ललित मोदी ने वायरल वीडियो पर माफी मांगी:लिखा- मैं भारत सरकार से माफी मांगता हूं; कहा था- मैं और माल्या भारत के सबसे बड़े भगोड़े

भारत में आर्थिक अपराधी घोषित ललित मोदी का 22 दिसंबर को वीडियो सामने आया था। इसमें वो भगोड़े विजय माल्या के साथ नजर आए थे। इसमें ललित ने खुद को और माल्या को भारत के दो सबसे बड़े भगोड़े कहा था। अब ललित ने अपने वीडियो पर माफी मांगी है। X पोस्ट में ललित ने लिखा- मेरे बयान से यदि किसी की भावनाएं आहत हुई हों, खासकर भारत सरकार की, तो मैं इसके लिए माफी चाहता हूं। बयान का आशय वैसा नहीं था, जैसा उसे समझा गया। किसी भी गलतफहमी के लिए फिर से माफी मांगता हूं। माल्या 2016 से ब्रिटेन में है और 2019 में उसे आधिकारिक तौर पर भगोड़ा आर्थिक अपराधी घोषित किया गया था। वहीं, ललित मोदी 2010 से विदेश में रह रहा है और उस पर टैक्स चोरी, मनी लॉन्ड्रिंग और आईपीएल से जुड़े गंभीर आरोप हैं। अब जानिए पूरा मामला क्या है… 22 दिसंबर को विजय माल्या और ललित मोदी का वीडियो वायरल हुआ। इसमें ललित मोदी खुद को और माल्या को भारत के दो सबसे बड़े भगोड़े कह रहा है। वीडियो माल्या के जन्मदिन का था। इसे ललित मोदी ने खुद पोस्ट किया था। लिखा था- चलो, फिर से इंटरनेट हिला देता हूं। खासकर आप मीडिया वालों के लिए। जलन के साथ देखते रहिए। वीडियो में माल्या अपनी पार्टनर पिंकी लालवानी के साथ मुस्कुराते नजर आए थे। अब वीडियो देखें… 23 दिसंबर: बॉम्बे हाईकोर्ट में मंगलवार को माल्या की याचिका पर सुनवाई हुई बॉम्बे हाईकोर्ट में को माल्या की याचिका पर सुनवाई हुई। याचिका में माल्या ने खुद को भगोड़ा आर्थिक अपराधी घोषित करने के आदेश को चुनौती दी है। कोर्ट ने माल्या के वकील से पूछा कि वह (माल्या) भारत कब लौटेंगे। चीफ जस्टिस श्री चंद्रशेखर और जस्टिस गौतम अंखाड की बेंच ने कहा था कि माल्या फिलहाल भारतीय अदालत के अधिकार क्षेत्र से बाहर हैं। ऐसे में उनकी याचिका पर सुनवाई नहीं हो सकती। इस दौरान प्रवर्तन निदेशालय (ED) की ओर से सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने दलील दी थी कि विदेश में रहकर कानून को चुनौती देने की इजाजत नहीं दी जानी चाहिए। उन्होंने बताया कि माल्या के प्रत्यर्पण की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। माल्या के वकील ने दावा किया कि बैंकों की वित्तीय देनदारी काफी हद तक वसूल हो चुकी है, लेकिन कोर्ट ने कहा कि आपराधिक जिम्मेदारी बिना अदालत के सामने आए खत्म नहीं की जा सकती। अब इस मामले की अगली सुनवाई 12 फरवरी को होगी। भारत से क्यों भागा था ललित मोदी? ललित मोदी 2005 से 2009 तक राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन का अध्यक्ष था। 2008 में उसने IPL शुरू किया। BCCI ने उसे IPL का अध्यक्ष और कमिश्नर बनाया। 2010 में ललित पर IPL में करप्शन के आरोप लगे। ललित ने मॉरीशस की कंपनी वर्ल्ड स्पोर्ट्स को IPL का 425 करोड़ का ठेका दिया था। मोदी पर 125 करोड़ रुपए कमीशन लेने के आरोप लगे। ये भी कहा गया कि उसने दो नई टीमों की नीलामी के दौरान गलत तरीके अपनाए। 2010 में BCCI ने IPL के तीसरे सीजन के फाइनल के तुरंत बाद ललित को सस्पेंड कर दिया। 2010 में ही अंडरवर्ल्ड से धमकियों का हवाला देते हुए ललित मोदी भारत से भाग कर लंदन चला गया। ED ने उसके खिलाफ ‘ब्लू कॉर्नर’ नोटिस जारी किया। उसका पासपोर्ट भी रद्द कर दिया गया। —————— ये खबर भी पढ़ें…. विजय माल्या ने RCB को बधाई दी:यूजर्स बोले- RCB जीत गई अब तो पैसे वापस कर दो, एक ने लिखा- घर आजा परदेसी विजय माल्या ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को उनकी पहली IPL ट्रॉफी जीतने पर बधाई दी है। उनकी बधाई वाली पोस्ट पर यूजर्स के तरह-तरह के कमेंट आए हैं। एक ने लिखा, RCB जीत गई अब तो पैसे वापस कर दो। पूरी खबर पढ़ें…

More From Author

न्यू ईयर सेलिब्रेशन,200-300% बढ़े फॉर्म हाउस के रेट:रायपुर में प्राइवेसी फर्स्ट-कॉन्सेप्ट, 40-50 हजार में बुकिंग, 600 जवान तैनात; पढ़िए शहर में कहां क्या आयोजन

टी-20 मैच में 8 विकेट लेने का वर्ल्ड रिकॉर्ड बना:भूटान के स्पिनर ने म्यांमार के खिलाफ किया कारनामा, 4 ओवर में 7 रन दिए

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *