हरियाणा में रोहतक के ASI संदीप लाठर सुसाइड केस में अब खापों की एंट्री हो गई है। लाठर के पैतृक गांव जींद के जुलाना में रविवार (2 नवंबर) को पंचायत रखी गई है। लाठर खाप की अध्यक्षता में होने वाली पंचायत में रोहतक से भी 6 खापों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। पंचायत में इस केस में अब तक हुई जांच और आगे की रणनीति पर अहम फैसले हो सकते हैं। संभावना है कि पूरे मामले पर नजर रखने और सरकार-प्रशासन पर दबाव बनाने के लिए कमेटी बनाई जाए। जैसे IPS वाई पूरन कुमार सुसाइड केस में दलित समाज के प्रतिनिधियों की 31 मेंबरी कमेटी बनी है। यही 31 सदस्यीय कमेटी पूरे मामले पर नजर रखे हुए है और अहम निर्णय भी ले रही है। संदीप लाठर के परिजन अभी तक की जांच से संतुष्ट नहीं थे। जिसके बाद शुक्रवार को रोहतक के एसपी सुरेंद्र भोरिया से मुलाकात की थी। इस दौरान एसपी ने भरोसा दिलाया कि एफआईआर में नामजद IAS अफसर अमनीत पी कुमार से पूछताछ के लिए सरकार से अनुमति मांगी जा रही है। जिसके बाद परिवार के लोग संतुष्ट नजर आए थे। जानिए, IPS पूरन कुमार और ASI लाठर सुसाइड केस में क्या कनेक्शन… पंचायत में रोहतक से इन खापों के प्रतिनिधि होंगे शामिल
जुलाना में होने वाली पंचायत में संदीप लाठर के ममेरे भाई संजय देशवाल के साथ देशवाल खाप, कादयान खाप, मलिक खाप, अहलावत खाप व हुड्डा खाप के प्रतिनिधि शामिल होंगे। मनोहर लाल खट्टर से मिलने का मांग रहे समय
ASI संदीप लाठर के मामा के लड़के संजय देशवाल ने बताया कि मामले में जांच को लेकर जल्द ही केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात की जाएगी। केंद्रीय मंत्री से मिलने का समय लिया जा रहा है। पीजीआई में मनोहर लाल खट्टर से जो बातें हुई थी, उनको लेकर भी केंद्रीय मंत्री से चर्चा की जाएगी। 16 अक्टूबर को खट्टर ने लाठर के परिजनों से रोहतक पीजीआई में बंद कमरे में मुलाकात की थी। बाद में मीडिया के सामने खट्टर ने कहा था कि लाठर के बच्चों की पढ़ाई का खर्च सरकार उठाएगी, पत्नी को नौकरी दी जाएगी और नियमानुसार जो भी लाभ होंगे, वे दिलाए जाएंगे। पुलिस ने निकलवाई कॉल डिटेल
ASI संदीप लाठर सुसाइड केस में गठित SIT ने संदीप के फोन की कॉल डिटेल निकलवाई है। संदीप उस समय किससे बात कर रहे थे और वह क्यों परेशान थे, इसके बारे में कोई कुछ भी बोलने से परहेज कर रहा है। यहां तक कि SIT के सदस्य इस केस के बारे में कोई भी जानकारी देने से मना कर रहे हैं।
