भारत में रविवार को साल का दूसरा और आखिरी चंद्रग्रहण लगेगा। यह पूर्ण ग्रहण यानी ब्लड मून होगा और इसे पूरे देश में कहीं से भी देखा जा सकेगा। साल 2022 के बाद भारत में दिखने वाला यह सबसे लंबा पूर्ण चंद्रग्रहण होगा। चंद्रग्रहण का नजारा रात करीब 10 बजे से 3 घंटे 28 मिनट तक चलेगा। इसमें से 82 मिनट पूर्ण चंद्रग्रहण रहेगा। इस दौरान पृथ्वी सूर्य और चांद के बीच आ जाएगी, जिससे चांद पर उसकी छाया पड़ेगी और चांद लाल-नारंगी रंग का दिखाई देगा। इसे ही ब्लड मून कहा जाता है। यह 27 जुलाई, 2018 के बाद पहली बार है जब ग्रहण को देश के सभी हिस्सों से देखा जा सकेगा। इसे सीधे आंखों से देखा जा सकता है। इसके लिए किसी चश्मे या फिल्टर की जरूरत नहीं है। हालांकि, दूरबीन या टेलिस्कोप से देखने पर इसे साफ देखा जा सकता है। ग्रहण दुनिया के कई हिस्सों में दिखाई देगा ग्रहण भारत, एशिया, पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया और यूरोप समेत दुनिया के कई हिस्सों में दिखाई देगा। विशेषज्ञों के अनुसार, एशिया और ऑस्ट्रेलिया में सबसे देर तक और सबसे अच्छा देखने को मिलेगा। वहां ग्रहण के समय चांद आसमान में ऊंचाई पर होगा। यूरोप और अफ्रीका में लोग इसे चांद निकलते समय थोड़े समय के लिए देख पाएंगे। अनुमान है कि दुनिया की करीब 77% आबादी पूरे ग्रहण को देख सकेगी। बैंकॉक में 12:30 से 1:52 बजे, बीजिंग और हांगकांग में 1:30 से 2:52 बजे, टोक्यो में 2:30 से 3:52 बजे और सिडनी में 3:30 से 4:52 बजे तक देखा जा सकेगा।
