बलरामपुर जिले के हंसपुर गांव में कुसमी SDM और नायब तहसीलदार पर तीन ग्रामीणों के साथ मारपीट करने का गंभीर आरोप लगा है। मारपीट में घायल एक ग्रामीण की इलाज के दौरान कुसमी अस्पताल में मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल बताए जा रहे हैं। घटना कुसमी थाना क्षेत्र की है। बताया गया है कि राजस्व टीम हंसपुर में बक्साइट के अवैध उत्खनन की जांच के लिए पहुंची थी। घायलों का कहना है कि वे गेहूं के खेत में पानी पटाकर लौट रहे थे, तभी उन्हें रोका गया और पीटा गया। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन सकती है। इसे देखते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुसमी और कुसमी थाना परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। फिलहाल, मामले की जांच जारी है। हालांकि, इस मामले में एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। लेकिन SDM समेत 4 को हिरासत में लिया गया है। देखिए पहले ये तस्वीरें- जानिए क्या है पूरा मामला ? जानकारी के मुताबिक, कुसमी एसडीएम करूण डहरिया और नायब तहसीलदार पारस शर्मा राजस्व टीम के साथ रविवार देर शाम हंसपुर पहुंचे थे। टीम वहां बक्साइट के अवैध उत्खनन की जांच कर रही थी। रात में हंसपुर के तीन ग्रामीण सरना के पास टीम को मिले। आरोप है कि एसडीएम, नायब तहसीलदार और उनके साथ मौजूद युवकों ने तीनों ग्रामीणों को डंडों और लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा। इसके बाद तीनों को गाड़ी में बैठाकर कुसमी ले जाया गया। रास्ते में एक ग्रामीण की हालत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गया। अस्पताल में एक की मौत, दो घायल रास्ते में एक ग्रामीण के बेहोश होने के बाद टीम तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुसमी लेकर पहुंची। इलाज के दौरान राम नरेश राम (60) की मौत हो गई। घायलों में अजीत उरांव (60) और आकाश अगरिया (20) शामिल हैं। घायल बोले- खेत से लौटते समय रोका गया घायल आकाश अगरिया और अजीत उरांव ने बताया कि वे गेहूं के खेत में पानी पटाने गए थे। रात करीब 8 बजे वापस लौट रहे थे। इसी दौरान एसडीएम की गाड़ी और एक अन्य वाहन में सवार 6 से 7 लोगों ने सरना के पास उन्हें रोका और पूछताछ की। इसके बाद डंडों और लात से उनकी पिटाई कर दी गई। घायलों के मुताबिक, उन्हें जबरन गाड़ी में बैठाकर कुसमी ले जाया जा रहा था। रास्ते में राम नरेश राम बेहोश हो गया, जिसके बाद तीनों को अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल और थाने में पुलिस बल तैनात घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन सकती है, इसे देखते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुसमी और कुसमी थाना परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। राजपुर थाने में रखे गए अधिकारी और युवक बताया जा रहा है कि कुसमी एसडीएम, नायब तहसीलदार और मारपीट में शामिल बताए गए युवकों को राजपुर थाने में रखा गया है। अवैध बक्साइट उत्खनन से जुड़ा मामला बताया गया है कि ग्राम हंसपुर में अवैध बक्साइट उत्खनन किया जा रहा था। ग्रामीणों ने एक बक्साइट लोड ट्रक पकड़ लिया था, जिसके बाद ब्लैकमेलिंग की बात सामने आई। इसी सूचना पर एसडीएम और नायब तहसीलदार मौके पर पहुंचे थे।बलरामपुर एडिशनल एसपी विश्व दीपक त्रिपाठी भी जांच के लिए कुसमी पहुंच गए हैं। स्थानीय युवकों के साथ पहुंचे थे अधिकारी जानकारी के अनुसार, अधिकारी सुरक्षा कर्मियों के बिना ही स्थानीय युवकों के साथ मौके पर पहुंचे थे। मारपीट में सुदीप, मंदीप, विक्की सिंह सहित अन्य युवकों के शामिल होने की बात सामने आई है। फॉरेंसिक टीम बुलाई गई, FIR दर्ज नहीं मामले की जांच जारी है। अंबिकापुर से फॉरेंसिक एक्सपर्ट को भी कुसमी बुलाया गया है। फिलहाल इस मामले में एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। ……………………….. यह खबर भी पढ़ें… कोर्ट कर्मचारी को जमीन में लेटाकर लात-घुसों से पीटा..VIDEO: गरियाबंद कोर्ट के फैसले के खिलाफ था परिवार; मोबाइल और बैग छीनकर दस्तावेज फाड़े गरियाबंद जिले में कोर्ट के कर्मचारी को जमीन में लेटाकर बेरहमी से पिटाई की गई। ग्राम मूढगेलमाल माहुलपारा में कोर्ट के आदेश पर कर्मचारी रामराव सोलंके जमीन का कब्जा दिलाने गए थे। इसी दौरान 8 से 10 लोगों ने उनसे मारपीट की। पढ़ें पूरी खबर…
