हैदराबाद में चारमीनार के पास गुलजार हाउस में रविवार सुबह एक इमारत में आग लग गई। हादसे में अब तक 17 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें कुछ बच्चे भी शामिल हैं। वहीं, 10 से 15 लोगों को सुरक्षित निकाला गया है। अभी भी कुछ लोग मलबे में फंसे हैं और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है, लेकिन अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मारे गए लोगों में अभिषेक मोदी (30), राजेंद्र कुमार (67), मुन्नीभाई (72), सुमित्रा (65), ईराज (2 साल), आरुषि जैन (17), हर्षाली गुप्ता (7 साल) और शीतज जैन (37) शामिल हैं। फायर विभाग को सुबह करीब 6:30 बजे आग लगने की सूचना मिली थी, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। कई लोग बेहोश हालत में मिले और करीब 10 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है। मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने हादसे पर दुख जताया और घायलों को तुरंत इलाज मुहैया कराने के निर्देश दिए हैं। वहीं, केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी और AIMIM विधायक मुमताज अहमद खान ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया है। हादसे से जुड़ी तस्वीरें देखें… PM मोदी ने हादसे पर दुख जताया घटना पर PM मोदी ने गहरा दुख जताया है। PMO ने X पर लिखा – ‘हैदराबाद की आग की घटना में लोगों की मौत से बहुत दुख हुआ। जिन लोगों ने अपनों को खोया है, उन्हें संवेदनाएं। घायलों को जल्द ठीक होने की कामना।’ पीएम राहत कोष (PMNRF) से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए और घायलों को 50-50 हजार रुपए की मदद दी जाएगी। मंत्री प्रभाकर का दावा-ज्यादातर लोगों की मौत हो गई तेलंगाना के मंत्री पोनम प्रभाकर ने बताया कि आग सुबह करीब 6 बजे लगी और 6:16 बजे तक फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंच गई थी। टीम ने सभी को बचाने की कोशिश की, लेकिन आग बहुत तेजी से फैल चुकी थी। उन्होंने बताया कि इमारत में रहने वाले ज्यादातर लोगों की मौत हो गई है। मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवार से बात की है और सरकार की ओर से हर संभव मदद देने का भरोसा दिया है। महाराष्ट्र के सोलापुर में भी फैक्ट्री में आग लगी महाराष्ट्र के सोलापुर में MIDC इलाके की एक फैक्ट्री में आग लग गई। मौके पर फायर ब्रिगेड की गाड़ियां पहुंच गई हैं और आग बुझाने का काम जारी है। अभी तक जान का नुकसान होने की जानकारी नहीं है। आग की ये खबर भी पढ़ें… जयपुर में LPG टैंकर में ब्लास्ट, 14 जिंदा जले:ट्रक की टक्कर से आग लगी, 200 फीट ऊंची लपटें उठीं जयपुर में 19 दिसंबर को LPG गैस से भरे टैंकर में ब्लास्ट होने से 14 लोगों की मौत हो गई। हादसे में 32 लोग झुलस गए, जिनमें कई गंभीर हैं। जानकारी के मुताबिक, भारत पेट्रोलियम का टैंकर अजमेर से जयपुर की तरफ आ रहा था। सुबह करीब 5:44 बजे दिल्ली पब्लिक स्कूल के सामने टैंकर ने यू-टर्न लिया। इसी समय जयपुर से आ रहे ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। पूरी खबर पढ़ें…
