गुजरात दौरे के दूसरे दिन पीएम नरेंद्र मोदी शुक्रवार को केवडिया में सुबह 8 बजे सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर पुष्प अर्पित करेंगे। इसके बाद उन्हें राष्ट्रीय एकता दिवस परेड की सलामी दी जाएगी। परेड में शामिल सभी टुकड़ियों का नेतृत्व महिला अफसर करेंगी। इस परेड में बीएसएफ, सीआईएसएफ, आईटीबीपी, सीआरपीएफ, एसएसबी समेत 16 टुकड़ियां हिस्सा लेंगी। परेड में ऑपरेशन सिंदूर में बीएसएफ के 16 पदक विजेता और सीआरपीएफ के 5 शौर्य चक्र विजेता भी शामिल होंगे। परेड का नेतृत्व हेराल्डिंग टीम के 100 सदस्य करेंगे, जबकि 9 बैंड टुकड़ियां और 4 स्कूल बैंड परेड में परफॉर्म करेंगे। गणतंत्र दिवस की तर्ज पर होगी परेड, 10 झांकियां होंगी
गुजरात के केवडिया में गणतंत्र दिवस पर होने वाली परेड की तरह ही राष्ट्रीय एकता परेड होगी। इसमें 10 झांकियां भी निकाली जाएंगी। इनमें NDRF, NSG, जम्मू-कश्मीर, अंडमान और निकोबार, पुडुचेरी, महाराष्ट्र, गुजरात, मणिपुर, छत्तीसगढ़ और उत्तराखंड की झांकियां शामिल होंगी। इस दौरान वायुसेना की सूर्यकिरण टीम फ्लाई पास्ट करेगी। NSG का हेल मार्च, CRPF और गुजरात पुलिस की महिला विंग राइफल ड्रिल, BSF का डॉग शो और असम पुलिस का मोटरसाइकिल स्टंट शो भी होगा। 15 दिन चलेगा भारत पर्व एकता नगर में 1 से 15 नवंबर तक स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के परिसर में भारत पर्व 2025 का आयोजन किया जाएगा। भारत पर्व के दौरान, भारत की समृद्ध विरासत और विविधता में एकता की भावना को प्रदर्शित करने वाले आयोजन होंगे। डैम व्यू पॉइंट 1 पर हर शाम दो राज्य अपनी सांस्कृतिक विशेषता से जुडे़ कार्यक्रम करेंगे। सरदार पटेल की 150वीं जयंती से जुड़े अपडेट्स के लिए ब्लॉग से गुजर जाइए…
