हरियाणवी ओलिंपियन पहलवान शादी के बंधन में बंधे:बहादुरगढ़ में पिता के दोस्त की बेटी संग 7 फेरे लिए; स्टेज पर गेस्ट के साथ फोटोशूट कराया

झज्जर के रहने वाले ओलिंपियन पहलवान दीपक पूनिया मंगलवार रात शादी के बंधन में बंध गए। बहादुरगढ़ के हिल्टन रिजॉर्ट में उन्होंने अपने पिता के दोस्त की बेटी संग सात फेरे लिए। दीपक की होने वाली दुल्हन झज्जर के निलोठी गांव की रहने वाली हैं। फिलहाल वह संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की तैयारी कर रही हैं, उनका IAS अफसर बनने का सपना है। दीपक और शिवानी की सगाई 28 सितंबर 2025 को हुई थी। एक दिन पहले 2 फरवरी को झज्जर के धनखड़ फॉर्म हाउस में लग्न टीके का प्रोग्राम हुआ। यहां दीपक ने सिर्फ एक रुपए का चांदी का सिक्का लिया। दीपक के पिता सुभाष पूनिया ने बताया कि शाम साढ़े 4 बजे छारा गांव से बारात लेकर निकले। यहां गेस्ट से परिचय करने के बाद शादी की आगे की रस्म की गई। मेहमानों ने दीपक और शिवानी के साथ स्टेज पर फोटोशूट कराया। इसके बाद दोनों सात फेरे लिए। दीपक की शादी के PHOTOS… अब पहलवान दीपक पूनिया के बारे में जानिए…. केतली पहलवान के नाम से मशहूर दीपक पूनिया का जन्म 19 मई, 1999 को झज्जर जिले के छारा गांव में हुआ। बचपन से ही कुश्ती उनके खून में रही, क्योंकि उनके पिता सुभाष भी स्थानीय स्तर पर पहलवान रहे। दीपक को महज 5 साल की उम्र में अखाड़े में दाखिल कराया। इसी दौरान उन्हें गांव में “केतली पहलवान” का उपनाम मिला, क्योंकि उन्होंने एक बार दूध पीते-पीते पूरी केतली (बर्तन) ही खाली कर दी थी। बचपन के दंगल मुकाबलों से लेकर दिल्ली के छत्रसाल स्टेडियम तक दीपक का सफर यादगार रहा। टोक्यो ओलिंपिक में ब्रॉन्ज मेडल से चूके टोक्यो ओलिंपिक 2021 में दीपक ब्रॉन्ज मेडल मुकाबले में मामूली अंतर से हारकर पांचवें स्थान पर रहे। यह हार उनके लिए भावनात्मक रही, क्योंकि कुछ ही महीने पहले उन्होंने अपनी मां को खो दिया था और वे पदक उन्हें समर्पित करना चाहते थे। मगर, इस हार ने उन्हें तोड़ा नहीं, बल्कि और मजबूत बनाया। एक साल बाद 2022 बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड मेडल जीतकर देश का नाम रोशन किया। भारतीय सेना में जूनियर कमीशंड अधिकारी सूबेदार दीपक पूनिया फ्रीस्टाइल पहलवान हैं, वह भारतीय सेना में जूनियर कमीशंड अधिकारी (JCO) हैं, और 86 किलोग्राम भार वर्ग में खेलते हैं। उन्होंने 2019 में वर्ल्ड चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल जीता था। 2022 राष्ट्रमंडल खेलों में गोल्ड जीता। 2022 की एशियाई खेलों में भी सिल्वर मेडल जीता। शादी के लिए PWL को छोड़ा
पिता सुभाष पूनिया ने बताया कि दीपक को प्रो रेसलिंग लीग (PWL) में महाराष्ट्र की टीम में शामिल किया गया। दीपक पूनिया को ग्रेड ए के पहलवानों में शामिल किया गया और बेस प्राइस 12 लाख रुपए रखा गया था। हालांकि, अपनी शादी के कारण दीपक ने PWL नहीं खेला।
शिवानी के पिता प्रॉपर्टी डीलर, अखाड़े में हुई जान-पहचान दीपक के पिता सुभाष पूनिया ने बताया कि शिवानी के पिता अनूप सिंह प्रॉपर्टी का काम करते हैं। जब दीपक अखाड़े में प्रैक्टिस करने जाता था, वहीं अनूप सिंह से मुलाकात हुई। कई बार मुलाकातें हई और 2020 में दोस्ती हो गई। जब बेटे के लिए रिश्ते आने लगे तो मैंने अनूप से कहा कि अपना बेटा है, आपकी बेटी है, क्यों न दोस्ती को रिश्तेदारी में बदल लें। अनूप ने तुरंत हां कर दी। शिवानी MA-बीएड, आगे भी तैयारी कर रही शिवानी ने रोहतक के जाट कॉलेज से इंग्लिश ऑनर्स से MA किया है। इसके अलावा उन्होंने बीएड की। अब एमएड की तैयारी है। साथ ही UPSC की भी तैयारी कर रही हैं। सुभाष का कहना है कि शिवानी हमारी बहू ही नहीं बेटी जैसी है, वो जितना चाहे पढ़े। ————————— ये खबर भी पढ़ें :- ओलिंपियन पहलवान ने लग्न में सिर्फ चांदी का सिक्का लिया:झज्जर में 500Kg देसी घी से पकवान बनवाए झज्जर के रहने वाले ओलिंपियन पहलवान दीपक पूनिया कल, 3 फरवरी को विवाह के बंधन में बंधने जा रहे हैं। झज्जर शहर के धनखड़ फार्म हाउस में लग्न टीके (तिलक) का कार्यक्रम हुआ। दीपक के पिता सुभाष पूनिया ने बताया कि लंच में 500 लीटर देसी घी के अलग-अलग पकवान तैयार किए गए। पढ़ें पूरी खबर…

More From Author

चांदी ₹32 हजार महंगी, 2.68 लाख पहुंची:अमेरिका ने भारत पर टैरिफ 50% से घटाकर 18% किया, विदेश से ₹75,000 तक का सामान ड्यूटी-फ्री ला सकेंगे

जमीन कारोबारी बोला- दुकानदार पठान है, थूककर बेचते हैं:राजिम कुंभ में ID मांगा, गाली-गलौज, मारपीट की, कार में भाजपा नेता का नेमप्लेट लगाया था

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *