ट्रम्प ब्रिटेन से बोले- सेना लगाकर अवैध प्रवासियों को रोको:ये देश को अंदर से बर्बाद करते हैं; फिलिस्तीन की मान्यता पर US-UK में सहमति नहीं

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर से कहा कि अवैध प्रवासियों को रोकने के लिए सेना का इस्तेमाल करना पड़े तो करो। लंदन में गुरुवार को जॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस में ट्रम्प ने कहा कि अवैध लोग देश को अंदर से बर्बाद करते हैं। स्टार्मर ने कहा कि अमेरिका और ब्रिटेन सबसे अच्छे दोस्त हैं। उन्होंने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के यूक्रेन पर हमलों को गलत बताया और कहा कि शांति चाहने वाले ऐसे काम नहीं करते। ट्रम्प ने भी पुतिन पर गुस्सा जताया और कहा कि उन्होंने मुझे बहुत निराश किया। स्टार्मर ने गाजा में शांति की अपील की, लेकिन ट्रम्प ने फिलिस्तीन को मान्यता देने से इनकार कर दिया। ट्रम्प ने ब्रिटेन में बोलने की आजादी की चिंता जताते हुए कहा कि “ब्रिटेन में स्वतंत्रता की परंपराएं” बनी रहनी चाहिए। दोनों ने एक बड़े टेक्नोलॉजी इन्वेस्टमेंट समझौते पर साइन किए। ट्रम्प ने कहा कि यह नई तकनीकी क्रांति लाएगा। उन्होंने मई में हुए अमेरिका-ब्रिटेन व्यापार समझौते की तारीफ की और स्टार्मर को बढ़िया डील करने वाला बताया। ट्रम्प बोले- 3 महीने में एक भी अवैध प्रवासी अमेरिका नहीं आया ट्रम्प ने अपनी पॉलिसी का उदाहरण देते हुए कहा कि अमेरिका में पहले लाखों लोग अवैध रूप से घुस रहे थे, लेकिन उनकी नीतियों ने इसे रोक दिया। ट्रम्प ने दावा किया कि पिछले तीन महीनों में एक भी इंसान अवैध तौर पर अमेरिका में नहीं घुसा, जबकि पहले लाखों लोग आ रहे थे। ट्रम्प ने स्टार्मर से कहा- आपका हाल भी ऐसा ही है। लोग आपके देश में घुस रहे हैं। मैंने पीएम से कहा कि इसे रोका जा सकता है। चाहे सेना बुलानी पड़े या कोई और तरीका अपनाना पड़े, यह करना जरूरी है। उन्होंने आगे कहा कि हमने अमेरिका में आए कई लोगों को वापस भेजना शुरू कर दिया है। ट्रम्प ने सुझाव दिया कि स्टार्मर को सख्त कदम उठाने चाहिए। ABC न्यूज चैनल को प्रेस कॉन्फ्रेंस हॉल से बाहर किया प्रेस कॉन्फ्रेंस शुरू होने से पहले ट्रम्प ने ऑस्ट्रेलियाई न्यूज चैनल ABC को बाहर कर दिया। इसके पीछे जगह की कमी कारण बताया गया है। कुछ दिन पहले ABC के पत्रकार जॉन लियोन्स और ट्रम्प के बीच वॉशिंगटन में बहस हो गई थी। ABC ने कहा कि उन्हें नहीं बताया गया कि लियोन्स के सवालों की वजह से ऐसा हुआ। दरअसल, लियोन्स ने ट्रम्प से पूछा था कि राष्ट्रपति बनने के बाद उनकी कमाई कितनी बढ़ी है। ट्रम्प को यह सवाल पसंद नहीं आया। उन्होंने गुस्से में कहा- तुम ऑस्ट्रेलिया को नुकसान पहुंचा रहे हो। ट्रम्प ने लियोन्स को चुप रहने को कहा और ऑस्ट्रेलियाई पीएम अल्बनीज से इसकी शिकायत करने की धमकी दी। ट्रम्प ने कहा कि उनका बिजनेस उनके बच्चे देखते हैं। लियोन्स ABC के शो ‘फोर कॉर्नर्स’ के लिए काम कर रहे थे। उन्होंने