पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर में गैंगरेप पीड़ित MBBS छात्रा के पिता ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से माफी मांगी है। पीड़ित के पिता ने कहा- ममता बनर्जी मेरे लिए मां जैसी हैं। अगर मैंने कुछ भी गलत कहा है, तो मैं उनसे माफी मांगता हूं। मैं उन्हें कोटि-कोटि प्रणाम करता हूं। दरअसल, CM ममता ने गैंगरेप मामले पर कहा था कि लड़कियों को रात में बार नहीं निकलना चाहिए। इससे नाराज पीड़ित के पिता ने कहा था- ऐसा लग रहा है कि बंगाल में औरंगजेब शासन है। वह (ममता बनर्जी) महिला होकर इतनी गैर-जिम्मेदाराना बात कैसे कह सकती हैं? इधर, दुर्गापुर पुलिस पीड़ित से आरोपियों की पहचान कराने के लिए पहचान परेड (टेस्ट आइडेंटिफिकेशन परेड) की तैयारी कर रही है। पुलिस कोर्ट से इसकी इजाजत मांगेगी। परमिशन मिली, तो पीड़ित को आरोपियों के सामने लाया जाएगा और वह खुद उनकी पहचान करेगी। MBBS छात्रा से 10 अक्टूबर की रात उसके मेडिकल कॉलेज के पास गैंगरेप हुआ था। इस मामले में उसके दोस्त सहित 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पीड़ित के दोस्त ने अब तक नहीं बताया है कि वह उसे छोड़कर क्यों भागा और कॉलेज आने के बाद किसी को घटना की जानकारी क्यों नहीं दी। दोस्त के साथ डिनर पर गई थी छात्रा
पीड़ित ओडिशा की रहने वाली है और दुर्गापुर के एक मेडिकल कॉलेज में MBBS सेकेंड ईयर की स्टूडेंट है। वह 10 अक्टूबर की रात 8 से 9 बजे के बीच अपने एक पुरुष मित्र के साथ डिनर पर गई थी। रात करीब 10 बजे, वापस लौटते समय मेडिकल कॉलेज के पास कुछ लोगों ने उससे रेप किया। छात्रा की आपबीती, 4 पॉइंट्स में… आरोपियों का गैट पैटर्न एनालिसिस भी करा सकती है पुलिस
पुलिस ने बताया कि 16 या 17 अक्टूबर को पीड़ित के दोस्त की मेडिको-लीगल जांच कराने की भी तैयारी है। जांच अधिकारी आरोपियों के गैट पैटर्न एनालिसिस (चाल-ढाल विश्लेषण) के बारे में भी सोच रहे हैं।इसमें किसी व्यक्ति के चलने या दौड़ने के तरीके का एनालिसिस किया जाता है। इस जांच में घटनास्थल पर मौजूद पैरों के निशान या CCTV कैमरे में किसी संदिग्ध की चाल की तुलना आरोपियों की चाल से की जाती है। CCTV फुटेज में मास्क या अंधेरे में चेहरा छिपा होने पर भी चाल का पैटर्न दिख जाता है। इससे अपराध में शामिल लोगों की पहचान करने में मदद मिल सकती है। ममता ने कहा था- पीड़ित रात के 12:30 बजे बाहर कैसे गई 12 अक्टूबर: ममता बोलीं- लड़कियों को रात में बाहर नहीं जाना चाहिए CM ममता ने 12 अक्टूबर को कहा था- मैं इस घटना को देखकर स्तब्ध हूं, लेकिन निजी मेडिकल कॉलेजों को भी अपने छात्रों, खासकर लड़कियों का ध्यान रखना चाहिए। पीड़ित रात के 12:30 बजे बाहर कैसे आ गई। ममता ने आगे कहा- लड़कियों को रात में बाहर नहीं निकलने देना चाहिए। उन्हें अपनी सुरक्षा खुद करनी होगी। खासकर सुनसान इलाकों में सतर्क रहना चाहिए। इस घटना की पूरी जिम्मेदारी कॉलेज प्रशासन की है। निजी