धराली त्रासदी-150 लोग दबे होने की आशंका:अब तक 5 शव मिले, रेस्क्यू ऑपरेशन सेना के हवाले; दावा- ग्लेशियर पिघलने से तबाही

धराली मलबे में दफन है। आसपास न सड़क बची, न बाजार। जहां नजर उठाओ, सिर्फ 20 फीट का मलबा और दिल चीरने वाला सन्नाटा है। जेसीबी जैसी बड़ी मशीनें 36 घंटे बाद भी नहीं पहुंच पाई हैं। आर्मी के जवान हाथों से बड़े-बड़े बोल्डरों वाले मलबे के नीचे जिंदगियां खोज रहे हैं। 150 से ज्यादा लोग दबे हो सकते हैं, क्योंकि जब सैलाब आया, उस वक्त गांव के लगभग सभी बुजुर्ग 300 मी. दूर पूर्वजों के मंदिर में सामूहिक पूजा में थे। वे बच गए। लेकिन गांव में मौजूद ज्यादातर युवा, कारोबारी और पर्यटक सैलाब की चपेट में आ गए। भास्कर टीम धराली से 60 किमी दूर भटवारी में है। यहां से आगे सड़क टूट चुकी है। प्रशासनिक और बचाव टीमें बुधवार को भी आगे नहीं बढ़ पाईं। बड़ी मशीनें और अतिरिक्त टुकड़ियां धराली नहीं पहुंच पाई हैं, क्योंकि भटवाड़ी से धराली तक 60 किमी में करीब 5 जगह सड़क टूट चुकी है। पूरा ऑपरेशन सेना को सौंप दिया गया है। गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गंगनारी के पास पुल भी बह चुका है। सेना वैली ब्रिज बना रही है। गुरुवार को बन सकता है। फिर मदद पहुंचने लगेगी। वायुसेना भी एमआई-17 हेलिकॉप्टर, एएलएच एमके-3 एयरक्राफ्ट के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटेगी। एएन-32 और सी-295 ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट भी आगरा से देहरादून पहुंच चुके हैं। ये गुरुवार को उड़ान भर सकते हैं। मैप से समझिए घटनास्थल को… पहाड़ पर बादल नहीं फटा था, हैगिंग ग्लेशियर पिघलकर गिरे धराली के श्रीखंड पर्वत से जो सैलाब नीचे उतरा, उसकी वजह बादल का फटना नहीं थी। बल्कि, पर्वत पर 6 हजार मीटर ऊपर मौजूद हैगिंग ग्लेशियर था। मौसम विभाग के डायरेक्टर डॉ. बिक्रम सिंह के अनुसार मंगलवार को धराली में दिनभर में सिर्फ 2.7 सेमी बारिश हुई, जो सामान्य थी। फिर भी तबाही आ गई। इसकी बड़ी वजह- श्रीखंड पर्वत पर मौजूद हैंगिंग ग्लेशियर हो सकते हैं। वरिष्ठ भूगर्भ वैज्ञानिक प्रो. डॉ. एसपी सती ने बताया कि यह आपदा मौसमीय नहीं, बल्कि भूगर्भीय और जलवायु परिवर्तन से जुड़ी है। ट्रांस हिमायल में लगातार तापमान बढ़ने से ऊपर मौजूद हैंगिंग ग्लेशियर पिघल रहे हैं। इधर, आपदा के 36 घंटे बीत जाने के बाद भी प्रभावित इलाकों धराली, हर्षिल और सुखी टॉप में सर्च ऑपरेशन जारी है। त्रासदी में अब तक 5 लोगों की मौत हो चुकी है, इनमें से 2 के शव बरामद किए गए हैं। गंगोत्री हाईवे और उसके आसपास फंसे केरल के 28 और महाराष्ट्र के 51 पर्यटक मिल गए हैं। इन्हें सेना ने रेस्क्यू किया है। तबाही के बाद की 5 तस्वीरें…

More From Author

करियर क्लैरिटी:12वीं के बाद डिफेंस में कैसे जाएं; जानें ग्रेजुएशन के बाद कैसे मिलेगी डिफेंस में एंट्री

हिमाचल के मंडी में लैंडस्लाइड, फ्लाइओवर पर दरारें आईं:यूपी में नदियां उफान पर, 360 मकान ढहे; 2 दिन में 16 लोगों की मौत

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *