उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के नौगांव में शनिवार शाम को बादल फट गया। इससे पानी और मलबा बाजार और दर्जनों घरों में घुस गया। सड़क पर खड़ी कई गाड़ियां भी बह गईं। हालांकि, अभी किसी भी तरह की जनहानि की खबर नही है। जिला प्रशासन, SDRF और NDRF की टीमें मौके पर पहुंची है और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। हिमाचल में इस मानसून सीजन में बाढ़, बादल फटने और लैंडस्लाइड से 64 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 46 लोग लापता हैं। शनिवार को सिरमौर के नौहराधार में पूरा पहाड़ नदी में आ गया। हालांकि, जहां लैंडस्लाइड हुई वहां कोई बस्ती नहीं थी। इससे कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। राजस्थान में भारी बारिश के चलते कई नदी-बांध-तालाब ओवरफ्लो हो चुके हैं। शनिवार को उदयपुर में शहर के बीच बहने वाली आयड़ नदी के पानी के बीच लोग फंस गए। कॉलोनी डूब गई, लोग छतों पर पहुंच गए। राजसमंद के रिछेड़ क्षेत्र में तेज बारिश से नेशनल हाईवे-162 (राजसमंद-जोधपुर) का आधा हिस्सा बह गया। इससे हाईवे को बंद कर दिया। यूपी में बारिश-बाढ़ का दौर जारी है। शनिवार को शाहजहांपुर में दिल्ली-लखनऊ हाईवे बाढ़ के पानी से डूब गया। प्रयागराज में गंगा-यमुना नदियों का जलस्तर फिर से बढ़ रहा है। ललितपुर का माताटीला बांध अचानक ओवरफ्लो हुआ, इससे 20 गेट खोल दिए गए। वहीं, पीलीभीत में बीते कई दिनों से बाढ़ के हालात हैं। गुजरात और राजस्थान में बारिश का रेड अलर्ट मौसम विभाग ने रविवार को महाराष्ट्र, गुजरात और राजस्थान में बारिश का रेड अलर्ट, गोवा में ऑरेंज और MP-बिहार समेत 20 राज्यों में यलो अलर्ट जारी किया है। पूरे देश के मौसम का हाल जानने के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…
