कपिल शर्मा के कैफे में फायरिंग, आरोपी दिल्ली से गिरफ्तार:चाइनीज पिस्टल, जिंदा कारतूस बरामद; कनाडा में कॉमेडियन के कैफे पर 3 बार हमला किया था

दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच ने शुक्रवार को कनाडा में कॉमेडियन कपिल शर्मा के कैप्स कैफे में हुई फायरिंग के आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी का नाम बंधु मान सिंह सेखों है, जो गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों गैंग का अहम हैंडलर बताया जा रहा है। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने उसके पास से PX-3 हाई-एंड पिस्टल (मेड इन चाइना) बरामद की है, जिसमें 8 जिंदा कारतूस भी मिले। पुलिस के मुताबिक सेखों के भारत में छिपे होने की सूचना मिली थी। इसके बाद दिल्ली से गिरफ्तार किया गया। उस पर आरोप है कि उसने फायरिंग की साजिश रची थी और शूटरों से लेकर लॉजिस्टिक सपोर्ट तक की व्यवस्था संभाली थी। दरअसल, कनाडा के एक्टर कॉमेडियन कपिल शर्मा के कनाडा स्थित कैप्स कैफे पर अब तक 3 बार फायरिंग हो चुकी है। तीनों बार फायरिंग की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े गोल्डी ढिल्लों और कुलवीर सिद्धू नेपाली ने ली थी। क्राइम ब्रांच बोली- गैंग के और सदस्यों की तलाश जारी क्राइम ब्रांच का कहना है कि सेखों लंबे समय से भारत और कनाडा के गैंगस्टरों के बीच कड़ी (लिंक) के तौर पर काम कर रहा था। वह गोलीबारी, उगाही और धमकी जैसे मामलों में शामिल रहा है। पुलिस अब गोल्डी ढिल्लों गैंग के अन्य सदस्यों, फंडिंग चैनल और हथियारों की सप्लाई नेटवर्क की जांच आगे बढ़ा रही है। इस कार्रवाई को हालिया अंतरराष्ट्रीय गैंगों के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। कैफे पर 3 बार फायरिंग हुई थी कनाडा स्थित कपिल के कैफे पर अब तक 3 बार फायरिंग हो चुकी है। ये घटनाएं जुलाई, अगस्त और अक्टूबर में हुई। तीनों बार फायरिंग की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े गोल्डी ढिल्लों और कुलवीर सिद्धू नेपाली ने ली थी। पहली बार फायरिंग- 10 जुलाई कपिल के कैफे पर पहली बार फायरिंग 10 जुलाई को हुए थी। इस दौरान हमलावरों ने कैफे पर 9 राउंड फायरिंग की थी। तब हमले की जिम्मेदारी खालिस्तानी आतंकी हरजीत सिंह लाडी ने ली थी। दूसरी बार फायरिंग- 7 अगस्त कपिल के कैफे पर दूसरी बार फायरिंग 7 अगस्त को हुए थी। इसके बाद कैफे की खिड़कियों में छह गोलियों के निशान और टूटा हुआ शीशा दिखाई दिया था। तीसरी बार फायरिंग- 18 अक्टूबर कपिल के कैफे पर तीसरी बार फायरिंग 18 अक्टूबर को हुई थी। इसके बाद लारेंस गैंग ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किया है। उसने अपने पोस्ट में लिखा- वाहेगुरु जी का खालसा, वाहेगुरु जी की फतेह। आज जो (फायरिंग हुई है, उसकी जिम्मेदारी मैं, कुलवीर सिद्धू और गोल्डी ढिल्लों लेते हैं। हमारी आम जनता से कोई दुश्मनी नहीं है। जिनसे हमारा झगड़ा है, वो हमसे दूर रहें। कपिल के बयान से नाराज होकर फायरिंग का दावा जब जुलाई में कैफे पर गोलीबारी की गई थी तब कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया था कि एक बार कॉमेडी शो के दौरान कपिल ने निहंग सिखों के खिलाफ टिप्पणी की थी, जिससे नाराज होकर गोलीबारी की गई थी। तब सोशल मीडिया पर हरजीत सिंह लाडी और तूफान सिंह नाम के एक अन्य व्यक्ति ने वीडियो के जरिए कपिल शर्मा को धमकी देते हुए कहा था कि अगर उन्होंने माफी नहीं मांगी तो मामला और बिगड़ सकता है। हालांकि, कपिल शर्मा ने निहंग सिखों पर क्या टिप्पणी की थी, यह साफ नहीं है। अनुमान है कि यह नेटफ्लिक्स के किसी पुराने एपिसोड या किसी लाइव शो से जुड़ा हो सकता है। इस साल की शुरुआत में, निहंग नेता बाबा बलबीर सिंह ने भी कपिल शर्मा के कंटेंट पर आपत्ति जताई थी। आतंकी पन्नू ने भी कपिल शर्मा को धमकी दी थी खालिस्तान आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू ने कुछ हफ्ते पहले कपिल शर्मा को कनाडा में कैफे खोलने पर धमकी दी थी। पन्नू ने वीडियो जारी करके कहा था कि कपिल खुद को हिंदूवादी बताता है। उसके कैफे पर फिर गोलियां चलाई जा सकती हैं और खालिस्तानी समर्थकों पर आरोप लगाए जा सकते हैं। पन्नू ने कहा था- भारत के लोग कनाडा के सरे शहर में निवेश कर रहे हैं। क्या कपिल का कैफे सिर्फ एक कॉमेडी कैफे है या हिंदुत्व का वैश्विक विस्तार करने की एक रणनीति का हिस्सा है? ये लोग कनाडा में बिजनेस कर रहे हैं, भारत में क्यों नहीं? जब वो कनाडा के कानून को नहीं मानते तो यहां क्यों आ रहे हैं। यह कोई खेल का मैदान नहीं है। अपना पैसा लेकर वापस हिंदुस्तान जाओ। यहां हिंदुत्व विचारधारा नहीं चलेगी। हालांकि दैनिक भास्कर पन्नू के वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। —————— ये खबर भी पढ़ें… कपिल शर्मा ने कनाडा कैफे फायरिंग पर तोड़ी चुप्पी:बोले- मैं अपने देश में असुरक्षित महसूस नहीं करता, मुंबई पुलिस से बेहतर कोई नहीं 26 नवंबर को कपिल शर्मा की फिल्म ‘किस किसको प्यार करूं 2’ का ट्रेलर लॉन्च हुआ। ट्रेलर लॉन्च के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कपिल ने वहां मौजूद मीडिया के सवालों के जवाब भी दिए। इस दौरान कपिल से उनके कनाडा स्थित कैप्स कैफे पर तीन बार हुई फायरिंग को लेकर सवाल किया गया। पूरी खबर पढ़ें…

More From Author

राजस्थान के कई शहरों में बारिश:MP में 1 दिसंबर से शीतलहर का अलर्ट; उत्तराखंड के 4 धामों में तापमान माइनस 10 डिग्री से नीचे

नेपाल ने भारत के 3 इलाकों को अपना बताया:100 रुपए के नोट पर विवादित मैप छापा; भारत बोला- ऐसे दावों से सच्चाई नहीं बदलती

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *