दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक टेरर मॉड्यूल का खुलासा करते हुए 4 राज्यों से 5 संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया है। इन पर पाकिस्तानी लोगों से जुड़े होने का आरोप है। संदिग्ध आतंकियों के पास से IED बनाने में इस्तेमाल होने वाले सामान भी बरामद हुए हैं। पुलिस को शक है कि ये सामान हथियार और विस्फोटक बनाने के लिए इस्तेमाल की जा रही थीं। सूत्रों ने बताया कि पांच आतंकियों में दो दिल्ली से और एक-एक मध्य प्रदेश, तेलंगाना के हैदराबाद और झारखंड के रांची से है। इन राज्यों में छापेमारी और लगभग 8 संदिग्धों से पूछताछ के बाद 5 की गिरफ्तारी हुई। आरोपी कई सोशल मीडिया अकाउंट्स के जरिए पाकिस्तान स्थित आकाओं के संपर्क में थे। ग्रुप का हेड अशरफ दानिश भारत से इस मॉड्यूल को ऑपरेट कर रहा था। वह एन्क्रिप्टेड और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के जरिए पाकिस्तानी लोगों से संपर्क में था। संदिग्ध आतंकियों के पास से बरामद सामानों की तस्वीरें… सोशल मीडिया के जरिए युवाओं की भर्ती करते थे
संदिग्ध आतंकी सोशल मीडिया का इस्तेमाल भारत में युवाओं को कट्टरपंथी बनाने और उन्हें अपने नेटवर्क में भर्ती करने के लिए करते थे। पुलिस सूत्रों ने बताया कि ग्रुप सांप्रदायिक नफरत फैलाने और धार्मिक सद्भाव को बिगाड़ने के मकसद से कई ऑनलाइन ग्रुप भी चलाता था। स्पेशल सेल ने ग्रुप हेड दानिश के पास से एक देसी पिस्टल, कारतूस, हाइड्रोक्लोरिक एसिड, नाइट्रिक एसिड, सल्फर पाउडर जैसे रसायन, कॉपर शीट, बॉल बेयरिंग, स्ट्रिप वायर, इलेक्ट्रॉनिक सर्किट, लैपटॉप, मोबाइल फोन और कैश बरामद किया है।
