छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में 22 मार्च को बस्तर हेरिटेज मैराथन-2026 का आयोजन किया गया था। जिसमें मेहनत की नहीं, बल्कि 2 खिलाड़ियों ने ‘जुगाड़’ की दौड़ पूरी की थी। 42 किलोमीटर की मैराथन में 2 महिला प्रतिभागी गाड़ी के सहारे फिनिश लाइन तक पहुंची और जीत हासिल की। दरअसल, जगदलपुर के लालबाग मैदान से चित्रकोट जलप्रपात तक 42 किमी की दौड़ हुई थी। लोहंडीगुड़ा की प्रतिभागी प्रमिला मंडावी ने गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया कि, दूसरे और तीसरे स्थान पर रही नेहा और कौशल्या नेताम ने दौड़ के दौरान वाहन का इस्तेमाल किया। शिकायत के बाद जब प्रशासन हरकत में आया और जांच शुरू की गई, तो CCTV फुटेज में लड़कियां गाड़ी में बैठी नजर आई। अब उनकी प्राइज मनी रुकवा दी गई है। जिन्होंने दौड़कर जीत हासिल की उन्हें प्राइज दिया जाएगा।
जीत की यह कहानी पसीने से नहीं, पहियों की रफ्तार से लिखी CCTV फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि, दोनों प्रतिभागी दौड़ के बीच कुछ दूरी तक एक वाहन में सफर करती नजर आईं। इसके बाद फिनिश लाइन से पहले उतरकर दोबारा दौड़ में शामिल हो गईं, जिससे किसी को शक न हो। यानी जीत की यह कहानी पसीने से नहीं, बल्कि पहियों की रफ्तार से लिखी गई। जांच में आरोप सही पाया जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद प्रशासन ने तत्काल सख्त कार्रवाई करते हुए दोनों प्रतिभागियों को विजेताओं की सूची से बाहर कर दिया। साथ ही टॉप-10 की संशोधित सूची जारी करनी पड़ी। हालांकि, इस मामले ने पूरे आयोजन पर भी सवाल खड़ा कर दिए हैं। प्राइज मनी रुकवाई गई- CEO जिला पंचायत CEO प्रतीक जैन ने कहा कि, 42 किमी की मैराथन में बस्तर कैटेगरी से 2 लोगों को इनाम मिला था। शिकायत के बाद जांच करवाई गई। जिसमें गाड़ी में बैठने का पता चला। जिसके बाद उनकी प्राइज मनी रुकवा दी गई है। उन्होंने कहा कि, जिन्होंने दौड़कर जीत हासिल की उन्हें प्राइज दिया जाएगा। ……………………………. इससे संबंधित यह खबर भी पढ़िए… बस्तर हेरिटेज मैराथन 2026…200 सरेंडर्ड-नक्सली केन्या के एथलीट संग दौड़े:मुख्यधारा से जुड़ने का दिया संदेश, आयोजन में 9 हजार लोगों ने लिया हिस्सा 22 मार्च को बस्तर हेरिटेज मैराथन 2026 का सफल आयोजन किया गया। इस मैराथन में विदेशी एथलीट के साथ-साथ सरेंडर्ड कैडर ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता 5, 10, 21 और 42 किमी की अलग-अलग श्रेणियों में आयोजित हुई, जिसमें कुल 25 लाख रुपए की प्राइज मनी रखी गई थी। पढ़ें पूरी खबर…
