बस्तर के बोर्ड रिजल्ट परसेंटेज में सुधार:10वीं-12वीं में 90% से ज्यादा छात्र हुए पास, कल 5th और 8th का आएगा रिजल्ट

छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल रायपुर ने 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 के परिणाम जारी कर दिए हैं। इस बार बस्तर जिले ने शानदार प्रदर्शन किया है। 10वीं में 90.60% और 12वीं में 92.34% छात्र पास हुए हैं। पिछले साल की तुलना में दोनों कक्षाओं के रिजल्ट में सुधार दर्ज किया गया है। वहीं कल पांचवीं और आठवीं के रिजल्ट जारी होंगे। आंकड़ों के अनुसार 10वीं के रिजल्ट में 1.78% और 12वीं में 4.96% की बढ़ोतरी हुई है। खास बात यह रही कि इस बार बड़ी संख्या में छात्रों ने फर्स्ट डिवीजन हासिल किया है। 10वीं में फर्स्ट डिवीजन का प्रतिशत 13.20% बढ़ा है, जबकि 12वीं में यह बढ़ोतरी 21.97% रही। लड़कियों ने इस बार भी बेहतर प्रदर्शन किया है। 10वीं में 88.08% लड़के पास हुए, जबकि 92.97% लड़कियां सफल रहीं। वहीं 12वीं में 90.78% लड़कों के मुकाबले 93.60% लड़कियों ने परीक्षा पास की। जिले में 10वीं की परीक्षा में 8,842 छात्र शामिल हुए थे, जिनमें से 7,992 पास हुए। 12वीं में 6,977 छात्रों ने परीक्षा दी, जिसमें 6,433 सफल रहे। फर्स्ट डिवीजन में पास होने वालों की संख्या भी ज्यादा रही-10वीं में 4,990 और 12वीं में 4,392 छात्र प्रथम श्रेणी में रहे। जिला शिक्षा अधिकारी बीआर बघेल ने इसे जिले में शिक्षा के स्तर में सुधार और शिक्षकों की मेहनत का नतीजा बताया। उन्होंने कहा कि प्रशासन के मार्गदर्शन में बच्चों को बेहतर तैयारी का माहौल दिया गया, जिसका असर रिजल्ट में साफ दिख रहा है।

More From Author

शादी से लौट रही 2 नाबालिग से गैंगरेप:खेत ले जाकर दुष्कर्म, 2 ने भागकर बचाई जान; सरगुजा में 12 आरोपियों में 4 पर FIR

विशाखापत्तनम में देश का पहला AI हब बनेगा:जूनियर वेटलिफ्टिंग में भारत ने 3 गोल्ड जीते, 30 अप्रैल के करेंट अफेयर्स

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *