रोवमैन पॉवेल ने बताया अपनी पावर हिटिंग का सीक्रेट:कहा- कड़ी मेहनत से खुद पर भरोसा बढ़ता है; KKR ने भरोसा दिखाया, अब मेरी बारी

26 जनवरी 2022…ब्रिजटाउन का केंसिंग्टन ओवल मैदान। इंग्लैंड-वेस्टइंडीज के उस मैच में दुनिया ने रोवमैन पॉवेल की पावर हिटिंग का नमूना देखा था। तब पावेल ने 53 गेंद पर 10 छक्कों के सहारे 107 रन बनाए थे। पॉवेल ने दैनिक भास्कर को अपनी पावर हिटिंग का राज बताया है। 32 साल के इस कैरेबियन हिटर ने पावर हिटिंग के सवाल पर कहा- ‘मेरी पावर हिटिंग का सीक्रेट कड़ी मेहनत है। जब आप बहुत मेहनत करते हैं, तो खुद पर भरोसा बढ़ता है।’ वे UAE में चल रही इंटरनेशनल टी-20 लीग में हिस्सा ले रहे हैं। वे दुबई कैपिटल्स का हिस्सा हैं। टूर्नामेंट के मैच जी इंटरटेनमेंट स्पोर्ट्स पर प्रसारित हो रहे हैं। वेस्टइंडीज के पावर हिटर पॉवेल ने अपनी पावर हिटिंग, वेस्टइंडीज क्रिकेट और IPL पर बात की। सवाल-जवाब में रोवमैन पॉवेल से बातचीत सवाल- आपकी टीम पहला मैच हार गई है। डिफेंडिंग चैंपियन होने के नाते आगे की क्या प्लानिंग है?
पॉवेल- मुझे लगता है कि हमें पिछले मैच से सीख लेने की जरूरत है। हमें देखना होगा कि हमारी प्लानिंग सही थी या नहीं। क्या हम अपनी प्लानिंग को मैदान पर लागू कर पाए। हमारे पास अगले मैच से पहले कुछ दिन हैं। हम ट्रेनिंग में अपनी कमियों पर काम करेंगे और मजबूत वापसी करेंगे। सवाल- अब तक किसी भी टीम ने लगातार दो टाइटल नहीं जीते हैं। इस पर आप क्या कहेंगे?
पॉवेल- यह दिखाता है कि हर साल टीमें और मजबूत होकर लौटती हैं। हम डिफेंडिंग चैम्पियन हैं, तो सब हमें हराने के लिए खास तैयारी करते हैं। हमें लगातार अच्छा खेलना होगा, और एक बार जब लय मिल जाए, तो ज्यादा से ज्यादा मैच जीतने होंगे। प्लेऑफ में पहुंच गए तो फिर जीतने की पूरी संभावना रहती है। सवाल- IPL फ्रेंचाइजी KKR ने आपको रिटेन किया है। यह खबर सुनकर कैसा लगा?
पॉवेल- यह सुनकर अच्छा लगा। फ्रेंचाइजी ने मुझ पर भरोसा दिखाया। अब मेरी बारी है कि 2026 IPL में जाकर उस भरोसे पर खरा उतरने की जरूरत है। सवाल- जब आप बैटिंग करने आते हो। पहले बॉल से छक्के मारना शुरू कर देते हैं। आपको इस बात से फर्क नहीं पड़ता कि सिचुएशन क्या है…इसके पीछे क्या राज है?
पॉवेल- कड़ी मेहनत है। जब आप बहुत मेहनत करते हैं, तो खुद पर भरोसा बढ़ता है। एक पावर हिटर के रूप में कठिन स्थिति में भी वही करना होता है जो आप करना चाहते हैं। मेरा काम है छक्के मारना। सवाल- आंद्रे रसेल ने IPL से रिटायरमेंट ले लिया है। अब फैंस आपसे उसी रोल की उम्मीद कर रहे हैं। क्या दबाव महसूस करते हैं?
पॉवेल- नहीं, बिल्कुल नहीं। मैंने कभी खुद को रसेल की जगह लेने वाला नहीं माना। मैं उनकी जगह भरने की कोशिश करूंगा। उन्होंने KKR के लिए कई मौकों पर बेहतरीन प्रदर्शन किया है। रसेल KKR के लिए एक लीजेंड हैं। मेरी कोशिश यही है कि पहले IPL में अपना स्थान बनाऊं और फिर टीम व फैंस के लिए अच्छा खेल दिखाऊं। सवाल- वेस्टइंडीज T20 और ODI दोनों में दो-दो बार वर्ल्ड चैंपियन रहा है, लेकिन पिछले कुछ समय से टेस्ट और इंटरनेशनल क्रिकेट में टीम के प्रदर्शन गिरावट दिख रही है। ऐसा क्यों?
पॉवेल- सही लोगों को सही पदों पर नहीं रखा गया है। फैसले लेने वाली जगहों पर ऐसे लोग होने चाहिए, जिन्हें वेस्टइंडीज क्रिकेट से गहरा लगाव हो। मुझे लगता है कि वेस्टइंडीज क्रिकेट के एडमिनिस्ट्रेशन में जो लोग बैठे हैं, वे क्रिकेट को बढ़ाने के बारे में नहीं सोचते। हमारा क्रिकेट इन्फ्रास्ट्रक्चर भी उस लेवल का नहीं है। हमारे पास टैलेंटेड प्लेयर्स हैं, लेकिन उन्हें तैयार करने के लिए भारत, ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड जैसा सिस्टम नहीं है। सवाल- आप पावर हिटर हैं। आपको दुनिया के कौन-कौन से एक्टिव पावर हिटर्स पसंद हैं?
पॉवेल- जब मैं छोटा था, तब मेरे लिए क्रिस गेल सबसे बड़े थे। फिर आंद्रे रसेल और कीरोन पोलार्ड, जोकि पिछले 15 साल से टॉप लेवल पर पावर हिटिंग कर रहे हैं। मैं हमेशा उनसे सीखने की कोशिश करता हूं। सवाल- T20 वर्ल्ड कप सिर्फ 3 महीने दूर है। क्या वेस्टइंडीज एक बार फिर सबको चौंका सकता है?
पॉवेल- हां, बिल्कुल। हमारे पास खिलाड़ी हैं। मेरे लिए अगर हम अच्छा करते हैं तो यह कोई सरप्राइज नहीं है। क्योंकि, हम दो बार चैंपियन रहे हैं। दबाव वाली स्थिति में अगर टीम का माइंडसेट सही हो जाए, तो हम आम तौर पर टूर्नामेंट में दूर तक जाते हैं। उम्मीद है कि हम श्रीलंका और भारत में अच्छा क्रिकेट खेलें और फैंस को खुश करें।

More From Author

स्टाफ की कमी से इंडिगो की 550 फ्लाइट्स कैंसिल:एयरलाइन ने माफी मांगी, ठीक होने में 3 महीने लगेंगे; DGCA ने सुधार के लिए 4 आदेश दिए

रूसी राष्ट्रपति पुतिन 7 मंत्रियों के साथ भारत पहुंचे:PM मोदी के साथ द्विपक्षीय बातचीत करेंगे, 25 से ज्यादा समझौतों पर लगेगी मुहर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *