वर्ल्ड अपडेट्स:मॉस्को एयरपोर्ट पर यूक्रेन का ड्रोन अटैक, हवा में चक्कर काटता रहा इंडियन डेलिगेशन वाला प्लेन

रूस की राजधानी मॉस्को गए भारतीय प्रतिनिधिमंडल का विमान गुरुवार को काफी देर तक आसमान में चक्कर काटता रहा। दरअसल मॉस्को के आसमान में यूक्रेन के ड्रोन मौजूद थे। इस डेलिगशन का नेतृत्व DMK सांसद कनिमोझी कर रह हैं। रूसी अधिकारियों के मुताबिक, रूसी एयर डिफेंस फोर्स ने रातभर में 105 ड्रोन मार गिराए, जिनमें से 26 मॉस्को की तरफ उड़ रहे थे। मॉस्को के मेयर सर्गेई सोबयानिन ने टेलीग्राम पर बताया कि गिरते मलबे के कारण कुछ जगहों पर नुकसान हुआ है, लेकिन किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। यूक्रेनी ड्रोन हमलों की वजह से रूस की हवाई सेवा एजेंसी ‘रोसावियात्सिया’ ने मॉस्को के शेरमेत्येवो, डोमोडेडोवो, झुकोवस्की और वोनुकोवो एयरपोर्ट्स पर उड़ानें अस्थायी रूप से रोक दीं। इस वजह से हजारों यात्री प्रभावित हुए। अंतरराष्ट्रीय मामलों से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें…. ट्रम्प जून में कनाडा में होने वाले जी-7 शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प अगले महीने 15 से 17 जून तक कनाडा में होने वाले G-7 शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने एक ब्रीफिंग के दौरान यह जानकारी दी। ट्रम्प का यह फैसला अमेरिका-कनाडा में चल रहे लंबे तनाव के बीच आया है। ट्रम्प ने कई बार कनाडा को अमेरिका में मिलाने की बात कही थी, जिसका कनाडाई नेताओं ने हमेशा विरोध किया है। वहीं, नवनिर्वाचित कनाडाई PM मार्क कार्नी ने अप्रैल में चुनाव जीतने के बाद व्हाइट हाउस का दौरा किया था। जिसे रिश्तों को सुधारने के प्रयास के तौर पर देखा गया था। हालांकि, कार्नी ने ट्रम्प से साफ तौर पर कहा था कि कनाडा बिकाऊ नहीं है। जर्मन चांसलर फ्रीडरिख मर्ज ने लिथुआनिया में ब्रिगेड का उद्घाटन किया, नाटो के पूर्वी हिस्से की सुरक्षा करना मकसद जर्मन चांसलर फ्रीडरिख मर्ज ने गुरुवार को लिथुआनिया में एक जर्मन ब्रिगेड का उद्घाटन किया। इसका मकसद नाटो के पूर्वी हिस्से की रक्षा में मदद करना है। मर्ज ने कहा कि यह अपनी सैन्य शक्ति को बढ़ाने के साथ सहयोगी देशों की सुरक्षा के लिए उठाया गया एक कदम है। लिथुआनिया में यह पहली बार है, जब द्वितीय विश्व युद्ध के बाद कोई जर्मन ब्रिगेड जर्मनी से बाहर इतने लंबे समय तक तैनात हुआ है। नाटो के इस्टर्न बॉर्डर को सुरक्षित करने के प्रयासों के तहत जर्मनी ने 2017 से लिथुआनिया में अपनी सेना तैनात कर रखी है, जो रूस के कलिनिनग्राद एक्सक्लेव और मास्को-संबद्ध बेलारूस की सीमा पर है। लिथुआनिया के राष्ट्रपति गिटानास नौसेदा ने मर्ज से मुलाकात को एक ऐतिहासिक दिन बताया। पाकिस्तान को दिए बेलआउट पैकेज का IMF ने बचाव किया, कहा- PAK ने सभी शर्तें पूरी कीं अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) ने पाकिस्तान को दी गई 1 अरब डॉलर की मदद को ठहराया है। IMF ने बेलआउट पैकेज का बचाव करते हुए कहा है कि उसके बोर्ड को विश्वास है कि पाकिस्तान ने सभी शर्तें पूरी की हैं। IMF ने यह बयान ऐसे वक्त में दिया है जब उसके बेलआउट पैकेज को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। IMF के कम्युनिकेशन डिपार्टमेंट की डायरेक्टर जूली कोजैक ने BT TV से बातचीत में कहा, पाकिस्तान को दी जाने वाली सारी धनराशि सीधे उसके केंद्रीय