कहा कि उनका सवाल जायज था, क्योंकि राष्ट्रपति का इतने सारे बिजनेस में होना सही है या नहीं, यह पूछना जरूरी है। ट्रम्प की टीम ने सोशल मीडिया पर लियोन्स को “विदेशी फेक न्यूज वाला” कहा। फिर भी ABC ने बताया कि उन्हें व्हाइट हाउस में जाने की इजाजत है। ABC के न्यूज डायरेक्टर जस्टिन स्टीवेंस ने लियोन्स का समर्थन करते हुए कहा कि वे ऑस्ट्रेलिया के बेहतरीन पत्रकार हैं। उनका काम मुश्किल सवाल पूछना है। ट्रम्प को ब्रिटेन का सबसे बड़ा गार्ड ऑफ ऑनर मिला राष्ट्रपति ट्रम्प और उनकी पत्नी मेलानिया मंगलवार रात ब्रिटेन दौरे पर पहुंचे थे। यहां विंडसर कैसल (शाही महल) में उन्हें बुधवार को 1300 सैनिकों ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया, जो किसी भी राजकीय यात्रा के लिए अब तक का सबसे बड़ा गार्ड ऑफ ऑनर है। शाही महल पहुंचने पर सबसे पहले प्रिंस विलियम और प्रिंसेस केट मिडलटन ने उनकी अगवानी की। इसके बाद ट्रम्प किंग चार्ल्स के साथ उनकी स्पेशल सोने की बग्घी में घूमने निकले, वहीं मेलानिया क्वीन कैमिला के साथ एक अन्य बग्घी में सवार थीं। आज उनके ब्रिटेन दौरे का आखिरी दिन है। ब्रिटेन में ट्रम्प के दौरे का विरोध, हजारों लोग सड़कों पर लंदन में ट्रम्प के इस दौरे के विरोध भी हो रहा है। हजारों लोगों ने सड़कों पर प्रदर्शन कर रहे हैं। उनके खिलाफ प्रदर्शन में 50 से ज्यादा यूनियन और सामाजिक संगठनों ने हिस्सा लिया। प्रदर्शनकारियों ने लंदन के पोर्टलैंड प्लेस से संसद भवन चौराहे तक रैली निकाली। कई लोगों ने ट्रम्प को वॉर क्रिमिनल बताया। कुछ ट्रम्प बेबी ब्लिम्प नाम के कॉस्ट्यूम के साथ भी पहुंचे। यह कॉस्ट्यूम 2019 में मशहूर हुआ था। लंदन मेट्रोपॉलिटन पुलिस के मुताबिक करीब 5000 लोग इस विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए। सुरक्षा के लिए 1600 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे। यहां पढ़ें पूरी खबर… ———————————————— यह खबर भी पढ़ें… ब्रिटेन में ट्रम्प को सबसे भव्य गार्ड-ऑफ-ऑनर मिला:किंग चार्ल्स के साथ सोने की बग्घी में घूमने निकले; प्रदर्शनकारियों ने फासीवादी बताया अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प और उनकी पत्नी मेलानिया मंगलवार रात ब्रिटेन दौरे पर पहुंचे। यहां विंडसर कैसल (शाही महल) में उन्हें बुधवार को 1300 सैनिकों ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया, जो किसी भी राजकीय यात्रा के लिए अब तक का सबसे बड़ा गार्ड ऑफ ऑनर है। यहां पढ़ें पूरी खबर…

More From Author

छत्तीसगढ़ इवनिंग बुलेटिन:बॉयफ्रेंड-गर्लफ्रेंड की लाश, चार्जशीट में चैतन्य की चैट; नशे में टल्ली टीचर, NHM कर्मियों का जेल-भरो आंदोलन, VIDEO में 10 बड़ी खबरें

CDS बोले- ऑपरेशन सिंदूर में हमने पाकिस्तान को हराया:फौज वह जगह, जहां भाई-भतीजावाद नहीं, आर्म्ड फोर्सेस देश सेवा और दुनिया देखने का अच्छा मौका

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *