ट्रम्प से विवाद, मस्क नई पार्टी बना सकते हैं:पोल में 80% लोगों का समर्थन; रूसी नेता बोले- जरूरत पड़ी तो इलॉन को शरण देंगे

राष्ट्रपति ट्रम्प से विवाद के बाद मस्क ने 5 जून को सोशल मीडिया X पर एक पोल शेयर किया था। इस पोल में मस्क ने अमेरिका में एक नई राजनीतिक पार्टी बनाने को लेकर एक राय मांगी थी। इस पर 80.4% लोगों ने हां में जवाब दिया था। इस पोल के खत्म होने के बाद मस्क ने रिपोस्ट करते हुए लिखा- ‘द अमेरिकन पार्टी’। मस्क के इस संकेत के बाद माना जा रहा है कि वे अपनी पार्टी का नाम द अमेरिकन पार्टी रख सकते हैं। हालांकि मस्क ने अभी तक इसे लेकर कोई औपचारिक घोषणा नहीं की है। वहीं, रूस के एक सांसद ने मस्क को राजनीतिक शरण देने की बात कही है। रूसी सांसद दिमित्री नोविकोव ने कहा कि अगर मस्क को जरूरत पड़ी, तो रूस उन्हें शरण दे सकता है। नोविकोव ने कहा, हमने अमेरिकी व्हिसलब्लोअर एडवर्ड स्नोडेन को भी शरण दी थी। हालांकि, मुझे लगता है कि मस्क की अपनी एक राजनीतिक पहचान और ताकत है, इसलिए उन्हें शरण की जरूरत नहीं पड़ेगी। लेकिन अगर उन्हें इसकी जरूरत पड़ेगी तो रूस जरूर मदद करेगा। रूसी प्रवक्ता बोले- यह अमेरिका का आंतरिक मामला
उधर, क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने इस विवाद पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा, “यह अमेरिका का आंतरिक मामला है, और हम इसमें हस्तक्षेप नहीं करेंगे। हमें भरोसा है कि अमेरिकी राष्ट्रपति इस स्थिति को खुद संभाल लेंगे।” यह बयान तब आया जब ट्रम्प के पूर्व सलाहकार स्टीव बैनन ने मस्क को गैरकानूनी प्रवासी बताकर देश से निकालने की मांग की थी। बैनन ने यह भी कहा कि अमेरिकी सरकार को मस्क की कंपनी स्पेसएक्स पर कब्जा कर लेना चाहिए। गुरुवार रात को मस्क और ट्रम्प के बीच तीखी बहस हुई थी। बहस इतनी बढ़ी कि मस्क ने ट्रम्प को पद से हटाने की बात कह दी। मस्क ने कहा उनकी मदद के बिना ट्रम्प चुनाव नहीं जीत पाते। ट्रम्प के ‘बिग ब्यूटीफुल बिल’ को फिजूलखर्ची बताते हुए उन्होंने कहा उन्हें पद से हटा देना चाहिए। उनकी जगह उपराष्ट्रपति जेडी वेंस को राष्ट्रपति बनाया जाना चाहिए। इलॉन मस्क के हमलों से नाराज ट्रम्प ने कहा कि मस्क पहले इस बिल पर खामोश रहे और सरकार से हटते ही पलट गए। वे पागल हो चुके हैं। उन्होंने मस्क की कंपनियों के सरकारी ठेके और सब्सिडी खत्म करने की धमकी भी दी। दोस्ती से दुश्मनी तक; इतने कम वक्त में क्या बदला ट्रम्प ने मई में बिग ब्यूटीफुल बिल नाम से टैक्स बिल का ऐलान किया। बिल में इलेक्ट्रिक वाहनों और रिन्युएबल एनर्जी सेक्टर को दी जा रही सब्सिडी में कटौती की गई, जबकि ऑयल और गैस सेक्टर को फायदा मिला। शुरुआत में मस्क ने चुप्पी साधी, लेकिन जैसे-जैसे ट्रम्प प्रशासन इसे ऐतिहासिक बिल बताकर प्रचारित करने लगा, मस्क के भीतर की नाराजगी बाहर आने लगी। मस्क ने इसे फिजूलखर्ची की मिसाल बताया। इसके बाद ट्रम्प प्रशासन ने मस्क की पसंद जेरेड इसाकमैन को NASA प्रमुख बनाने की फाइल होल्ड पर डाल दी। OpenAI ने 22 मई को UAE में एक बड़ा AI डेटा सेंटर बनाने का कॉन्ट्रैक्ट जीता था। मस्क की कंपनी xAI ने भी सौदे में शामिल होने की कोशिश की थी, लेकिन वे नाकाम रहे। दोनों के बीच संबंध इतने बुरे हो गए कि मस्क ने 28 मई को DOGE प्रमुख के तौर पर अपना कार्यकाल खत्म होने से 2 दिन पहले ही इस्तीफा दे दिया। ट्रम्प की वजह मस्क को कितना नुकसान हुआ? ट्रम्प के कार्यकाल की शुरुआत में मस्क की टेस्ला को इलेक्ट्रिक वाहनों पर भारी सब्सिडी मिली थी। मस्क की स्पेस कंपनी स्पेसएक्स को NASA और रक्षा मंत्रालय से अरबों डॉलर के कॉन्ट्रैक्ट्स मिले। लेकिन 5 जून के विवाद के बाद टेस्ला के शेयरों में 14% की गिरावट आ गई। इससे मस्क की पर्सनल नेटवर्थ 34 बिलियन डॉलर गिर गई। यह साल 2025 में अब तक की सबसे बड़ी एक-दिनी गिरावट थी। ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट के मुताबिक, मस्क की कुल संपत्ति इस साल के शुरुआती पांच महीनों में 64.1 बिलियन डॉलर कम हो चुकी है। इसकी वजह सिर्फ EV सब्सिडी खत्म होने का खतरा नहीं, बल्कि निवेशकों में यह डर भी था कि ट्रम्प से मस्क की झड़प बाकी कंपनियों जैसे स्पेसएक्स और न्यूरालिंक के लिए भी मुश्किलें खड़ी कर सकती है। हालांकि, अमेरिकी चुनाव से अब तक मस्क की संपत्ति की तुलना की जाए तो यह काफी ज्यादा बढ गई है। 5 नवंबर 2024 को मस्क की संपत्ति 264 बिलियन डॉलर थी। 5 जून को उनकी सपंत्ति बढ़कर 334 बिलियन डॉलर हो गई थी। वॉशिंगटन पोस्ट के मुताबिक 5 नवंबर को हुए अमेरिकी चुनाव के बाद मस्क की संपत्ति में बहुत ज्यादा इजाफा हुआ था। सिर्फ 45 दिन में मस्क की सपत्ति 170 बिलियन डॉलर का इजाफा हुआ था। मस्क ने ट्रम्प के चुनाव अभियान में 277 मिलियन डॉलर खर्च किए थे। ट्रम्प और मस्क एक-दूसरे के खिलाफ क्या कर सकते हैं ट्रम्प और मस्क के बीच अगर यह लड़ाई आगे बढ़ती है या और तेज होती है, तो इसके दूरगामी राजनीतिक और कारोबारी नतीजे हो सकते हैं। जानिए वो तरीके जिनसे ये दोनों एक-दूसरे को गंभीर नुकसान पहुंचा सकते हैं…. इलॉन मस्क ट्रम्प को कैसे चोट पहुंचा सकते हैं? 1. अपनी दौलत ट्रम्प के खिलाफ झोंक सकते हैं मस्क ने राष्ट्रपति ट्रम्प को जिताने के लिए 250 मिलियन डॉलर से ज्यादा खर्च किए थे, लेकिन अब वो उतनी ही ताकत से रिपब्लिकन पार्टी के खिलाफ फंडिंग कर सकते हैं। मस्क की तरफ से ट्रम्प को 100 मिलियन डॉलर की आखिरी किश्त देना बाकी है। मस्क अब इस रकम की किश्त की रोक सकते हैं। इसके अलावा इसी पैसे का इस्तेमाल ट्रम्प के खिलाफ कर सकते हैं। 2. विवादों में घसीट सकते हैं काफी समय तक ट्रम्प के करीबी रहे मस्क अब यह दावा कर रहे हैं कि उनके पास ट्रम्प प्रशासन के अंदर की जानकारी है। उन्होंने गुरुवार को दावा किया कि ट्रम्प प्रशासन ने जेफरी एप्स्टीन से जुड़ी फाइलों को इसलिए रोका, क्योंकि उनमें ट्रम्प का नाम है। उन्होंने लिखा, इस पोस्ट को भविष्य के लिए मार्क कर लो। सच सामने आएगा।” 3. अपने बिजनेस के जरिये प्रशासन के लिए मुसीबतें खड़ी कर सकते हैं मस्क ने धमकी दी थी कि वह स्पेसएक्स की ड्रैगन स्पेसक्राफ्ट को तुरंत बंद कर देंगे। यही यान NASA के अंतरिक्ष यात्रियों और सप्लाई को अंतरिक्ष स्टेशन तक ले जाता है। इस धमकी के बाद ट्रम्प के करीबी स्टीव बैनन ने कहा कि ट्रम्प को स्पेसएक्स को रात 12 बजे से पहले जब्त कर लेना चाहिए। हालांकि बाद में मस्क ने कहा, हम ड्रैगन को डिकमीशन नहीं करेंगे। ट्रम्प कैसे इलॉन मस्क को नुकसान पहुंचा सकते हैं? 1. मस्क की कंपनियों से सरकारी कॉन्ट्रैक्ट्स छीन सकते हैं ट्रुथ सोशल पर ट्रम्प ने लिखा कि अगर मस्क की कंपनियों जैसे, स्पेसएक्स और टेस्ला से सारे सरकारी एग्रीमेंट खत्म कर दिए जाएं, तो बजट में पैसे बचाने का यह सबसे आसान तरीका होगा। पिछले साल मस्क की कंपनियों को 17 सरकारी एजेंसियों से लगभग 100 कॉन्ट्रैक्ट्स में 3 बिलियन डॉलर मिलने का वादा हुआ था। अगर दोनों के बीच विवाद गहराया तो, ट्रम्प प्रशासन मस्क की कंपनियों से सरकारी कॉन्ट्रैक्ट्स छीन सकता है। टेस्ला को इलेक्ट्रिक गाड़ियों के लिए मिलने वाला 7500 डॉलर का टैक्स क्रेडिट एक बड़ा फायदा देता है। अगर ट्रम्प इसे खत्म करते हैं तो कंपनी को एक बड़े नुकसान का सामना करना पड़ेगा। जेपी मॉर्गन ने गुरुवार को एक रिपोर्ट में अनुमान लगाया कि EV टैक्स क्रेडिट खत्म होने से टेस्ला को हर साल 1.2 बिलियन डॉलर का नुकसान होगा, जबकि रेगुलेटरी क्रेडिट्स की बिक्री में कमी से 2 बिलियन डॉलर का नुकसान होगा। इसके अलावा टेस्ला पिछले 6 सालों में 8 अरब डॉलर से ज्यादा की प्रदूषण क्रेडिट बिक्री से कमाई कर चुकी है। ट्रम्प अगर पर्यावरण से जुड़े नियमों में ढील देते हैं तो ये बाजार भी खत्म हो सकता है। 2. मस्क की नागरिकता और ड्रग इस्तेमाल की जांच करवा सकते हैं ट्रम्प सरकार एलन मस्क की कंपनियों पर कई तरह से सख्ती कर सकती है। 6 अमेरिकी नियामक एजेंसियां मस्क की कंपनियों के लिए खतरा बन सकती हैं। जैसे FCC मस्क की इंटरनेट कंपनी स्टारलिंक के स्पेक्ट्रम लाइसेंस, FDA न्यूरालिंक के ट्रायल, EPA स्पेसएक्स के पर्यावरणीय नियमों में परेशानी कर सकती है। 3. मस्क का सिक्योरिटी क्लियरेंस रद्द कर सकते हैं ट्रम्प अगर चाहें तो मस्क के सिक्योरिटी क्लियरेंस को पूरी तरह खत्म कर सकते हैं, जिससे मस्क NASA और अन्य रक्षा प्रोजेक्ट्स पर काम नहीं कर पाएंगे। 4. राष्ट्रपति की ताकत का इस्तेमाल कर सकते हैं ट्रम्प के पास कार्यकारी आदेशों और सरकारी एजेंसियों को निर्देश देने की ताकत है। वो मस्क के पसंदीदा प्रोजेक्ट्स जैसे सरकारी दक्षता विभाग (DoGE) को खत्म कर सकते हैं। इसके साथ ही मस्क द्वारा श्वेत दक्षिण अफ्रीकियों के समर्थन को भी राजनीतिक मुद्दा बना सकते हैं। ……………………………………………….. ट्रम्प-मस्क विवाद से जुड़ी यह खबर भी पढ़ें… ट्रम्प बोले- मस्क के बारे में सोच भी नहीं रहा:बात भी नहीं करेंगे; मस्क को दिए ठेके और सब्सिडी खत्म करने की धमकी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने अरबपति इलॉन मस्क के साथ जारी विवाद के बीच कहा है कि वे मस्क के बारे में सोच भी नहीं रहे हैं। CNN से बात करते हुए ट्रम्प ने कहा कि वे अगले कुछ वक्त तक मस्क से बात भी नहीं करेंगे। पूरी खबर यहां पढ़ें…

More From Author

MP में 2-फ्लोर से गिरकर छत्तीसगढ़ की महिला की मौत:पिता बोले- पति-ससुरालवालों ने मारकर फेंका, दहेज मांगते थे, डेढ़ साल की बेटी गायब

आज से दर्ज कराएं ANSWER-KEY पर ऑनलाइन आपत्ति:सीनियर साइंटिफिक ऑफिसर एग्जाम का मामला,  9 जून लास्ट डेट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *