ईरान में भारतीय दूतावास ने मंगलवार को कहा कि वह ईरान और इजराइल के बीच सैन्य संघर्ष के दौरान शुरू किए गए भारतीयों को निकालने के अभियान को बंद कर रहे हैं। क्योंकि दोनों देशों के बीच युद्ध विराम हो गया है। दूतावास ने इवैक्युएशन के लिए नए नामों को रजिस्टर करने के लिए खोले गए डेस्क को बंद कर दिया है। हालांकि X पर एक पोस्ट में दूतावास ने लिखा कि भारत ईरान के हालात पर बारीकी से नजर रख रहा है और अगर वहां मौजूद भारतीयों को किसी भी तरह का खतरा होता है, तो वह अपनी रणनीति में बदलाव करेगा। भारत ने दोनों देशों के बीच बढ़ती दुश्मनी को देखते हुए, ईरान और इजराइल से भारतीयों को वापस लाने के लिए पिछले सप्ताह ऑपरेशन सिंधु शुरू किया था। इस बीच 25 जून की रात 12.01 बजे 282 भारतीयों को लेकर एक फ्लाइट मशहद से दिल्ली पहुंची। वहीं बुधवार सुबह 224 भारतीय नागरिक एयरफोर्स विमान से इजराइल से भारत लौटे। इसके साथ ही ऑपरेशन सिंधु के तहत ईरान और इजराइल से निकाले गए लोगों की संख्या 3394 हो गई है। दूतावास ने कहा – जो जहां हैं वहीं रहें, हालात पर नजर रखें… पोस्ट में दूतावास ने मशहद के लिए निकलने की प्लानिंग कर रहे भारतीयों को सलाह दी कि वे जहां हैं, वहीं रहें और खबरों पर नजर रखें। दूतावास ने पहले से होटल में रह रहे लोगों से कहा कि वे मशहद की सद्र होटल में चले जाएं, क्योंकि मिशन बाकी होटलों में कमरे खाली कर देगा। पोस्ट में कहा गया है, “दूतावास सद्र होटल में कमरों को 2 और रातों (26 जून को चेकआउट समय तक) के लिए अपने पास रखेगा। इससे नागरिकों को यह सुनिश्चित करने का समय भी मिलेगा कि ईरान में हालात सामान्य हो रहे हैं।” बयान में यह भी बताया गया कि यदि किसी भारतीय को सलाह या सहायता की जरूरत है, तो वे टेलीग्राम चैनल या हेल्पलाइन के जरिए संपर्क कर सकते हैं। ये चैनल अगले कुछ दिनों तक खुले रहेंगे। पढ़ें भारत पहुंचे लोगों ने क्या कहा… ऑपरेशन सिंधु के तहत ईरान से लाए गए यूपी के सैयद आदिल मंसूर ने कहा- वहां हालात सामान्य हैं, भारतीय दूतावास ने हमारा बहुत साथ दिया है और ग्राउंड स्टाफ ने भी बहुत मेहनत की है। मैं उनका आभारी हूं। एक और भारतीय नागरिक ने कहा कि 2-4 दिन पहले हालात पूरी तरह से अप्रत्याशित थे, अब स्थिति बेहतर है। भारतीय दूतावास ने हमारे लिए व्यवस्था की। हमें किसी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। भारत के विदेशों में चलाए गए पिछले बड़े रेस्क्यू और बाकी ऑपरेशन ये खबर भी पढ़ें… नेतन्याहू का दावा- जंग में इजराइल की जीत हुई:कहा- हमारी दहाड़ से तेहरान हिल गया; ईरान बोला- न्यूक्लियर प्रोग्राम बंद नहीं करेंगे
