कार्लोस अल्काराज ने नोवाक जोकोविच को हराकर यूएस ओपन फाइनल में जगह बना ली है। यह मुकाबला आर्थर ऐश स्टेडियम में 2 घंटे 23 मिनट तक चला, जिसमें अल्काराज ने 24 बार के ग्रैंड स्लैम चैंपियन जोकोविच को सीधे सेटों में 6-4, 7-6 (4), 6-2 से मात दी। जोकोविच को इस साल के चारों ग्रैंड स्लैम के सेमीफाइनल में मिली हार
38 साल के जोकोविच इस साल चारों ग्रैंड स्लैम के सेमीफाइनल तक पहुंचे, लेकिन हर बार हारकर बाहर हो गए। तीन बार उन्हें अल्काराज या फिर दुनिया के नंबर-1 जैनिक सिनर ने हराया। मैच के बाद जोकोविच ने कहा कि उम्र के साथ लंबा खेल पाना मुश्किल हो जाता है और यह निराशाजनक भी है। अब रविवार को होने वाले फाइनल में उनका सामना मौजूदा चैंपियन जैनिक सिनर से होगा। यूएस ओपन में एक भी सेट नहीं गंवाया कार्लोस अल्काराज ओपन एरा में बिना सेट गंवाए यूएस ओपन खिताब जीतने वाले पहले पुरुष खिलाड़ी बन सकते हैं। स्पेनिश स्टार ने अब तक न्यूयॉर्क में खेले गए छह मैचों में एक भी सेट नहीं गंवाया है। उन्होंने 18 सेट में सिर्फ 58 गेम हारे हैं, यानी औसतन हर सेट में तीन से थोड़ा ज्यादा गेम गंवाए हैं। पूरे टूर्नामेंट में उन्हें सिर्फ दो टाई-ब्रेक खेलने पड़े हैं। जोकोविचन ने सिनर और अल्कारेज की तारीफ
जोकोविच ने अल्काराज और सिनर की तारीफ करते हुए कहा कि ये दोनों खिलाड़ी इस समय उनसे बेहतर हैं। उन्होंने कहा,’अगर मुझे किसी से हारना हो, तो मैं इन दोनों से हारना पसंद करूंगा। मैं जानता हूं कि वे इस समय मुझसे बेहतर हैं। उन्हें बधाई देनी होगी।’ जोकोविच ने इस साल मेलबर्न में अल्काराज को हराया था, लेकिन उन्होंने माना कि बेस्ट-ऑफ-फाइव सेट के ग्रैंड स्लैम में इन दोनों को हराना उनके लिए बहुत मुश्किल है। जोकोविच ने कहा कि हार नहीं मानेंगे
जोकोविच ने कहा कि वह ग्रैंड स्लैम में हार नहीं मान रहे हैं और वह फाइनल तक पहुंचने और एक और ट्रॉफी जीतने के लिए लड़ते रहेंगे। हालांकि, उन्होंने स्वीकार किया कि बेस्ट-ऑफ-थ्री सेट के टूर्नामेंट में उनके लिए मौके ज्यादा हैं। इस सीजन में जोकोविच का रिकॉर्ड 31 जीत और 10 हार का रहा है। इस टूर्नामेंट में जोकोविच को फिटनेस से जुड़ी समस्याओं से जूझना पड़ा है
जोकोविच को इस टूर्नामेंट में मैच के दौरान फिटनेस समस्याओं से जूझना पड़ा है। फाइनल के दौरान भी उन्हें कंधों का इलाज करवाना पड़ा। वहीं,चौथे राउंड में जान-लेनार्ड स्ट्रफ के खिलाफ मैच के दौरान जोकोविच ने अचानक अपनी गर्दन पकड़ ली और सिर हिलाने लगे। ट्रेनर ने उनकी गर्दन और कंधे की मसाज की। उसके बाद फिर से दूसरे सेट के बाद ट्रेनर ने उनके दाएं हाथ की मसाज की।
पहले राउंड में उनके पैर में छाले की समस्या थी, जबकि तीसरे राउंड में कमर के निचले हिस्से में दर्द हुआ था। जैनिक सिनर ने कनाडा के फेलिक्स ऑजे-अलियासिम को हरा कर फाइनल में पहुंचे वर्ल्ड के नंबर 1 खिलाड़ी और मौजूदा यूएस ओपन चैंपियन जैनिक सिनर ने सेमीफाइनल में कनाडा के 25वें सीड फेलिक्स ऑजे-अलियासिम को 6-1, 3-6, 6-3, 6-4 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। यह मुकाबला लगभग साढ़े तीन घंटे तक चला, जिसमें सिनर ने अपनी शानदार सर्विस और शक्तिशाली ग्राउंड स्ट्रोक्स का प्रदर्शन किया। सिनर ने इस टूर्नामेंट में केवल दो सेट गंवाए हैं और उनकी हार्ड कोर्ट पर 26 मैचों की ग्रैंड स्लैम जीत का सिलसिला जारी है।
पहला सेट 6-1 से जीत लिया। वहीं,ऑजे-अलियासिम ने दूसरे सेट में वापसी की कोशिश की और इसे 6-3 से जीता, लेकिन सिनर ने तीसरे और चौथे सेट में अपनी लय बरकरार रखी। तीसरा सेट उन्होंने 6-3, और चौथा सेट 6-4 से जीता। सिनर ने कहा,’यह एक कठिन मैच था। फेलिक्स ने शानदार खेल दिखाया, लेकिन मैं खुश हूं कि मैं फाइनल में पहुंचा।’ सिनर के पास लगातार यूएस ओपन जीतने का मौका
सिनर के पास अब मौका है कि वह 2008 के बाद पहली बार यूएस ओपन का खिताब डिफेंड करने वाले पुरुष खिलाड़ी बनें। इससे पहले स्विट्जरलैंड के रोजर फेडरर ने 2004 से 2008 तक लगातार पांच बार यह खिताब जीता था।
सिनर ने इस साल ऑस्ट्रेलियन ओपन और विंबलडन जीतकर पहले ही दो ग्रैंड स्लैम अपने नाम किए हैं। इस साल तीसरी बार ग्रैंड स्लैम के फाइनल में भिड़ेंगे सिनर और अल्काराज
सिनर और अल्काराज इस साल के ग्रैंड स्लैम फाइनल में तीसरी बार आपस में भिड़ेंगे। यूएस ओपन से पहले इस साल के फ्रेंच ओपन फाइनल में अल्काराज ने सिनर को पांच सेटों में हराया था, जबकि विंबलडन फाइनल में सिनर ने चार सेटों में अल्काराज को मात दी। यूएस ओपन फाइनल से तय होगा वर्ल्ड नंबर-1
यूएस ओपन फाइनल से वर्ल्ड नंबर -1 का तय होगा। अभी सिनर वर्ल्ड नंबर-1 पर हैं और अल्काराज नंबर-2 पर हैं। अगर सिनर जीतते हैं तो वह वर्ल्ड नंबर-1 रैंकिंग पर बरकरार रहेंगे। वहीं, अगर अल्काराज जीतते हैं तो वह नंबर-2 से नंबर-1 पर पहुंच जाएंगे।
____________ स्पोर्ट्स की यह खबर भी पढ़ें… टीमइंडिया ने दुबई में एशिया कप की तैयारी शुरू की:ICC अकादमी में अभ्यास के दौरान सैमसन और बुमराह बातचीत करते हुए दिखे भारतीय क्रिकेट टीम ने शुक्रवार को दुबई के ICC अकादमी में टी-20 एशिया कप 2025 के लिए अपने पहले अभ्यास सत्र के साथ तैयारियां शुरू कर दी हैं। कप्तान सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में टीम इस आठ देशों के टूर्नामेंट में अपनी दूसरी टी-20 खिताब जीतने के इरादे से उतरेगी। टूर्नामेंट की शुरुआत 9 सितंबर से होगी। पूरी खबर पढ़ें…
