शौर्य चक्र विजेता की मां को पाकिस्तान डिपोर्ट किया:जम्मू-कश्मीर पुलिस के जवान मुदासिर 2022 में शहीद हुए थे; CRPF जवान की पत्नी भी जाएंगी

कश्मीर में रहने वाले 60 पाकिस्तानी नागरिकों को उनके देश से डिपोर्ट किया जा रहा है। इनमें शौर्य चक्र विजेता (मरणोंपरांत) जम्मू-कश्मीर पुलिस के शहीद जवान की मां और CRPF जवान की पाकिस्तान की रहने वाली पत्नी भी शामिल है। न्यूज एजेंसी PTI ने अधिकारियों के हवाले से बताया कि शहीद जवान मुदासिर अहमद शेख की मां शमीमा अख्तर पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) की रहने वाली हैं। वे 45 साल से उरी में रह रही थीं। अधिकारियों ने बताया कि इन 60 लोगों में से 36 लोग श्रीनगर, 9 बारामूला, 9 कुपवाड़ा, 4 बडगाम और 2 शोपियां जिले में रह रहे थे। मुदासिर के चाचा मोहम्मद यूनुस ने बताया- भाभी शमीमा जब 20 साल की थीं, तब उनकी शादी मेरे भाई मोहम्मद मकसूद से हुई थी। वे भी जम्मू-कश्मीर में थे। सरकार को केवल पाकिस्तानियों को ही डिपोर्ट करना चाहिए। PoK तो हमारा क्षेत्र है। यूनुस ने कहा कि मुदासिर की मौत के बाद गृह मंत्री अमित शाह भी पूरे परिवार से मिल चुके हैं। LG मनोज सिन्हा भी दो बार मुलाकात कर चुके हैं। सरकार को इनके डिपोर्ट पर विचार करना चाहिए। दरअसल, पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत सरकार ने पाकिस्तान से आए 14 वीजा होल्डर्स को 27 अप्रैल तक भारत छोड़ने के आदेश दिए थे। मेडिकल वीजा होल्डर्स के लिए 29 अप्रैल आखिरी तारीख है। शहीद मुदासिर से जुड़ी 4 तस्वीरें… 2023 में मुदासिर को मरणोपरांत शौर्य चक्र मिला था जम्मू-कश्मीर पुलिस में कॉन्स्टेबल मुदासिर अहमद शेख पुलिस के अंडरकवर ऑपरेटिव की टीम का हिस्सा थे। 25 मई 2022 को बारामूला में आतंकी ऑपरेशन के दौरान वे शहीद हुए थे। मुदासिर को मरणोपरांत शौर्य चक्र से सम्मानित किया गया था। मई 2023 में दिल्ली में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शमीमा को सम्मान दिया था। मोहम्मद यूनुस के मुताबिक भतीजे मुदासिर की याद में बारामूला शहर के मुख्य चौराहे का नाम शहीद मुदासिर चौक रखा गया है। कश्मीरी सैनिक की पाकिस्तानी पत्नी भी डिपोर्ट की जा रही केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के जवान मुनीर खान की पत्नी मीनल खान पाकिस्तान से हैं। मुनीर खान घरोटा इलाके के रहने वाले हैं। मंगलवार को वे अपनी पत्नी को लेकर अमृतसर के लिए रवाना हुए। यहां अटारी बॉर्डर के जरिए उनकी पत्नी को पाकिस्तान डिपोर्ट किया जाएगा। मीनल खान ने कहा- मुनीर से मेरी शादी ऑनलाइन हुई थी। हमें परिवार के साथ रहने की परमिशन दी जाए। हम हमले में निर्दोष लोगों की बर्बर हत्या की निंदा करते हैं। आतंकियों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए। ………………………………

More From Author

छत्तीसगढ़ इवनिंग बुलेटिन:लिफ्ट से गिरकर मौत; अवैध प्रवासियों की सर्चिंग; नाबालिग से बैगा ने रेप किया; VIDEO में 10 बड़ी खबरें

बजाज फाइनेंस का मुनाफा 17% बढ़कर ₹4,480 करोड़ हुआ:चौथी तिमाही में रेवेन्यू 24% बढ़ा; कंपनी ₹12 का स्पेशल और ₹44 का फाइनल डिविडेंड देगी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *