अमेरिका के वॉशिंगटन में व्हाइट हाउस कॉरस्पॉन्डेंट डिनर के दौरान फायरिंग की घटना सामने आई। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प, उपराष्ट्रपति जेडी वेंस होटल हिल्टन में मौजूद थे। तभी बाहर फायरिंग हुई। सुरक्षाबलों ने उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला। हमलावर को तुरंत मार गिराया गया। फायरिंग की घटना डिनर हॉल के ऊपर स्थित लॉबी एरिया में हुई बताई जा रही है। सीक्रेट सर्विस के निर्देश पर कार्यक्रम में मौजूद मेहमानों को टेबल के नीचे झुकने को कहा गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारी हथियारों से लैस सुरक्षा कर्मी तुरंत स्टेज पर पहुंच गए और पूरे कार्यक्रम स्थल को सुरक्षित किया। घटना के बाद कई लोग बाहर निकलते नजर आए, लेकिन स्टेज से यह घोषणा की गई कि ‘कार्यक्रम जल्द ही फिर शुरू होगा’। हालांकि यह साफ नहीं है कि राष्ट्रपति ट्रम्प वापस कार्यक्रम में शामिल होंगे या नहीं। राष्ट्रपति ट्रम्प पहली बार कॉरस्पॉन्डेंट डिनर में शामिल हुए थे। वह घटना से कुछ मिनट पहले ही पहुंचे थे और पत्नी मेलानिया के साथ बातचीत कर रहे थे। होटल के अंदर की 3 तस्वीरें… ट्रम्प बोले- आज की शाम काफी हलचल भरी रही ट्रम्प ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा, वॉशिंगटन में आज की शाम काफी हलचल भरी रही। सीक्रेट सर्विस और कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने शानदार काम किया। उन्होंने तेजी से और बहादुरी से कार्रवाई की। हमलावर को पकड़ लिया गया है, और मैंने सुझाव दिया है कि हम कार्यक्रम जारी रखें। चश्मदीद बोले- तेज धमाके की आवाज सुनी, मेजों के नीचे दुबके रहे न्यूज एजेंसी ANI की रिपोर्टर रीना भारद्वाज ने बताया, वाशिंगटन के हिल्टन होटल के बैंक्वेट हॉल में अफरा-तफरी मच गई। मैंने सबसे पहले एक तेज आवाज सुनी। मुझे लगा कि शायद बर्तनों के गिरने की आवाज थी। लेकिन कुछ ही सेकंड में मैंने देखा कि वेटर अपनी ट्रे लेकर अंदर भाग रहे थे और कोई सुरक्षित जगह ढूंढ रहे थे। तभी मुझे लगा कि कुछ गड़बड़ है। टेबल पर बैठे लोग नीचे छिप गए। जब मुझे लगा कि अब उठना सुरक्षित है, तो मैंने देखा कि सुरक्षाकर्मी लंबी बंदूकें लिए मंच पर खड़े थे। अमेरिकी राष्ट्रपति को बाहर ले जाया जा चुका था। स्कॉट बेसेंट, काश पटेल, पीट हेगसेथ, विटकॉफ समेत उनके सभी कैबिनेट सदस्यों को एक-एक करके बाहर ले जाया गया। कार्यक्रम जल्द ही फिर से शुरू होने वाला है, यही घोषणा की गई है। चीफ व्हॉइट हाउस कॉरस्पॉन्डेंट कैटलिन कोलिंस ने बताया, हम हिल्टन के बॉलरूम के अंदर थे। एक सर्विस एजेंट ने मुझे बताया कि शूटर के मारे जाने की पुष्टि हो गई है। गोलियों की आवाज सुनाई देने के कुछ ही मिनटों के अंदर एजेंटों ने कमरे को घेर लिया और मुख्य गलियारे से दौड़ते हुए अंदर आए। क्योंकि कैबिनेट के अधिकारी पूरे कमरे में अलग-अलग जगहों पर बैठे थे, इसलिए उनमें से कई लोग जमीन पर ही लेटे रहे और जब राष्ट्रपति को मंच से बाहर निकाला जा रहा था, तब तक वे मेजों के नीचे दुबके रहे। (खबर लगातार अपडेट हो रही है…)