कॉलेजों को छात्राओं की सुरक्षा की जिम्मेदारी लेनी चाहिए। ममता के इस बयान के बाद बंगाल भाजपा ने उनकी कड़ी आलोचना की। इसके बाद ममता ने अपने बयान पर सफाई देते हुए कहा- मीडिया ने मेरे शब्दों को तोड़-मरोड़ कर पेश किया। आप मुझसे एक सवाल पूछते हैं, मैं उसका जवाब देती हूं। इस तरह की राजनीति न करें। भाजपा ने दुर्गापुर में छह दिनों का धरना शुरू किया घटना के विरोध में बंगाल में विपक्षी भाजपा ने सोमवार को दुर्गापुर में छह दिनों के लिए धरना शुरू किया। बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने सिटी सेंटर इलाके में धरना शुरू किया। मंच से ममता के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अधिकारी ने आरोप लगाया कि गिरफ्तार आरोपियों में से एक TMC कार्यकर्ता है। 2024: कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में डॉक्टर का रेप-मर्डर हुआ था पश्चिम बंगाल में मेडिकल स्टूडेंट के साथ गैंगरेप की इस घटना ने 2024 के आरजी कर मामले की यादें ताजा कर दीं। कोलकाता स्थित आरजी कर मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में 8-9 अगस्त की रात एक ट्रेनी डॉक्टर का रेप-मर्डर हुआ था। 9 अगस्त की सुबह डॉक्टर की लाश सेमिनार हॉल में मिली थी। CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस ने संजय रॉय नाम के सिविक वॉलंटियर को अरेस्ट किया था। 20 जनवरी, 2025 को उसे उम्रकैद की सजा सुनाई गई। इस घटना को लेकर कोलकाता समेत देशभर में आक्रोश फैला था। बंगाल में 2 महीने से भी ज्यादा समय तक मेडिकल सेवाएं ठप रही थीं। बंगाल महिलाओं पर अपराध के मामले में टॉप-5 राज्यों में शामिल नेशनल क्राइम रिकॉर्ड्स ब्यूरो (NCRB) ने 30 सितंबर को देश में 2023 के दौरान हुए अपराधों की रिपोर्ट सार्वजनिक की। इस रिपोर्ट के मुताबिक, महिलाओं पर अपराध के मामले में पश्चिम बंगाल देश के टॉप 5 राज्यों में चौथे नंबर पर है। महिलाओं के खिलाफ अपराधों में यूपी, महाराष्ट्र, राजस्थान सबसे आगे हैं। वहीं, पांचवे नंबर पर मध्य प्रदेश है। NCRB ने बताया कि 2023 में महिलाओं के खिलाफ अपराध से जुड़े 4 लाख 48 हजार 211 केस दर्ज हुए, जिसमें सबसे ज्यादा ‘पति या रिश्तेदार द्वारा क्रूरता’, ‘अपहरण’, ‘बलात्कार’ और ‘छेड़छाड़’ के मामले थे। ………………………. रेप से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… दिल्ली में मेडिकल स्टूडेंट से एक महीने तक रेप, आरोपी वीडियो बनाकर ब्लैकमेल कर रहा था दिल्ली में एक 18 साल की MBBS स्टूडेंट से एक महीने तक रेप का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, 20 साल के एक युवक ने उसे दिल्ली के आदर्श नगर स्थित एक होटल के कमरे में पार्टी के बहाने बुलाया था। वहां उसके दो दोस्त भी थे। तीनों ने उसकी ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिला दिया। युवती के बेहोश होने पर मुख्य आरोपी ने उसका रेप किया, जबकि अन्य दो युवकों ने इसे रिकॉर्ड किया। पूरी खबर पढ़ें…
