तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले में हैदराबाद-बीजापुर नेशनल हाईवे पर सोमवार सुबह गिट्टी से लदे डंपर ने आरटीसी बस को टक्कर मार दी। हादसे में बस सवार 17 लोगों की मौत हो गई। कई घायल हैं। बस तंदूर से हैदराबाद जा रही थी। बस में 70 से अधिक यात्री सवार थे। इनमें ज्यादातर कॉलेज छात्र थे। ये रविवार की छुट्टी में घर गए थे और कॉलेज अटेंड करने के लिए हैदराबाद लौट रहे थे। पुलिस ने बताया कि चेवेल्ला पुलिस स्टेशन क्षेत्र में खानपुर गेट के पास तेज रफ्तार डंपर के ड्राइवर ने कंट्रोल खो दिया और बस को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी थी कि बस बुरी तरह डैमेज हो गई और डंपर पर लदी गिट्टी बस के अंदर यात्रियों पर जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। गिट्टी के नीचे दबे लोगों को निकालने के लिए जेसीबी से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। घायलों को पास के सरकारी अस्पताल ले जाया गया है। इस भीषण हादसे के कारण हैदराबाद-बीजापुर हाईवे पर भीषण जाम लग गया। चेवेल्ला-विकाराबाद रूट पर वाहनों को रोके जाने से यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पुलिस स्थिति को काबू करने और यातायात को डायवर्ट करने की कोशिश कर रही है। हादसे पर तेलंगाना सीएम रेवंत रेड्डी ने दुख जताया। सीएम ने अधिकारियों को तुरंत घटनास्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए है। सीएम ने हादसे की पूरी डिटेल मांगी है। साथ ही चीफ सेक्रेटरी और डीजीपी को हादसे में घायल लोगों को तुरंत हैदराबाद पहुंचाने और उन्हें बेहतर इलाज की व्यवस्था करने का आदेश दिया है। यह खबर लगातार अपडेट की जा रही है..
