रायपुर में ओले गिरे, तेलीबांधा केनाल रोड पर गिरा पेड़:रास्ता वन वे हुआ, आंधी से होर्डिंग्स भी उड़े; अगले 4 दिन मौसम खराब

छत्तीसगढ़ में इन दिनों मौसम का मिजाज बदला हुआ है। शनिवार रात रायपुर में ओले गिरे, गरज चमक के साथ खूब बारिश हुई। अचानक आई आंधी से केनाल रोड पर पेड़ गिरने से रास्ता ब्लॉक हो गया है। नगर निगम, पीडब्ल्यूडी का कोई अमला रात तक इसे हटाने नहीं पहुंचा, जिसके बाद पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रास्ता वन वे कर दिया है। कई इलाकों में होर्डिंग्स भी उड़ गए। वहीं, सड्डू जाने वाले रास्ते पर अंबुजा मॉल के पास पेड़ गिरा था, जिसे बाद में हटा लिया गया। इस दौरान कुछ समय के लिए ट्रैफिक प्रभावित रहा। मौसम विभाग के मुताबिक, बंगाल में बने सिस्टम के असर से मौसम चेंज हुआ है। अगले 4 दिनों तक ऐसा ही बने रहने की संभावना है। इसके बाद तापमान 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। आंधीबारिश की ये तस्वीरें देखिए… कोरबा-धमतरी में भी आंधी बारिश इसके साथ ही कोरबा, धमतरी और कोंडागांव इलाके में भी अच्छे बादल बरसे हैं। कोरबा के कटघोरा में आई आंधी से एक बड़ा पेड़ टूटकर गिर गया। कोंडागांव के केशकाल में तेज बारिश के चलते कई सड़कों पर पानी भर गया, लोगों की दुकानों तक पानी घुस आया। धमतरी के रिसगांव में पेड़ गिरने से घर के पास खड़ा ट्रैक्टर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं खरीदी केंद्र परिसर में बना टिन शेड भी तेज हवा में उड़ गया। आंधी से स्कूटी गिरी शुक्रवार रात अंबिकापुर में तेज बारिश हुई। वहीं दुर्ग जिले के अंडा गांव में तेज हवाओं के कारण लोग पेट्रोल पंप की छत के नीचे बचते नजर आए। आंधी इतनी तेज थी कि एक स्कूटी भी हवा के झोंकों से गिर गई। पिछले 24 घंटों के दौरान हुई बारिश से अधिकतम तापमान में 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई। प्रदेश में सबसे अधिक तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में रिकॉर्ड हुआ, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 20.5 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया। महासमुंद में बिजली गिरने की दो घटनाएं मचान पर गिरी बिजली, बेटे की मौत पहली घटना तुमगांव थाना क्षेत्र के ग्राम पिरदा छापाडबरी खार की है। यहां धर्मसिंह गोंड (40) अपने पिता पुनीतराम गोंड (करीब 70) के साथ मूंगफली खेत की रखवाली के लिए परसा पेड़ पर बने मचान में सो रहे थे। गुरुवार देर रात तेज गरज-चमक के दौरान मचान पर बिजली गिर गई। हादसे में धर्मसिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पिता गंभीर रूप से झुलस गए। ग्रामीणों की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तुमगांव में भर्ती कराया गया, जहां इलाज जारी है। बिजली गिरने से मकान में लगी आग दूसरी घटना शुक्रवार सुबह कोमाखान थाना क्षेत्र के ग्राम बाघामुड़ा में हुई। यहां प्रज्ञानंद देवांगन के खपरैल मकान पर बिजली गिरने से भीषण आग लग गई। आग तेजी से पूरे घर में फैल गई, जिससे घरेलू सामान, फर्नीचर, कपड़े और लाखों रुपए के वाहन सीट कवर सहित कई सामान जलकर राख हो गए। हालांकि परिवार के सदस्य घर के दूसरे हिस्से में होने के कारण सुरक्षित बच गए और कोई जनहानि नहीं हुई। सूचना मिलते ही महासमुंद और बागबाहरा से पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। मौसम की कुछ तस्वीरें देखिए… 40-50 किमी रफ्तार से हवा चलेगी मौसम विभाग ने शनिवार के लिए प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना जताई है। कुछ स्थानों पर हल्की बारिश भी हो सकती है।
रायपुर में धूलभरी आंधी चल सकती है शहर में आज बादल छाए रह सकते हैं। बारिश, गरज-चमक या धूलभरी आंधी की संभावना है। शहर का अधिकतम तापमान करीब 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

More From Author

चांदी विदेश से मंगाने के लिए अब लाइसेंस जरूरी:पेट्रोल पर ₹3 विंडफॉल टैक्स, डीजल-जेट फ्यूल पर ड्यूटी घटी; पाकिस्तान में पेट्रोल-डीजल 5 रुपए सस्ता हुआ

ईरान होर्मुज के लिए जल्द नया ट्रैफिक सिस्टम लाएगा:कहा- खास सर्विस के लिए टैक्स लगेगा; UAE और ओमान पर हमले की धमकी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *