छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में तांदुला नहर में नहाते समय पिता, बेटी और एक रिश्तेदार बच्ची तेज बहाव में बह गए। यह घटना मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे ग्राम पीपरछेड़ी में हुई। गोताखोरों ने पिता का शव बरामद कर लिया है, जबकि 12 साल की बेटी की तलाश जारी है। वहीं, रिश्तेदार बच्ची को मौके पर मौजूद लोगों ने कूदकर बचा लिया। युवक अपने ससुराल पीपरछेड़ी गांव में शादी समारोह में शामिल होने आया था। यह मामला बालोद थाना क्षेत्र का है। पहले देखिए तस्वीरें- अब जानिए पूरा मामला जानकारी के अनुसार, ग्राम धोबनपुरी के यमन गंजीर (35) बेटी पल्लवी गंजीर के साथ अपने ससुराल पीपरछेड़ी गांव में शादी समारोह में आए थे। मंगलवार को वे अपनी बेटी और रिश्तेदार बच्ची दामिनी साहू के साथ पास की तांदूला नहर में नहाने गए। इस दौरान यमन बेटी पल्लवी को नहर में स्विमिंग सिखा रहे थे। तांदूला जलाशय से वर्तमान में लगभग 8 फीट पानी छोड़े जाने के कारण नहर का बहाव तेज है। नहाने के दौरान तीनों गहराई और बहाव का अंदाजा नहीं लगा पाए और पानी में बहने लगे। चीख-पुकार सुनकर मौके पर वहां लोगों ने तत्परता दिखाई और एक बच्ची को समय रहते बचा लिया। जबकि यमन और उनकी बेटी पल्लवी कुछ ही देर में पानी में बहकर नजरों से ओझल हो गए। तांदुला और गंगरेल बांध का पानी कम कराया घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और नगर सेना की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। तांदुला और गंगरेल बांध से पानी का बहाव अस्थायी रूप से कम कराया गया, ताकि तलाश अभियान में मदद मिल सके। पिता का शव बरामद, बेटी की तलाश जारी गोताखोरों ने काफी कोशिश के बाद घटनास्थल से 400 मीटर दूरी पर पिता यमन का शव बरामद कर लिया है, जबकि बेटी पल्लवी की तलाश अभी भी जारी है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, यमन पीपरछेड़ी गांव के दामाद थे और ससुराल आए हुए थे। इस हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। 108 एम्बुलेंस में EMT के पद पर पोस्टेड थे यमन यमन बालोद जिला अस्पताल में 108 एम्बुलेंस में ईएमटी के पद पर पोस्टेड थे। उन्होंने पहले पखांजूर क्षेत्र में भी लंबे समय तक सेवा दी थी। बाद में जब जय अम्बे के बाद जीवीके कंपनी को एम्बुलेंस का टेंडर मिला, तो उनकी पोस्टिंग बालोद मुख्यालय में कर दी गई। वे नई कंपनी के कर्मचारी के रूप में पिछले एक महीने से सेवा दे रहे थे। ……………………. इससे जुड़ी ये खबर भी पढ़ें…. शराब पार्टी के बाद तालाब में डूबे 2 दोस्त,मौत:पैर फिसलने से हादसा, हाथ-मुंह धोने उतरे थे, बिलासपुर में 3 साल में 17 मौतें छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में तालाब में डूबने से दो युवकों की मौत हो गई। दोनों युवक अपने 5 दोस्तों के साथ घूमने निकले थे। हाथ-मुंह धोने के दौरान पैर फिसलने से वे गहरे पानी में चले गए। घटना सरकंडा थाना क्षेत्र की है। पढ़ें पूरी खबर….
