अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने 4 जुलाई को टैक्स और खर्च में कटौती करने वाले बिग ब्यूटीफुल बिल पास पर साइन किए। इसके साथ ही यह बिल अब कानून बन गया। यह बिल कल ही अमेरिकी संसद के अमेरिकी संसद के निचले सदन (हाउस ऑफ रिप्रजेंटेटिव्स) से पास हुआ। बिल के सपोर्ट में 218, जबकि विरोध में 214 लोगों ने वोट डाला। ट्रम्प की ही पार्टी के दो सांसद थॉमस मैसी और ब्रायन फिट्जपैट्रिक ने इस बिल के खिलाफ वोट दिया था। इसी बिल को लेकर ट्रम्प और इलॉन मस्क ने एक दूसरे के खिलाफ तीखी बयानबाजी की थी। यह बिल 3 दिन पहले ही अमेरिकी संसद के ऊपरी सदन सीनेट में 50-51 के मामूली अंतर से पास हुआ था। उप-राष्ट्रपति जेडी वेंस ने इस बिल को लेकर निर्णायक वोट डाला था। इलॉन मस्क ने शनिवार को ट्रम्प के बिग ब्यूटीफुल बिल की आलोचना की थी। मस्क ने शनिवार को X पर लिखा था- ‘ट्रम्प का यह बिल अमेरिका में लाखों नौकरियां खत्म कर देगा और हमारे देश को बहुत बड़ा रणनीतिक नुकसान पहुंचाएगा।’ अंतरराष्ट्रीय मुद्दों से जुड़ी अन्य बड़ी खबरें… अमेरिका के राष्ट्रपति भवन में UFC फाइट होगी, ट्रम्प का ऐलान- अगले साल आयोजन होगा अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने गुरुवार को ऐलान किया कि अगले साल अमेरिका की 250वीं स्वतंत्रता वर्षगांठ के मौके पर व्हाइट हाउस में UFC (अल्टिमेट फाइटिंग चैंपियनशिप) फाइट का आयोजन किया जाएगा। ट्रम्प ने कहा- हमारे सभी नेशनल पार्क, वॉर एरिया और ऐतिहासिक स्थलों पर ‘अमेरिका 250’ के सम्मान में स्पेशल आयोजन होंगे। हम व्हाइट हाउस के मैदान में UFC फाइट करवाएंगे। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने इस योजना की पुष्टि करते हुए कहा कि राष्ट्रपति इसे लेकर बहुत गंभीर हैं। UFC के एक प्रवक्ता ने भी पुष्टि की कि व्हाइट हाउस के साथ इस बारे में बातचीत चल रही है। CNN के अनुसार, ट्रम्प का UFC और इसके सीईओ डाना व्हाइट के साथ पुराना रिश्ता है। ट्रम्प ने 2001 में अपने ट्रम्प ताजमहल कैसीनो में UFC इवेंट की मेजबानी की थी। ट्रम्प हाल के महीनों में UFC इवेंट्स में अक्सर नजर आए हैं। जून में वे न्यूजर्सी के न्यूअर्क में एक फाइट में शामिल हुए। अप्रैल में मियामी में UFC मैच में शामिल होने वाले वे पहले मौजूदा राष्ट्रपति बने थे, जहां उन्होंने फाइटर्स के साथ वॉकआउट भी किया था।
