अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के ओहियो राज्य के सिनसिनाटी में स्थित घर में हमला हुआ है। CNN ने सूत्रों के हवाले से बताया कि उनके घर की खिड़कियां टूटी हैं। पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है। वेंस के घर के पास रविवार रात 12:15 बजे किसी को भागते हुए देखा गया था। अधिकारियों के मुताबिक, जिस समय यह घटना हुई, उस वक्त जेडी वेंस और उनका परिवार घर पर मौजूद नहीं था। शुरुआती जानकारी में यह भी सामने आया है कि हिरासत में लिया गया व्यक्ति उपराष्ट्रपति के घर के अंदर घुसने में सफल नहीं हुआ। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि क्या यह घटना जानबूझकर जेडी वेंस या उनके परिवार को निशाना बनाकर की गई थी या इसके पीछे कोई और वजह है। मामले को लेकर मीडिया ने व्हाइट हाउस और सीक्रेट सर्विस से भी जानकारी मांगी गई है, लेकिन अभी तक उनकी ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वेंस पिछले एक हफ्ते से सिनसिनाटी में थे, लेकिन रविवार दोपहर को शहर से रवाना हो गए। उन्होंने घर पर लगभग 14 लाख डॉलर खर्च किए और यह लगभग 2.3 एकड़ में फैला हुआ है। परिवार के साथ ओहियो में रहते हैं जेडी वेंस व्हाइट हाउस की वेबसाइट के मुताबिक जेडी वेंस अपने परिवार के साथ ओहियो के सिनसिनाटी शहर में रहते हैं। उनका जन्म 2 अगस्त 1984 को अमेरिका के ओहियो राज्य में एक स्कॉट-आयरिश फैमिली में हुआ था। जेडी अपनी मां बेवर्ली एकिंस के दूसरे पति डोनाल्ड बोमन की संतान हैं। जब जेडी का जन्म हुआ, तब उनके माता-पिता तंगी से जूझ रहे थे। ऐसे में जेडी का बचपन गरीबी में बीता। जब जेडी कुछ ही महीनों के थे, तो उनके पेरेंट्स का तलाक हो गया। इसके दो साल बाद बेवर्ली ने बॉब हैमेल से शादी की। इसी बीच पैसों की तंगी के कारण जेडी की मां बेवर्ली को ड्रग्स और शराब की लत लग गई। ऐसे में जेडी ने अपना बचपन नाना जेम्स वेंस और नानी बोनी वेंस के साथ बिताया। अपने बचपन पर लिखी किताब ‘हिलबिली एजेली: ए मेमोयर ऑफ ए फैमिली एंड कल्चर इन क्राइसिस’ में जेडी लिखते हैं, ‘मुझे अपनी मां का बार-बार मकान बदलना पसंद नहीं था। मुझे नाना-नानी के घर में ही अच्छा लगता।’ पहली नजर में हिंदू लड़की से प्यार हुआ, आज उनके 3 बच्चे येल लॉ स्कूल में कानून की पढ़ाई दौरान जेडी को उषा चिलकुरी नाम की एक लड़की मिली। ‘हिलबिली एलेजी’ किताब में जेडी लिखते हैं, ‘मुझे पहली ही नजर में उषा से प्यार हो गया था। हमारी पहली डेट के बाद ही मैंने अपने प्यार का इजहार कर दिया था।’ पहले 2010 में दोनों अच्छे दोस्त बने, फिर 2014 में उन्होंने हिंदू रीति-रिवाजों से शादी कर ली। दरअसल, उषा का फैमिली बैकग्राउंड उनसे बिल्कुल अलग हैं। उषा भारतीय मूल की हिंदू हैं। उनके पिता ने IIT से मेकैनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है, जबकि मां बायोलॉजिस्ट हैं। उषा ने एक टीवी शो में बताया था कि वे एक शाकाहारी हैं। वहीं जेडी को मीट बहुत पसंद है, लेकिन उनके लिए जेडी ने वेजिटेरियन लाइफस्टाइल अपनाई। उन्होंने उषा की मां से शाकाहारी खाना बनाना भी सीखा। जेडी की पॉलिटिक्स में भी उषा ने अहम रोल निभाया है। वे जेडी के भाषणों और डिबेट्स में उनकी मदद करती हैं। उषा से शादी के बाद जेडी ने फिर से अपना नाम बदल लिया। नाना-नानी के सम्मान में उन्होंने अपना नाम जेम्स डेविड हैमेल से बदल कर जेम्स डेविड वेंस रखा। जेडी और उषा के तीन बच्चे भी हैं। 7 साल के इवान और 4 साल के विवेक उनके बेटे हैं। वहीं 3 साल की मिराबेल उनकी बेटी हैं। कभी ट्रम्प को इडियट और हिटलर बताया 2016 में जब डोनाल्ड ट्रम्प पहली बार अमेरिकी राष्ट्रपति का चुनाव लड़ रहे थे, तब जेडी उनके विरोधी थे। रिपब्लिकन पार्टी से जुड़े होने के बावजूद जेडी मानते थे कि अमेरिका के सबसे ऊंचे पद के लिए ट्रम्प काबिल नहीं हैं। सार्वजनिक तौर पर जेडी ट्रम्प को ‘इडियट’, ‘कल्चरल हेरोइन’ और ‘कलंक’ तक कह चुके हैं। 2016 में ही उन्होंने येल लॉ स्कूल के एक दोस्त को फेसबुक पर प्राइवेट मैसेज कर ट्रम्प को हिटलर तक कहा था। जेडी ने मैसेज मे लिखा, मैं यह सोचता रहता हूं कि ट्रम्प निक्सन की तरह एक सनकी बदमाश है, जो शायद इतना बुरा नहीं होगा या वह (ट्रम्प) अमेरिका का हिटलर है। ये मैसेज 2022 में सामने आया। हालांकि तब तक जेडी, ट्रम्प सपोर्टर बन गए थे।
