्रेन की चपेट में आ गए। मिथलेश के सिर पर गंभीर चोट आई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं मोनिका भी गंभीर रूप से घायल हो गई। मोनिका ने किसी तरह डायल-112 पर कॉल कर हादसे की जानकारी दी और मदद मांगी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक वह बेहोश हो चुकी थी। पुलिस ने उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। स्टेशन के आसपास पत्नी को तलाशता रहा पति इधर, नवविवाहिता के पति टीकम कुमार खरे ने बताया कि शनिवार तड़के करीब 2:30 बजे उनकी नींद खुली तो पत्नी घर पर नहीं मिली। पहले उन्हें लगा कि वह आसपास कहीं गई होगी, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर उन्होंने परिजनों के साथ उसकी तलाश शुरू कर दी। गांव और आसपास के रास्तों में खोजबीन की गई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। करीब 3 बजे पत्नी ने फोन उठाया और रेलवे ट्रैक पर हादसा होने की जानकारी दी। शुरुआती सूचना के आधार पर वह परिजनों के साथ लाटाबोड़ स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों में पत्नी को तलाशते रहे। इसी दौरान उन्हें पुलिसकर्मियों का फोन आया, जिससे पता चला कि दैहान क्षेत्र के रेलवे ट्रैक पर दुर्घटना हुई है। सूचना मिलते ही रिश्तेदार जिला अस्पताल पहुंचे। वहां मिथलेश का शव भी रखा हुआ था, लेकिन उस समय वे उसकी पहचान नहीं कर सके। वहीं गंभीर रूप से घायल मोनिका को प्राथमिक उपचार के बाद राजनांदगांव रेफर किया गया। वर्तमान में उसका इलाज राजनांदगांव के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। शादीशुदा था बॉयफ्रेंड, इंस्टाग्राम पर ढाई साल पहले हुई थी दोस्ती बालोद थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि मृतक मिथलेश और मोनिका की पहचान करीब ढाई साल पहले इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। समय के साथ दोनों के बीच दोस्ती गहरी होती गई और उनका संपर्क लगातार बना रहा। मिथलेश ठाकुर शादीशुदा था और उसकी एक बेटी भी है। वह पहले डौंडीलोहारा क्षेत्र में हाईवा चालक के रूप में काम करता था। करीब एक माह पहले उसने यह काम छोड़ दिया था और इन दिनों घर का ट्रैक्टर चला रहा था।
…………….. इससे जुड़ी यह खबर भी पढ़िए… मामा-भांजी ने कीटनाशक पीकर दी जान: खेत में मिली लाश, महुआ बीनने गए ग्रामीणों ने देखा, परिवार की मनाही के बावजूद शादी करना चाहते थे छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में बॉयफ्रेंड-गर्लफ्रेंड ने कीटनाशक पीकर आत्महत्या कर ली। दोनों की लाश खेत में मिली। शादी नहीं होने से नाराज कपल ने जान दे दी। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। मामला छोटेबेठिया थाना क्षेत्र का है। पढ़ें पूरी खबर…

More From Author

टॉप-10-कंपनियों में से 7 की वैल्यू ₹1.25 लाख करोड़ घटी:रिलायंस टॉप लूजर रही, वैल्यू ₹39,718 करोड़ कम हुई; TCS-एयरटेल का मार्केट कैप भी घटा

वैभव के साथ इंग्लैंड-आयरलैंड जाएंगे उनके माता-पिता:BCCI ने दी विशेष अनुमति, सबसे कम उम्र में डेब्यू का रिकॉर्ड बना सकते हैं

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *