छत्तीसगढ़ के राजधानी रायपुर में प्लाईवुड कंपनी के कर्मचारी से 35 लाख रुपए की ठगी हुई है। आरोपी “आधा नोट” ट्रिक का इस्तेमाल कर हवाला की रकम लेकर भाग गए। जब कर्मचारी ने अपने मालिक को नोट का फोटो खींचकर भेजा, तो नंबर फर्जी निकले। वारदात की शिकायत के बाद पुलिस में केस दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल नंबर के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है। वहीं, हवाला एंगल सामने आने के बाद इनकम टैक्स विभाग ने भी पैसों के सोर्स की जांच शुरू कर दी है। रायपुर में हर दिन 30 करोड़ का हवाला कारोबार हो रहा है। घटना तेलीबांधा थाना इलाके की है। जानिए क्या है पूरा मामला जानकारी के मुताबिक, मूलतः मुंबई निवासी करण शर्मा एक प्लाईवुड फैक्ट्री में काम करता है। अपने मालिक व्यापारी कनक राम के कहने पर 11 अप्रैल को रायपुर पहुंचा था। उसके मालिक का हवाला कारोबार भी बताया जा रहा है। करण को रायपुर में एक व्यापारी से 35 लाख रुपए कैश लेना था। जिसे बाद में दूसरे व्यक्ति तक पहुंचाना था। करण तय स्थान पर पहुंचा, जहां पहले व्यापारी ने आधा नोट दिखाया। नोट के सीरियल नंबर का मिलान करने के बाद उसने 35 लाख रुपए ले लिए। इसके बाद उसने अपने मालिक को इसकी जानकारी दी। मालिक ने उसे वहीं रुकने को कहा और बताया कि यह पैसे दूसरे व्यापारी को देना है। पहले सौदे में असली नोट, दूसरे में निकला फर्जी कुछ ही देर बाद करण के पास दूसरे व्यापारी का फोन नंबर और नोट का सीरियल नंबर आया। उसने फोन किया तो उसे वीआईपी तिराहा स्थित श्रीराम मंदिर के पास बुलाया गया। वहां एक व्यक्ति ने उसे आधा नोट दिखाया। सीरियल नंबर मैच करने के बाद करण ने बिना शक किए 35 लाख रुपए उसे दे दिए। जब करण ने उस आधे नोट की फोटो खींचकर अपने मालिक को भेजा, तब पता चला कि, नोट का नंबर फर्जी है। वह असली सौदे से मेल नहीं खाता है। इसके बाद करण को समझ आया कि, वह ठगी का शिकार हो चुका है। थाने में शिकायत, CCTV में दिखा संदिग्ध पीड़ित ने घटना की शिकायत तेलीबांधा थाने में दर्ज कराई है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में एक संदिग्ध कैद हुआ है। साथ ही जिस मोबाइल नंबर से संपर्क किया गया था, उसके आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। IT विभाग भी करेगी जांच पुलिस ने हवाला कारोबारी के साथ हुई घटना की जानकारी इनकम टैक्स विभाग को भी दी है। आईटी विभाग ने पैसों की सोर्स को लेकर जांच शुरू कर दी है। लेन-देन से जुड़ी जानकारी भी व्यापारी से मांगी गई है। रायपुर में हर दिन 30 करोड़ का हवाला हवाला कारोबारी से जुड़े लोगों के अनुसार, रायपुर में हर दिन 30 करोड़ का हवाला कारोबार हो रहा है। रायपुर से मुंबई-झारखंड पैसे भेजने की डिमांड ज्यादा है। इस पैसे को भेजने के एवज में 1 लाख रुपए (एक पेटी) भेजने पर 1500 से 2000 रुपए कमीशन फिक्स है। हवाला का कारोबार रायपुर से विदेशों तक हो रहा है। हवाला कारोबार से जुड़े लोग दुबई, श्रीलंका और नेपाल में भी पैसे ट्रांसफर करने का दावा भी करते हैं।
ED की जांच में हो चुकी हवाला की पुष्टि ED के अफसरों ने जांच के बाद अपनी चार्जशीट में महादेव बुक का पैसा अफसरों तक पहुंचने में हवाला होने की पुष्टि की थी। पुलिस के हत्थे चढ़े पुलिसकर्मियों ने इस बात को कबूला है कि, रायपुर और दुर्ग के हवाला कारोबारियों के माध्यम से विदेशों से पैसा आता था। ये पैसा अफसरों और राजनेताओं तक पहुंचता था। इस पैसों को इधर से उधर पहुंचाने में कई कुरियर बॉय काम करते थे। ……………………………. इससे संबंधित यह खबर भी पढ़िए… रायपुर में स्कूटी की डिक्की से 75 लाख कैश पकड़ाया…VIDEO: हवाले का पैसा ठिकाने लगाने से पहले जब्त; 15 इलाकों में चल रहा अवैध कारोबार छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक स्कूटी की डिक्की से 75 लाख कैश पकड़ाया है। जांच में पता चला है कि पूरा पैसा हवाले का था। रायपुर के ही रहने वाले मिलन शर्मा (25) जो पेशे से कलेक्शन एजेंट है। वह शुक्रवार रात (27 फरवरी) अलग-अलग इलाकों के कारोबारियों से पैसे कलेक्ट कर समता कॉलोनी पहुंचा था। साइबर पुलिस ने उसे वहीं पकड़ लिया। पढ़ें पूरी खबर…
