जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षाबलों ने शनिवार सुबह एक आतंकवादी को मार गिराया है। कुलगाम के अखल जंगल में आतंकवादियों के खिलाफ सुरक्षाबलों के ऑपरेशन का यह दूसरा दिन है। सुबह से ही दोनों ओर से गोलीबारी जारी है। स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप, जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना और CRPF ऑपरेशन को अंजाम दे रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि जंगल में आतंकवादियों के छिपे होने की आशंका के चलते इलाके में और सिक्योरिटी फोर्सेज को भेजा गया है। कुलगाम में आज का एनकाउंटर, जम्मू-कश्मीर में आतंकवादियों के खिलाफ जारी ऑपरेशन का हिस्सा है। इस हफ्ते की यह तीसरी मुठभेड़ है। 5 दिन पहले, 28 जुलाई को सुरक्षाबलों ने श्रीनगर से 22 किमी दूर लिडवास के जंगलों में पहलगाम हमले में शामिल 3 आतंकियों को मारा था। करीब 6 घंटे तक चले इस ऑपरेशन को ऑपरेशन महादेव नाम दिया गया था। आतंकियों की पहचान सुलेमान उर्फ आसिफ, जिब्रान और हमजा उर्फ फैजल अफगानी के रूप में हुई। तीनों पाकिस्तान के रहने वाले थे। इसके बाद 31 जुलाई को पुंछ में LoC के पास दो और आतंकवादी मारे गए थे। पुलिस ने बताया कि दोनों पाकिस्तान से घुसपैठ कर आए थे। भारतीय सीमा में घुसते ही उन्हें रोक लिया गया। यह खबर लगातार अपडेट की जा रही है….