बैंक के भंडार में जाती है। इन पैसों का इस्तेमाल सरकार के बजट-खर्चों में नहीं होता। IMF के कार्यकारी बोर्ड ने 9 मई को पाकिस्तान के लिए 1 अरब डॉलर (करीब ₹8,500 करोड़) की राशि तत्काल जारी करने की मंजूरी दी। यह राशि IMF के Extended Fund Facility – EFF के तहत दी गई है। यह EFF कार्यक्रम 25 सितंबर 2024 को मंजूर किया गया था, जिसके तहत पाकिस्तान को कुल 7 अरब डॉलर की राशि दी जानी है। अब तक पाकिस्तान को कुल 2.1 अरब डॉलर की रकम मिल चुकी है। यूक्रेन बॉर्डर के पास बफर जोन बनाएगा रूस, राष्ट्रपति पुतिन ने ऐलान किया रूस ने अपनी रक्षा को मजबूत करने के लिए यूक्रेन के साथ बॉर्डर पर एक सिक्योरिटी बफर जोन बनाना शुरू कर दिया है। राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने सरकारी अधिकारियों के साथ एक बैठक के दौरान इस बात की घोषणा की। पुतिन ने कहा- हमने अपनी बॉर्डर पर एक जरूरी सिक्योरिटी बफर जोन बनाने को मंजूरी दी है। हमारी सेना इस काम को पूरा करने के लिए काम कर रही हैं। हालांकि, उन्होंने यह नहीं बताया कि यह बफर जोन कहां बनाया जाएगा।यह पहली बार नहीं है जब रूसी राष्ट्रपति ने बफर जोन बनाने की बात की है। पिछले साल, पुतिन ने यूक्रेन के साथ अपनी सीमा पर 150 किलोमीटर चौड़ा एक बफर जोन स्थापित करने की बात की थी, जिसे उन्होंने सैनिटरी जोन कहा था। ब्रिटेन ने मॉरीशस को चागोस द्वीप सौंपने पर समझौता किया, 200 साल से कब्जा था ब्रिटेन ने मॉरीशस को चागोस द्वीप सौंपने के लिए गुरुवार को एक समझौते पर साइन किए। इससे ब्रिटेन हिंद महासागर में स्थित विवादित चागोस द्वीप समूह की संप्रुभता मॉरीशस को सौंप देगा। समझौते के तहत इस द्वीपसमूह के सबसे बड़े द्वीप डिएगो गार्सिया को ब्रिटेन अगले 99 सालों के पट्टे पर रखेगा। इसके बदले में ब्रिटेन मॉरीशस को हर साल औसतन 101 मिलियन पाउंड (करीब 136 मिलियन अमेरिकी डॉलर) देगा। डिएगो गार्सिया पर अमेरिका का एक रणनीतिक नौसैनिक और बमवर्षक अड्डा स्थित है। चागोस द्वीप 1814 से ब्रिटिश नियंत्रण में है। 1965 में, मॉरीशस को स्वतंत्रता देने से तीन साल पहले ब्रिटेन ने इन द्वीपों को मॉरीशस से अलग कर दिया था। चीन में भूस्खलन से 4 की मौत, 17 लोग अब भी मलबे में फंसे चीन के दक्षिण-पश्चिमी गुइझोउ प्रांत के एक ग्रामीण इलाके में गुरुवार को हुए भीषण भूस्खलनों में कम से कम चार लोगों की मौत हो गई है, जबकि 17 लोग अब भी मलबे में फंसे हुए हैं। यह जानकारी चीन की सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ ने दी। जानकारी के मुताबिक चांगशी टाउनशिप में दो शव बरामद किए गए, जबकि पास के किंगयांग गांव में दो और शव मिले। किंगयांग में हुए भूस्खलन ने आठ परिवारों के 19 लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, भूस्खलन के बाद गुओवा टाउनशिप के अधिकांश हिस्से में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। एक स्थानीय निवासी ने बताया कि इलाके में पूरी रात लगातार तेज बारिश होती रही, जिससे भूस्खलन की स्थिति और गंभीर हो गई।

More From Author

वर्ल्ड अपडेट्स:मॉस्को एयरपोर्ट पर यूक्रेन का ड्रोन अटैक, हवा में चक्कर काटता रहा इंडियन डेलीगेशन वाला प्लेन

कान्स के रेड कार्पेट पर छत्तीसगढ़ की जूही:’जलती पृथ्वी’ वाली ड्रेस पहनकर किया वॉक; भास्कर से बोलीं-जलवायु संकट पर कोई बात नहीं कर रहा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *