दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर सीएम आवास में हमले की कोशिश हुई। यहां जनसुनवाई हो रही थी, तभी हमला किया गया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक रेखा गुप्ता को थप्पड़ मारा गया है। रेखा गुप्ता पर हमला करने वाले शख्स को पुलिस ने हिरासत में लिया है। पहले उसे गिरफ्तार किए जाने की बात सामने आई थी। दिल्ली बीजेपी के प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने कहा- 35 साल का कोई व्यक्ति जनसुनवाई में आया था। उसने सीएम को कोई दस्तावेज दिया। इसके बाद कुछ कहासुनी हुई। उसने हमला करने की कोशिश की। यह किसी ऐसी पार्टी का हो सकता है, जो हताश हो चुकी है। 20 फरवरी 2025 को रेखा गुप्ता दिल्ली की मुख्यमंत्री बनी थीं। दिल्ली विधानसभा चुनाव में उन्होंने AAP की वंदना कुमारी को 29,595 वोटों से हराया। रेखा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से लंबे समय से जुड़ी हैं। सीएम बनने से पहले वे दिल्ली भाजपा की महासचिव और भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भी रही हैं। कांग्रेस ने कहा- CM सुरक्षित नहीं तो सामान्य आदमी की बिसात क्या? CM रेखा गुप्ता पर हुए हुए हमले पर दिल्ली कांग्रेस के प्रमुख देवेंद्र यादव ने कहा- घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। रेखा गुप्ता पूरी दिल्ली की मुख्यमंत्री हैं। इस तरह की घटनाओं की जितनी निंदा की जाए, वह कम है। इस घटना ने महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था को उजागर कर दिया है। अगर दिल्ली की मुख्यमंत्री सुरक्षित नहीं हैं तो सामान्य पुरुष या महिला की सुरक्षा कैसे हो सकती है? दिल्ली के पूर्व CM केजरीवाल पर हुए थे हमले केजरीवाल पर पदयात्रा के दौरान पानी फेंका 30 नवंबर 2024 को दिल्ली के ग्रेटर कैलाश इलाके में केजरीवाल पर एक शख्स ने पानी फेंका था। समर्थकों ने मौके पर ही आरोपी की पिटाई कर दी थी। दिल्ली पुलिस ने बताया था कि आरोपी का नाम अशोक झा है और वह खानपुर डिपो में बस मार्शल के पद पर तैनात है। उसे हिरासत में ले लिया गया है और पूछताछ की जा रही है। हालांकि इसके बाद की जानकारी सामने नहीं आई है। मार्च 2022: गुजरात दौरे पर गए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर किसी ने प्लास्टिक की बोतल फेंक दी। हालांकि, केजरीवाल को बोतल लगी नहीं। पीछे से फेंकी गई बोतल उनके ऊपर से होते हुए दूसरी तरफ निकल गई। जिस जगह यह घटना हुई, वहां भीड़ थी इसलिए बोतल फेंकने वाले का पता नहीं चल सका। 2019: दिल्ली में रोड शो के दौरान थप्पड़ मारा 6 साल साल 2019 में पहले केजरीवाल को रोड शो के दौरान एक युवक ने थप्पड़ मार दिया था। वे दिल्ली के मोती नगर में प्रचार करने पहुंचे थे। इसी दौरान एक युवक ने केजरीवाल की गाड़ी पर चढ़कर उन्हें थप्पड़ मार दिया था।
