संसद के बजट सत्र के दूसरे फेज का आज तीसरा दिन है। लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही प्रश्नकाल में ही विपक्ष ने हंगामा शुरू किया है। ‘नरेंदर-सरेंडर’ के नारे लगा रहा है। नारेबाजी जारी है। अमेरिका-इजराइल और ईरान जंग का भारत पर असर और गैस-पेट्रोल की कमी पर चर्चा की मांग विपक्ष कर रहा है। आज भी स्पीकर ओम बिरला को हटाने के लिए विपक्ष के अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा की जानी है। इस पर चर्चा के लिए कल 10 घंटे का समय तय हुआ है, जिसमें मंगलवार को करीब 7 घंटे तक बहस हो चुकी है। आज केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सदन को संबोधित करेंगे। मंगलवार को सत्र के दूसरे दिन विपक्षी सांसद ओम बिरला पर सदन की कार्यवाही में पक्षपात का आरोप लगाते हुए अविश्वास प्रस्ताव लाए थे। 50 से अधिक सांसदों के प्रस्ताव के समर्थन में वोट करने के बाद पीठासीन अधिकारी ने इसे सदन में पेश करने और चर्चा की मंजूरी दी थी। बहस की शुरुआत करते हुए कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने कहा कि बजट सत्र के दौरान 20 बार नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को रोका-टोका गया। उन्हें बार बार रूलिंग बुक दिखाई गई। विपक्ष ने कहा कि स्पीकर सरकार के दबाव में काम कर रहे हैं। वहीं संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि ओम बिरला पर लगे आरोप झूठे हैं। वे निष्पक्षता से सदन की कार्यवाही चलाते हैं। 15वीं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष केवल 2 बार बोले। जब सेशन चलता है, तो विदेश चले जाते हैं। नेता प्रतिपक्ष अपनी बात बोल के सदन से भाग जाते हैं। किसी और की बात नहीं सुनते हैं। फिर कहते हैं कि मुझे बोलने नहीं दिया जाता है। संसद की कार्यवाही के पल-पल के अपडेट को जानने के लिए नीचे के ब्लॉग से गुजर जाएं…
